शिवहर पंचायत, मुखिया चुनाव 2021: मतदान पूर्व फायरिंग और बूथों पर हल्की झड़प के बीच तरियानी में 15 प्रतिशत मतदान

शिवहर पंचायत मुखिया चुनाव 2021 सोनबरसा पंचायत में प्रत्याशियों के दो गुटों के बीच झड़प। नक्सली गढ़ माने जाने वाले तरियानी दक्षिणी की आठ सीटों पर मतदान जारी। तरियानी बूथ संख्या चार पर एक प्रत्याशी विशेष के पक्ष में मतदान का दबाव बनाने पर हंगामा।

By Ajit KumarEdited By: Publish:Wed, 08 Dec 2021 01:12 PM (IST) Updated:Wed, 08 Dec 2021 01:12 PM (IST)
शिवहर पंचायत, मुखिया चुनाव 2021: मतदान पूर्व फायरिंग और बूथों पर हल्की झड़प के बीच तरियानी में 15 प्रतिशत मतदान
पुलिस अपने स्तर से जांच कर रही है। फोटो- जागरण

शिवहर, जासं। जिले की तरियानी प्रखंड की आठ पंचायतों में बुधवार को अंतिम चरण के लिए मतदान जारी है। सुबह दस बजे तक 13.44 फीसद मतदान की खबर है। सुबह से ही बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगी हुई है। नक्सली गढ़ माने जाने वाले इस इलाके में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए है। हालांकि, मतदान के पूर्व मंगलवार की रात सोनबरसा पंचायत के सोनबरसा गांव में पंचायत समिति सदस्य पद के प्रत्याशियों के बीच झड़प हुई। दोनों पक्ष से फायरिंग भी हुई। दोनों प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच भी जमकर मारपीट हुई। हालांकि, इस संबंध में किसी भी पक्ष ने थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई है। इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष शोभाकांत पासवान ने बताया कि पुलिस को झड़प और फायरिंग की सूचना मिली है। किसी ने शिकायत दर्ज नहीं कराई है। पुलिस अपने स्तर से जांच कर रही है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।

उधर, तरियानी बूथ संख्या चार पर बुधवार की सुबह एक प्रत्याशी विशेष के पक्ष में मतदान का दबाव बनानेके विरोध में प्रत्याशी व उनके समर्थकों ने हंगामा किया। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे एसडीओ मो. इश्तियाक अली अंसारी और एसडीपीओ संजय कुमार पांडेय ने स्थिति नियंत्रित की। वहीं उपद्रवियों को खदेड़कर भगाया। नरवारा गांधी पुस्तकालय स्थित बूथ संख्या 191 पर प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच भी झड़प हुई। सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष रघुनाथ प्रसाद और शिवहर बीडीओ राकेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर उपद्रवियों को पुलिस बल की मदद से खदेड़कर भगवाया। साथ ही स्थिति नियंत्रित की। बताते चलें कि बुधवार को शिवहर जिले के नक्सल प्रभावित तरियानी प्रखंड की आठ सीटों के लिए मतदान जारी है। दो चलंत समेत 116 बूथों पर प्रशासनिक व्यवस्था के बीच मतदान हो रहा है। जिला परिषद की एक, मुखिया और सरपंच के आठ-आठ, पंसस के दस, वार्ड सदस्य व पंच के 114-114 पदों के लिए 974 प्रत्याशी मैदान में है। स्वच्छ, निष्पक्ष, भयमुक्त और शांतिपूर्ण मतदान के लिए जिला प्रशासन द्वारा 61 पेट्रोलिंग,08 स्ट्राइकिंग सेक्टर, 04 जोनल और 02 सुपर जोनल मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की है। इसके अतिरिक्त सभी सुपर जोनल तथा व मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस पदाधिकारी तथा स्ट्राइकिंग फ़ोर्स दिए गए हैं। जो किसी भी गड़बड़ी करने वाले तत्वों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई करेंगे। उधर,नक्सली गढ़ माने जाने वाले तरियानी दक्षिणी में मतदान का उत्साह दिख रहा है। सभी बूथों पर मतदाताओं की कतार लगी है। यहां भी पुरुषों की अपेक्षा महिलाओं की भीड़ ज्यादा है। बूथ से लेकर सड़क तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम है।वरीय अधिकारियों की टीम लगातार बूथों का निरीक्षण कर रही है। क्यूआरटी की टीमें लगातार गश्त लगा रही है।सभी बूथों पर मतदान से पहले कोरोना टीकाकरण की व्यवस्था है।

chat bot
आपका साथी