कोविड टीकाकरण में शिवहर सूबे में अव्वल, इस तरह पाई सफलता

आबादी के हिसाब से 45 वर्ष से अधिक उम्र के टीकाकरण में मिला पहला स्थान। यहां एक लाख 60 हजार 369 के लक्ष्य के विरुद्ध 54 हजार 754 लोगों का वैक्सीनेशन हो चुका है। इस आयुवर्ग में 34.1 फीसद का टीकाकरण हो चुका है।

By Ajit KumarEdited By: Publish:Sat, 05 Jun 2021 11:44 AM (IST) Updated:Sat, 05 Jun 2021 11:44 AM (IST)
कोविड टीकाकरण में शिवहर सूबे में अव्वल, इस तरह पाई सफलता
जिले में सभी फ्रंटलाइन वारियर्स का टीकाकरण हो चुका है। इसमें 2355 लोग थे।

शिवहर, [ नीरज]। आबादी के हिसाब से 45 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के कोविड टीकाकरण में शिवहर सूबे में अव्वल है। यहां एक लाख 60 हजार 369 के लक्ष्य के विरुद्ध 54 हजार 754 लोगों का वैक्सीनेशन हो चुका है। इस आयुवर्ग में 34.1 फीसद का टीकाकरण हो चुका है। दूसरे स्थान पर सिवान, तीसरे पर पूर्णिया और चौथे पर राजधानी पटना है। सबसे बड़ी बात यह है कि जिले में सभी फ्रंटलाइन वारियर्स का टीकाकरण हो चुका है। इसमें 2355 लोग थे। सभी सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को टीका लग चुका है। इनकी संख्या 5500 है। इन लोगों ने वैक्सीन की दूसरी डोज भी ले ली है। जिले में अबतक 17 हजार 299 लोगों को दूसरी डोज दी जा चुकी है।

82 हजार, 300 का हो चुका वैक्सीनेशन

शिवहर में अबतक कुल 82 हजार 300 लोगों का वैक्सीनेशन हो चुका है। इनमें 10 हजार 84 युवा भी शामिल हैं। साढ़े छह लाख की आबादी वाले जिले में तीन लाख 26 हजार 77 लोगों की कोरोना जांच हुई है। कुल संक्रमितों की संख्या चार हजार 369 है। इनमें 169 केस एक्टिव रह गए हैं। यहां रिकवरी रेट 96 फीसद है। कोरोना की दूसरी लहर में 16 की मौत हुई है। इसका फीसद 0.4 है। इस मामले में खगडिय़ा और सुपौल के साथ शिवहर संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर है।

उत्तर बिहार के अन्य जिलों का यह है हाल

उत्तर बिहार के अन्य जिलों की बात करें तो 11वें स्थान पर दरभंगा 27 फीसद, 17वें स्थान पर समस्तीपुर 24.2 फीसद, 22वें स्थान मधुबनी 23.3 फीसद, 28वें स्थान पर सीतामढ़ी 21.8 फीसद, 30वें स्थान पर पूर्वी चंपारण 21.6 फीसद, 34वें स्थान पर मुजफ्फरपुर 18.9 और 36वें स्थान पर पश्चिम चंपारण में 17.2 फीसद टीकाकरण हुआ है।

टीकाकरण और जांच पर फोकस

सिविल सर्जन डॉ. आरपी सिंह बताते हैं कि इस साल 15 फरवरी के बाद शिवहर कोरोना मुक्त हो गया था। इसके बाद आई दूसरी लहर ने काफी कहर बरपाया। फिलहाल हमारा फोकस टीकाकरण और जांच पर है। कोरोना जांच वैन और टीकाकरण एक्सप्रेस गांव-गांव पहुंच रही है। धीरे-धीरे कोरोना को मात दे रहे हैं। शिवहर डीएम सज्जन राजशेखर ने कहा कि 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के टीकाकरण में जिले ने सूबे में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। यह शिवहर जैसे छोटे जिले के लिए बड़ी उपलब्धि है।

सूबे में जिले की आबादी के हिसाब से 45 वर्ष से अधिक उम्र का टीकाकरण

जिला - फीसद - लक्ष्य- उपलब्धि

शिवहर : 34.1 : 160369: 54654

सिवान : 32.7: 853467 : 277187

पूॢणया : 32.2 : 679669 : 222217

पटना: 32.1 : 1451190 : 465151

नालंदा : 30.8 : 703431 : 216342

बेगुसराय : 29.7 : 652604: 193956

भागलपुर : 29.5 : 703871: 207493

सहरसा : 29.0 : 419062 : 121390

सारण : 27.1 :1005592 : 272429

शेखपुरा : 26.7 :148786 : 39657

नोट : आंकड़े एक जून, 2021 तक के।  

chat bot
आपका साथी