पीएम नरेंद्र मोदी के मंत्री का गांधी-नेहरू परिवार पर हमला, लगाए ये आरोप

केंद्रीय मत्स्य एवं पशुपालन मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा झूठ के पर्याय बन गए हैं राहुल गांधी। पहले राफेल फिर चीन मामले में झूठ बोला। अब झूठ बोलकर किसानों को भड़का रहे हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि कायम रहेगा मोदी का गुडविल।

By Ajit kumarEdited By: Publish:Mon, 22 Feb 2021 06:43 AM (IST) Updated:Mon, 22 Feb 2021 06:43 AM (IST)
पीएम नरेंद्र मोदी के मंत्री का गांधी-नेहरू परिवार पर हमला, लगाए ये आरोप
पेट्रोल की बढ़ती कीमत पर उन्होंने कहा कि सरकार इसे नियंत्रण नहीं करती। फाइल फोटो

मुजफ्फरपुर, जासं। केंद्रीय मत्स्य एवं पशुपालन मंत्री गिरिराज सिंह ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर फिर हमला बोला है। एक कार्यक्रम में यहां आए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राहुल झूठ के पर्याय हो गए हैं। पहले राफेल, फिर चीन मामले में झूठ बोला। अब झूठ बोलकर किसानों को भड़का रहे हैं। पुडुचेरी में उन्होंने अपने सीएम के साथ झूठ बोला। समुद्री किसानों के लिए मंत्रालय बनाने के लिए केंद्र से बात करने का बयान दिया था। इस तरह से झूठ का कुनबा इसके सहारे अपनी राजनीतिक नैया पार कर रहे हैं। हरियाणा में उनके नेता यह कह रहे कि शराब भी बांटना पड़े तो बांटो। इस आंदोलन को जिंदा रखो। राहुल झूठ के बलपर प्रधानमंत्री मोदी के गुडविल को गिराना चाह रहे। मगर यह नहीं होने वाला है। मोदी ने करोड़ों किसानों से लेकर गरीबों, विधवाओं के खाते में सीधी राशि दी। उनका गुडविल कायम रहेगा। यह कोई पहला मौका नहीं है कि गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी और उनके परिवार को निशाना बनाकर बयान दिया हो। इससे पहले भी उन्होंने कई मौकों पर उनके इटली कनेक्शन, उनकी पढ़ाई और अन्य व्यक्तिगत जीवन को लेकर टिप्पणी की थी। केंद्रीय मंत्री अपने विवादित बयानों को लेकर भी चर्चा में रहे हैं। पाकिस्तान भेजने वाला बयान तो खासा सुर्खियां बटोरता रहा था। 

किसान आंदोलन को लेकर उन्होंने कहा कि 12 बार सरकार ने वार्ता के लिए बुलाया। वहीं पीएम ने संसद में भी कहा है कि एक भी कानून में बदलाव नहीं आया है। मंडी जस का तस रहेगा। एमएसपी रहेगा। हां, एक नया रास्ता खोला गया है। मिलावटी शराब से कटरा में हुई मौत के मामले में उन्होंने कहा कि इसे छुपाना सही नहीं है। अपराध तो अपराध है। पेट्रोल की बढ़ती कीमत पर उन्होंने कहा कि सरकार इसे नियंत्रण नहीं करती। इससे पहले मंत्री का परिसदन में भाजपा जिलाध्यक्ष रंजन कुमार, देवांशु किशोर, अंजू रानी, गिरिराज फैंस के राजीव कुमार आदि ने स्वागत किया। 

chat bot
आपका साथी