मधुबनी में सड़क हादसा, बाइक-कार की टक्कर में तीन की मौत; ऐसे हुई दुर्घटना

एनएच 57 पर बाइक व कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में एक महिला सहित दो लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

By Ajit KumarEdited By: Publish:Mon, 03 Aug 2020 01:46 PM (IST) Updated:Mon, 03 Aug 2020 05:08 PM (IST)
मधुबनी में सड़क हादसा, बाइक-कार की टक्कर में तीन की मौत; ऐसे हुई दुर्घटना
मधुबनी में सड़क हादसा, बाइक-कार की टक्कर में तीन की मौत; ऐसे हुई दुर्घटना

मधुबनी, जेएनएन। लौकही थाना क्षेत्र के नवटोली गांव के समीप एनएच-57 पर एक चार चक्का वाहन व बाइक की टक्कर में तीन बाइक सवार की मौत हो गई। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि बाइक पर सवार बेलहा मझौरा गांव निवासी 55 वर्षीय जीवछी देवी एवं 14 वर्षीय आनंद मंडल की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। वहीं, तीसरे बाइक सवार 22 वर्षीय जीतेंद्र मंडल का इलाज के क्रम में फुलपरास चिकित्सालय में मौत हो गई। मृत महिला रक्षाबंधन के मौके पर अपने मायके नवटोली जा रही थी।

 एनएच-57 पर नवटोली चौक पर सड़क पार कर रहे थे कि पीछे से आती तेज रफ्तार चार चक्का वाहन ने ठोकर मार दी। ग्रामीणों ने गंभीर रूप से जख्मी जीतेंद्र मंडल को आनन-फानन में फुलपरास चिकित्सालय पहुंचाया, लेकिन उसने भी वहां दम तोड़ दिया। तीनों शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चार चक्का वाहन को पुलिस ने जब्त कर लिया है। चालक फरार होने में सफल रहा। थानाध्यक्ष ने बताया कि कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

अज्ञात वाहन की ठोकर से  विक्षिप्त की मौत 

सकरी चौक स्थित एनएच-57 के ओवरब्रिज पर शनिवार की देर रात अज्ञात वाहन की ठोकर से एक विक्षिप्त की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार शनिवार की रात लगभग 11 बजे दरभंगा से झंझारपुर की ओर जा रहे किसी अज्ञात वाहन ने सकरी चौक के ओवरब्रिज पर भटक रहे विक्षिप्त युवक को बुरी तरह कुचल डाला। सूचना मिलते ही सकरी थानाध्यक्ष अशोक कुमार पुलिस बल के संग घटनास्थल पर पहुंचे।विक्षिप्त की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। मृतक की उम्र लगभग 40 वर्ष के आसपास है। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी भेज दिया। थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि स्थानीय लोगों के अनुसार उक्त मृतक पूरी तरह से विक्षिप्त था। 

chat bot
आपका साथी