समस्तीपुर पंचायत, मुखिया चुनाव रिजल्‍ट: विभूतिपुर प्रखंड के 3295 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करने को गिनती शुरू

Samastipur Panchayat Chunav Result प्रखंड के बाजितपुर बम्बैया पंचायत से मुखिया पद पर सुशील चौधरी 1683 मत हासिल कर जीत हासिल किया। परिणाम की घोषणा होते ही जश्न मनाने का क्रम शुरू हो गया है। विजयी प्रत्याशी के समर्थक मिठायां बांट रहे हैं।

By Ajit KumarEdited By: Publish:Fri, 22 Oct 2021 08:52 AM (IST) Updated:Fri, 22 Oct 2021 11:09 AM (IST)
समस्तीपुर पंचायत, मुखिया चुनाव रिजल्‍ट: विभूतिपुर प्रखंड के 3295 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करने को गिनती शुरू
मोरदीवा स्थित महिला आइटीआइ कॉलेज को बनाया गया है मतगणना केन्द्र।

समस्तीपुर, जासं। चौथे चरण में होने वाले विभूतिपुर प्रखंड पंचायत चुनाव की मतगणना के परिणाम आने शुरू हो गए हैं। विभूतिपुर प्रखंड के भरपुरा पंचायत से मुखिया पद पर भगवान साह 2309 मत प्राप्त कर जीत हासिल किया। वहीं प्रखंड के बाजितपुर बम्बैया पंचायत से मुखिया पद पर सुशील चौधरी 1683 मत हासिल कर जीत हासिल किया। परिणाम की घोषणा होते ही जश्न मनाने का क्रम शुरू हो गया है। विजयी प्रत्याशी के समर्थक मिठायां बांट रहे हैं। कुछ ने तो मतगणना स्थल से ही विजयी जुलूस निकालना आरंभ कर दिया है। मतगणना केंद्रों पर गहमागहमी का माहौल है।

इस चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रहे बचे प्रत्‍याश‍ियों की किस्मत का फैसला अब कुछ ही देर में हो जाएगा। मतदाताओं ने किसके सिर पर ताज रखा, यह स्पष्ट हाे जाएगा। प्रशासन की ओर से इसको लेकर पूरी तैयारी की गई है। मोरदीवा स्थित महिला आईटीआई कॉलेज में बनाए गए मतगणना केन्द्र में एक साथ अलग-अलग पदों की मतगणना हो रही है। जिला परिषद सदस्य, मुखिया, सरपंच और पंचायत समिति सदस्य के लिए 14-14 टेबल बनाए गए हैं। ईवीएम के माध्यम से इस बार चार पदों के लिए चुनाव कराया गया है। जबकि दो पदों का चुनाव बैलेट पेपर के जरिए हुआ है। ऐसे में ईवीएम से कराए गए जिला परिषद सदस्य, मुखिया, पंचायत समिति सदस्य और वार्ड सदस्य की मतगणना में ज्यादा वक्त नहीं लगेगा। उम्मीद की जा रही है कि देर शाम तक सारे परिणाम आ जाएंगे। दो पंचायतों के सरपंच का भी एक साथ मतगणना होगी। ऐसे में सरंपच का सभी चुनाव परिणाम देर शाम तक आ जाने की उम्मीद है।

जोड़ घटाव में जुटे हैं प्रत्याशी और उनके समर्थक

विभूतिपुर प्रखंड के पंचायत चुनाव के बाद क्षेत्र में आपसी सौहार्द बरकरार है। आम लोग इसे बड़ी सामाजिक उपलब्धि के रूप में देख रहे हैं। शुक्रवार को मतगणना के बाद ही पता चलेगा कि पंचायत चुनाव का ताज किसके सिर पर सजेगा और कौन ताज से बेताज हो जाएगा। बदलाव की आहट से कुछ प्रसन्न तो कुछ परेशान हैं। ताज की आस में आंखों की नींद गायब है। मतदान के बाद उम्मीदवारों का जोड़- घटाव लगातार चल रहा है। लेकिन उससे संतुष्टि नहीं हो पा रही है। चुनाव परिणाम पक्ष में आने को लेकर मन्नतें मांगी जा रही है। अपने आस्था के अनुसार कोई मंदिरों की सीढ़ियां चढ़ रहा है तो कोई मस्जिदों एवं मजारों पर दुआ मांग रहा है। इस सबसे इतर बिंदास लोगों की महफिल है। जहां चुनाव परिणाम को लेकर ठहाके भी गूंज रहे हैं। कहीं- कहीं जीत हार को लेकर आपस में बाजी भी लग रही है। जीत हार की बाजी चाय समोसे से लेकर इससे ऊपर तक जा रही है। लेकिन लंबी बोली लगाने से सब बचते नजर आ रहे हैं। बहरहाल, एक अनार, सौ बीमार लाइन में हैं। देखना दिलचस्प रहेगा कि वह किसे मिलता है। 

chat bot
आपका साथी