गिरफ्तारी के विरोध में रौतिनियिा में सड़क जाम

करजा थाना क्षेत्र के रौतिनिया में शनिवार की रात कचरा डंपिंग स्थल से एक ग्रामीण को गिरफ्तार करने से आक्रोशित लोगों ने रविवार को रौतिनिया पोखर के समीप एनएच 722 को जाम कर दिया।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 28 Jun 2020 06:29 PM (IST) Updated:Sun, 28 Jun 2020 06:29 PM (IST)
गिरफ्तारी के विरोध में रौतिनियिा में सड़क जाम
गिरफ्तारी के विरोध में रौतिनियिा में सड़क जाम

मुजफ्फरपुर : करजा थाना क्षेत्र के रौतिनिया में शनिवार की रात कचरा डंपिंग स्थल से एक ग्रामीण को गिरफ्तार करने से आक्रोशित लोगों ने रविवार को रौतिनिया पोखर के समीप एनएच 722 को जाम कर दिया। इस दौरान लोगों ने बीच सड़क पर टायर जलाकर प्रदर्शन किया। वहीं, जमकर प्रशासन विरोधी नारेबाजी की। तेज बारिश के बावजूद भी लोग सड़क पर डटे रहे। लोगों का कहना था कि जब पूर्व मंत्री से डीएम को सोमवार को वार्ता करने की बात हो गई तो फिर बीच में रात के अंधेरे में कचरा क्यों गिराया जा रहा है। इस दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल की भी तैनाती की गई थी। इस बीच शौच को आए ग्रामीण सुरेंद्र महतो को गिरफ्तार कर लिया गया। लोग तुरंत बिना शर्त उसकी रिहाई की माग कर रहे थे। हालाकि प्रशासन द्वारा विधि व्यवस्था के दौरान गिरफ्तारी की बात कही गई। इधर, सड़क जाम के कारण सड़क के दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान सीओ मृत्युंजय कुमार व बुद्धिजीवियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। ग्रामीणों का कहना था कि जबतक प्रशासन गिरफ्तार सुरेंद्र महतो को नहीं छोड़ता, हमलोग जाम नहीं हटाएंगे। लोगों ने जाम के दौरान गाड़ी निकालने की कोशिश कर रहे लोगों को खदेड़ दिया। इस दौरान लगभग पाच घंटे तक सड़क जाम रहा। चार बजे एसडीओ पश्चिमी अनिल कुमार दास , नगर आयुक्त मनेश कुमार मीणा, सरैया एसडीपीओ राजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में जिले से बड़ी संख्या में पुलिस बल ने मौके पर पहुंच सड़क जाम समाप्त कर दिया। आरोप है कि पुलिस बल ने जमकर लाठी चटकाई। मौके से सोनू कुमार ओझा, पप्पू बैठा ,शिवजी पासवान व किशोरी राय को गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में एसडीओ पश्चिमी अनिल कुमार दास ने बताया कि सड़क जाम हटाने के लिए हल्का बल प्रयोग किया गया है। इस दौरान शनिवार की रात एक और रविवार को चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही कुछ लोगों को चिह्नित किया गया है जिनपर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि सरकारी कार्य में बाधा डालने वाले के खिलाफ हरहाल में सख्त कार्रवाई की जाएगी। उक्त स्थल नगर निगम की जमीन है जिसपर कूड़ा डंपिंग किया जा रहा है। इसका विरोध ग्रामीणों द्वारा किया जा रहा है जो गलत है।

chat bot
आपका साथी