चार लाख 97 हजार 747 के इलाज को चार अस्पताल चयनित

आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की तैयारी पूरी है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 23 Sep 2018 06:00 AM (IST) Updated:Sun, 23 Sep 2018 06:00 AM (IST)
चार लाख 97 हजार 747 के इलाज को चार अस्पताल चयनित
चार लाख 97 हजार 747 के इलाज को चार अस्पताल चयनित

मुजफ्फरपुर। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की तैयारी पूरी है। रविवार को जिले में इस योजना का श्रीगणेश होगा। इसके लिए चार अस्पतालों का चयन किया गया है। सदर अस्पताल में विशेष काउंटर खोला गया है। यहां से चयनित लाभुकों को गोल्डेन कार्ड का वितरण किया जाएगा। शनिवार को सिविल सर्जन डॉ.शिवचंद्र भगत ने तैयारी की समीक्षा की। बताया कि सरकार की यह बहुत ही महत्वाकांक्षी योजना है। सदर अस्पताल में बन रहे विशेष काउंटर का संचालन आरोग्य मित्र धर्मेंद्र कुमार व आलोक कुमार करेंगे। इसके बाद सभी पीएचसी में आरोग्य मित्र का चयन कर उन्हें प्रशिक्षण दिया जाएगा। समाहरणालय सभाकक्ष में जिले के प्रभारी मंत्री पशुपति पारस इसका शुभारंभ करेंगे। मालूम हो कि आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना से जिले में चार लाख 97 हजार 747 लाभुकों का चयन किया गया है। इन्हें पांच लाख तक के इलाज का लाभ मिलेगा। मौके पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक बीपी वर्मा, आरबीएसके प्रभारी डॉ.पंकज कुमार, लेखा प्रबंधक अफरोज हैदर, जिला अनुश्रवण व मूल्यांकन पदाधिकारी जयशंकर कुमार आदि मौजूद थे।

अस्पतालों की अनुशंसा

विशेष योजना के तहत दस अस्पतालों ने जुड़ने के लिए आवेदन दिया है। इसमें चार अस्पतालों का चयन करके मुख्यालय को भेजा गया है। वहां से स्वीकृति आने के बाद अंतिम रूप से चयनित नाम को पैनल में शामिल किया जाएगा। अनुशंसित अस्पतालों में प्रशांत मेमोरियल चैरिटेबल हॉस्पिटल, मुजफ्फरपुर हार्ट हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, आयुष्मान हॉस्पिटल व संजीवनी क्लीनिक एंड नर्सिग होम शामिल हैं।

इन्हें आज मिलेगा गोल्डेन कार्ड

पहले दिन गोल्डेन कार्ड देने के लिए बीस लोगों का चयन किया गया है। चयनित लोगों में सिकन्दरपुर के झापस राम, विश्वनाथ पासवान व वीणा देवी, भगवानपुर की ममता देवी, गन्नीपुर के पंकज कुमार, आनंदपुरी बीबीगंज की बेबी देवी, निशांत कुमार, रोशन कुमार व रामबाबू साह, बैरिया के शाबिर व अनीता देवी, छितरौली के नुनू चौधरी व प्रहलाद चौधरी, कटरा के सुजीत कुमार सिंह, ब्रजकिशोर व निर्मला देवी शामिल हैं। जिले में सभी प्रखंड के लिए लाभुकों का चयन किया गया है। चयनित लोगों के बीच गोल्डेन कार्ड का वितरण किया जाएगा। लाभुक सूची के हिसाब से काउंटर पर आएंगे। उन्हें अपना पहचान पत्र देना होगा उसके आधार पर कार्ड बनेगा।

डॉ.शिवचंद्र भगत

सिविल सर्जन

chat bot
आपका साथी