आंगनबाड़ी केंद्र बंद, सेविका गायब, योजना की पंजी अधूरा

आंगनबाड़ी केंद्रों पर सेविकाओं की मनमानी चलती है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 05 Dec 2021 01:37 AM (IST) Updated:Sun, 05 Dec 2021 01:37 AM (IST)
आंगनबाड़ी केंद्र बंद, सेविका  गायब, योजना की पंजी अधूरा
आंगनबाड़ी केंद्र बंद, सेविका गायब, योजना की पंजी अधूरा

मुजफ्फरपुर : आंगनबाड़ी केंद्रों पर सेविकाओं की मनमानी चलती है। उनकी मर्जी से केंद्र खुलते और बंद होते हैं। लाभुकों को योजनाओं का लाभ एवं सामुदायिक गतिविधियां भी उनकी मर्जी की मोहताज है। शनिवार को आइसीडीएस की जिला प्रोग्राम अधिकारी चादनी सिंह व एनएनएम की जिला समन्वयक सुषमा सुमन जब औचक निरीक्षण में कई केंद्र पहुंची तो ये हकीकत सामने आई। मड़वन, सरैया एवं पारू के केंद्रों के निरीक्षण में कई गड़बड़ी मिली। सरैया का केंद्र संख्या 235 बंद पाया गया। मड़वन के केंद्र संख्या 91 पकड़ी पकोही में सेविका रेखा कुमारी द्वारा 15 नवंबर से लागू नए मेन्यू के मुताबिक पोषाहार दिया जा रहा था। रजिस्टर भी अधूरा पाया गया। महिला पर्यवेक्षिका नेहा शर्मा द्वारा एक साल से केंद्र का निरीक्षण नहीं करने का मामला भी सामने आया। टीकाकरण पंजी जुलाई के बाद अद्यतन नहीं मिली। गोदभराई, अन्नप्रासन जैसे सामुदायिक गतिविधिया का भी आयोजन विगत माह से नहीं कराने का मामला सामने आया। वजन मशीन एवं खिलौना सेविका के घर में पाया गया है। सेविका से राशि वसूली करते हुए महिला पर्यवेक्षिका का मानदेय कटौती का भी आदेश डीपीओ ने दिया। सरैया केंद्र संख्या 235 ,वार्ड 10 पंचायत मानिकपुर पूर्णत: बंद पाया गया। सेविका-सहायिका अनुपस्थित पाई गई। सेविका को नियमानुसार चेतावनी के साथ राशि वसूली करते हुए कार्यवाही करने का निर्देश सीडीपीओ को दिया गया। सहायिका एवं महिला पर्यवेक्षिका के विरुद्ध भी कार्यवाही का आदेश दिया गया। पारू में केंद्र में 263 लालू छपरा में सेविका केंद्र पर उपस्थित थी एवं नामांकित 21 बच्चों में 17 उपस्थित थे। सहायिका 12 माह से अनुपस्थित है। महिला पर्यवेक्षिका रूबी कुमारी द्वारा निरीक्षण के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की गई है। गृह भ्रमण सेविका द्वारा नहीं किया जा रहा है। एक ही गर्भवती महिला की लगातार दो माह से गोदभराई की खानापूर्ति की जा रही है। संबंधित महिला पर्यवेक्षिका के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी तथा सहायिका की चयनमुक्ति की कार्यवाही की जाएगी। सेविका से गोदभराई की राशि भी वसूल की जाएगी।

chat bot
आपका साथी