स्टेडियम के विकास के नाम पर मनमानी कर रही स्मार्ट सिटी कंपनी

सिकंदरपुर स्थित पंडित नेहरू स्टेडियम के विकास के नाम पर स्मार्ट सिटी कंपनी मनमानी कर रही है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 01 Nov 2021 01:16 AM (IST) Updated:Mon, 01 Nov 2021 01:16 AM (IST)
स्टेडियम के विकास के नाम पर मनमानी कर रही स्मार्ट सिटी कंपनी
स्टेडियम के विकास के नाम पर मनमानी कर रही स्मार्ट सिटी कंपनी

मुजफ्फरपुर : सिकंदरपुर स्थित पंडित नेहरू स्टेडियम के विकास के नाम पर स्मार्ट सिटी कंपनी मनमानी कर रही है। कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रेय खिलाड्यिों एवं खेल संगठनों को भ्रमित कर रहे हैं। अब खिलाड़ी एवं खेल संगठन इसे बर्दास्त नहीं करेंगे, बल्कि सड़क से लेकर न्यायालय तक अपनी आवाज बुलंद करेंगे। रविवार को सिकंदरपुर स्थित पंडित नेहरू स्टेडियम में जिला खेल समन्वय समिति की बैठक में ये बातें कही गईं।

बैठक में कहा गया कि प्रबंध निदेशक स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट मुजफ्फरपुर की ओर से लगातार समाचार पत्रों के माध्यम से भ्रम फैलाने का कार्य किया जा रहा है। आरंभ में उत्तर बिहार का अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम बनाने का दावा किया गया, जिसकी क्षमता पांच हजार दर्शकों की होगी। क्या पांच हजार दर्शकों की क्षमता वाले स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय दर्जा मिलता है। शुरू में कहा गया कि नेहरू स्टेडियम में एथलेटिक्स का सिथेटिक ट्रैक व बीच में मैदान बनेगा। इसपर अन्य खेलों का आयोजन हो सकेगा। बाद में कहा गया कि स्टेडियम में केवल क्रिकेट मैदान बनेगा। सिथेटिक ट्रैक व हाकी मैदान एलएस कालेज में बनेगा। फिर कहा गया कि खुदीराम बोस मैदान का जीर्णोद्धार होगा, अब कहा जा रहा है कि केवल मिट्टी भरने का कार्य किया जाएगा। समाचार पत्रों में बार-बार बदलते बयान तथा खेल संघों के साथ औपचारिक बैठक करने से बचना यह दर्शाता है कि स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में खेलों के लिए कुछ भी अच्छी खबर नहीं है। ये लोग स्वार्थवश व अपने निजी फायदे के लिए शहर की वर्तमान खेल संरचना को बर्बाद करने में लगे हैं। मौके पर समन्वय समिति के अध्यक्ष डा. फिरोजुद्दीन फैज, बास्केटबाल संघ के सचिव अखिलेश प्रसाद मनी, हाकी संघ के सचिव मो. शोएब, कबड्डी संघ के अवधेश कुमार, रमेश कुमार, मो. जहांगीर, शेताब खान थे।

chat bot
आपका साथी