दिल्ली के प्रतापनगर अगलगी हादसे में शिवहर के मजदूर की मौत

दिल्ली के आजाद मार्केट स्थित कॉस्मेटिक कंपनी में शनिवार को केमिकल रिसाव से आग लग गई। इसमें शिवहर जिले के सुरगाही गांव निवासी 22 वर्षीय पुत्र उपचन कुमार की जलकर मौत हो गई। हालांकि शव के बुरी तरह जले होने के कारण अभी उसकी स्पष्ट शिनाख्त नहीं हुई है।

By Vinay PankajEdited By: Publish:Sat, 27 Feb 2021 08:20 PM (IST) Updated:Sat, 27 Feb 2021 08:20 PM (IST)
दिल्ली के प्रतापनगर अगलगी हादसे में शिवहर के मजदूर की मौत
उपचन कुमार की मौत पर विलाप करते स्वजन (जागरण)

शिवहर जागरण संवाददाता। देश की राजधानी दिल्ली के प्रतापनगर आजाद मंडी स्थित एक कॉस्मेटिक कंपनी में लगी आग में जलकर शिवहर के एक मजदूर की मौत हो गई। इस हादसे में दो अन्य मजदूर जख्मी हो गए। जख्मियों का का इलाज दिल्ली के एक अस्पताल में किया जा रहा है। मृतक की पहचान शिवहर जिले के तरियानी थाना क्षेत्र के सुरगाही गांव निवासी राजा साह के पुत्र उपचन कुमार (22) के रूप में हुई है। हालांकि, शव के पूरी तरह जले होने के कारण मृतक की स्पष्ट पहचान नहीं हो सकी है। शव की पहचान के लिए दिल्ली पुलिस के बुलावे पर राजा साह शनिवार की शाम दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। बताया गया है कि मृतक की शिनाख्त के लिए शव का डीएनए टेस्ट किया जाएगा।

इधर, उपचन कुमार की मौत की खबर के बाद गांव में कोहराम मच गया है। स्वजनों का रो -रो कर बुरा हाल है। जबकि, घायल सुरगाही निवासी सुशील कुमार और भूषण सहनी के स्वजन भी चिंतित हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक सुरगाही निवासी उपचन कुमार, सुशील कुमार और भूषण सहनी पिछले कई साल से दिल्ली में रहते हैं। तीनों दिल्ली के गुलजार बाजार आजाद मार्केट स्थित कॉस्मेटिक कंपनी में मजदूरी करते थे। शनिवार को उक्त कंपनी में केमिकल रिसाव से अचानक आग लग गई। अफरातफरी के बीच तकरीबन 40 मजदूर भाग निकले। घंटों प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान कई मजदूर जख्मी हो गए। घटना में जख्मी सुरगाही निवासी सुशील कुमार और भूषण सहनी ने शनिवार को मोबाइल पर काल कर राजा साह और पंचायत के मुखिया मो. तारा को बताया कि, हादसे में उपचन कुमार की मौत हो गई हैं। इसके बाद स्वजनों में कोहराम मच गया। पंचायत के मुखिया ने दिल्ली में रह रहे अपने स्वजन से गुलजार बाजार थाना का नंबर लेकर पुलिस अधिकारी से बात की। जहां पुलिस अधिकारी ने एक युवक की जलकर मौत की पुष्टि की। वहीं बताया कि शव पूरी तरह जल चुका हैं। इसके चलते मृतक की पहचान नही हो सकी है। हालांकि, घायलों के दावे के बाद पुलिस ने देर शाम उपचन कुमार के पिता को दिल्ली बुलाया। इसके बाद उपचन कुमार के पिता राजा साह दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं।

बताते चलें कि, उपचन कुमार चार भाई और एक बहन में सबसे बड़ा था। उस पर पूरे परिवार की जिम्मेदारी थी। घटना के बाद स्वजन बदहवास हैं। दिल्ली रवाना होने से पहले राजा साह ने कहा कि, फैक्ट्री में काम करने वाले सुशील और भूषण का दावा है कि उपचन की मौत आग से जलकर हो गई हैं। घटना के बाद से उपचन का कोई पता नहीं चल पाया है। शव पूरी तरह जल गया हैं। पहचान के लिए वह दिल्ली जा रहे हैं। 

chat bot
आपका साथी