पर्यावरण संरक्षण का संकल्प, पौधों का निशुल्क वितरण

निशुल्क पौधा वितरण पर खर्च का रानी झा की टोली में शामिल लोग वहन करते हैं। मधुबनी के पंडौल बाजार निवासी रानी ने महिलाओं व पुरुषों की एक दर्जन टोलियां बना रखी हैं। टोलली किसी भी पर्व-त्योहार या मांगलिक कार्यों के मौके पर पौधों का वितरण करती है।

By Dharmendra Kumar SinghEdited By: Publish:Sat, 23 Jan 2021 04:26 PM (IST) Updated:Sat, 23 Jan 2021 04:26 PM (IST)
पर्यावरण संरक्षण का संकल्प, पौधों का निशुल्क वितरण
मधुबनी में पौधा वितरण करतीं रानी झा । जागरण
मधुबनी { राजीव रंजन झा } । पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिए रानी झा लोगों में पौधों का वितरण कर रही हैं। वर्ष 2016 से अब तक करीब 15 हजार पौधे बांट चुकी हैं। मधुबनी के पंडौल बाजार निवासी रानी ने इस कार्य के लिए महिलाओं व पुरुषों की एक दर्जन टोलियां बना रखी हैं। टोलली किसी भी पर्व-त्योहार या मांगलिक कार्यों के मौके पर पौधों का वितरण करती है। टीम के सदस्य समय-समय पर पौधों की मॉनिटरिंग भी करते हैं। इस कार्य में होने वाले खर्च का वहन रानी झा की टोली में शामिल लोग आपसी सहयोग से करते हैं। इस कार्य के लिए उनके नेतृत्व में रियल राइट्स ऑफ ह्यूमन नाम संस्था का वर्ष 2018 में रजिस्ट्रेशन कराया गया है।
 
15 हजार पौधा कर चुकी निश्शुल्क वितरण :
रानी झा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में आगे बढ़ रही है। एक लाख पौधा वितरण के संकल्प को पूरा करने के लिए दर्जन भर महिला व पुरुषों की टोली बना रखी है। टोली द्वारा किसी भी पर्व-त्योहार के अलावा मांगलिक कार्यों के मौके पर पौधो का वितरण कया जाता है। टोली के लोग आपसी सहयोग से इस अभियान का खर्च निकालते हैं।
 
पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ मानव सेवा भी :
पर्यावरण संरक्षण के लिए रानी झा के नेतृत्व में रियल राइट्स ऑफ ह्यूमन नामक संस्था का रजिस्ट्रेशन हो चुका है। इस संस्था को अब तक सरकारी स्तर पर किसी भी तरह का सहयोग नहीं मिला है। इनके द्वारा पौधारोपण के अलावा ठंड के दिनों में लोगों के बीच निश्शुल्क कपड़े का वितरण, प्राकृतिक आपदा के समय राहत वितरण सहित अन्य समाज सेवा कार्य किया जा रहा है। कोरोना काल में इनके द्वारा बड़ी संख्या में लोगों तक आवश्यक वस्तुओं का निशुल्क वितरण किया गया।
 
100 गांव के लोगों के बीच पौधा वितरण का लक्ष्य :
रानी झा ने सकरी के सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल परिसर में पौधारोपण करते हुए 50 से अधिक पौधे लगाए। सकरी रेलवे स्टेशन परिसर में डेढ़ सौ पौधा लगाया गया। इनके द्वारा मधुबनी व दरभंगा जिले के नजरा, मनीगाछी, मकरंदा कन्हौली, बेहटा, पठान कवइ, भालपट्टी, टटुआर, सागरपुर, नवहथ, गंधवारि, राघोपुर बलाट सहित अन्य गांवों के लोगों के बीच पौधा वितरण किया गया है। रानी झा ने बताया कि मधुबनी व दरभंगा जिले के 100 गांव के लोगों के बीच पौधा वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
 
बच्चों के समान करते पौधों की देखभाल :
रानी झा से निशुल्क पौधा प्राप्त करने वालों में राम सागर सदाय, सरोज दास, लक्ष्मण पासवान, घनश्याम झा, राजेश  कुमार झा मोहन, प्रकाश चंद्र मिश्र पप्पू, गुड़िया देवी, प्रकाश महतो गुड्डू, विकास झा, विकास विक्की कुमार, सरयुग दास, कन्हैया झा, शुभम झा, रूपेश मंडल, अरविंद कुमार, मुकेश चौधरी बच्चू, प्रशांत पप्पू, संगीता देवी, सरस्वती देवी, हसबुल,  रंजीत साहू, विकास साहू सहित अन्य लोग शामिल हैं। पौधा प्राप्त करने वालों ने बताया कि निशुल्क प्राप्त पौधों की बच्चों के समान देखभाल करते हैं। पौधों की देखभाल से पौधारोपण के प्रति रूझान बढ़ने से अब खुद भी लोगों के बीच पौधों का वितरण करते हैं।
 
जीविका की महिलाएं व छात्र-छात्राओं को निशुल्क पौधे :
मिथिला वन प्रमंडल पदाधिकारी चंचल प्रकाशम ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में रानी झा द्वारा निशुल्क पौधा वितरण, पौधारोपण और उसके देखभाल के प्रति जागरूकता के प्रयास की जितनी भी सराहना की जाएगी कम होगी। अन्य लोगों को भी रानी झा से प्रेरणा लेकर पौधारोपण के क्षेत्र में आगे आना चाहिए। वन विभाग द्वारा वर्ष 2021 में राज्य में पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। लोगों को इसका लाभ उठाना चाहिए। सरकारी, गैर सरकारी संस्थानों के परिसर या फिर अन्य जगहों पर पौधारोपण करने वालों को वन विभाग द्वारा जीविका की महिलाएं व छात्र-छात्राओं को निशुल्क पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे।
chat bot
आपका साथी