लॉकडाउन में भीड़ से जाम की समस्या, पुलिस ने खदेड़ भगाया

सरकार व प्रशासन के लाख कोशिश के बाद भी मड़वन प्रखंड क्षेत्र के कई जगहों पर लॉकडाउन सफल होता नहीं दिख रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 07 May 2021 01:12 AM (IST) Updated:Fri, 07 May 2021 01:12 AM (IST)
लॉकडाउन में भीड़ से जाम की समस्या, पुलिस ने खदेड़ भगाया
लॉकडाउन में भीड़ से जाम की समस्या, पुलिस ने खदेड़ भगाया

मुजफ्फरपुर : सरकार व प्रशासन के लाख कोशिश के बाद भी मड़वन प्रखंड क्षेत्र के कई जगहों पर लॉकडाउन सफल होता नहीं दिख रहा है। दुकानदार व आमलोग बेरोकटोक बिक्री व खरीदारी में लगे हैं। इस दौरान कई बार भीड़-भाड़ से जाम की समस्या भी उत्पन्न हो रही है जिससे कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ने की आशंका उत्पन्न हो रही है। इसे लेकर गुरुवार को करजा थाने के अवर निरीक्षक नंद किशोर कुमार के नेतृत्व में करजा पुलिस ने कई जगहों पर लाठिया चटकाई व लोगों को खदेड़ा। वहीं, सड़क पर बेवजह घूमने वाले लोगों का चालान भी काटा। उन्होंने बताया कि सख्ती के साथ लॉकडाउन का पालन कराया जाएगा। नहीं मानने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दर्जनों बाइक सवारों का काटा चालान

लॉकडाउन का अनुपालन कराने को तुर्की ओपी पुलिस सक्रिय रही। ओपी के समीप एनएच 77 पर बैरिकेडिंग लगा दी गई है जहां आने- जाने वाले लोगों से पुलिस सख्ती से निपट रही है। हाट-बाजारों को बंद कराया गया ताकि कोरोना कीचेन को तोड़ा जा सके। तुर्की ओपी प्रभारी रामविनय कुमार ने बताया कि गुरुवार को दर्जनों बाइक सवारों का चालान काट जुर्माना वसूला गया।

दुकानों को बंद कराती रही पुलिस, डंडे भी चटकाए

औराई थाना क्षेत्र के बेदौल ओपी अंतर्गत जनार, कटौझा, अमनौर, सरहंचिया सहित कई चौक पर बीडीओ विनोद कुमार प्रसाद, सीओ ज्ञानानंद एवं बेदौल ओपी प्रभारी मदन राम के नेतृत्व में दुकानों को बंद कराते हुए उन्हें सख्त चेतावनी दी गई। वहीं, संध्या गश्ती के दौरान कई बाइक सवारों को हड़काया गया। सरहंचिया में एक किराना दुकानदार को समय सीमा के बाद दुकान खुले रखते हुए पकड़ा गया एवं सख्त चेतावनी देकर छोड़ा गया। बेवजह सड़क पर निकले लोगों पर पुलिस ने डंडे चटकाए। प्रोटोकॉल से अधिक सवारी बैठाने को लेकर भी कई वाहन चालकों को चेतावनी दी गई।

chat bot
आपका साथी