West Champaran: परदेस से लौट रहे लोग बढ़ा रहे खतरा, 63 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि

Bagaha Coronavirus News Update सबसे अधिक रामनगर में 38 लोग संक्रमित मिले बगहा दो में 18 संक्रमित। प्रशासनिक स्तर पर बढ़ाई जाएगी सख्ती एसपी-एसडीएम ने अधिकारियों को किया अपडेट। अधिकारियों ने बताया कि जहां जहां संक्रमित पाए जाएंगे उन मोहल्लों को कंटेंनमेंट जोन के रूप में सुरक्षित किया जाएगा।

By Murari KumarEdited By: Publish:Tue, 20 Apr 2021 11:44 AM (IST) Updated:Tue, 20 Apr 2021 11:44 AM (IST)
West Champaran: परदेस से लौट रहे लोग बढ़ा रहे खतरा, 63 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि
बगहा में 63 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि।

बगहा (पश्चिम चंपारण), जासं। तमाम सख्ती के बावजूद कोरेाना संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी जारी है। हालांकि बीते तीन दिनों के आकड़ों पर गौर करें तो बगहा दो में संक्रमण के मामलों में कमी आई है। लेकिन, रामनगर में मामले बढ़े हैं। दरअसल, परदेस से लौट रहे लोग कोरोना संक्रमण का वाहक बन रहे हैं। सोमवार को बगहा रेलवे स्टेशन पर सप्ताक्रांति एक्सप्रेस के चार यात्री संक्रमित पाए गए। इनमें दो एसएसबी जवान भी शामिल हैं। वहीं अन्य ट्रेनों से भी चार अन्य यात्रियों में संक्रमण की पुष्टि हुई। जबकि शहरी पीएचसी में हुई जांच के दौरान 10 लोग संक्रमित पाए गए। वहीं रामनगर में सबसे अधिक 38 लोग पॉजिटिव पाए गए। उधर, बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर सख्ती बढ़ाई जा रही है। एसडीएम शेखर आनंद ने सोमवार को अधिकारियों के साथ बैठक की। जिसमें हर प्रखंड में सख्ती बढ़ाने पर बल दिया गया। उधर, एसपी किरण कुमार गोरख जाधव ने भी थानाध्यक्षों के साथ बैठक कर अपने अपने थाना क्षेत्र में गश्त की गति को बढ़ाने पर जोर दिया। अधिकारियों ने बताया कि जहां जहां संक्रमित पाए जाएंगे, उन मोहल्लों को कंटेंनमेंट जोन के रूप में सुरक्षित किया जाएगा। लोगों की बिना मास्क आवाजाही पर रोक लगेगी। जुर्माना लगाने की गति बढ़ाई जा रही है।

रामनगर में सबसे अधिक 38 लोगों में संक्रमण की पुष्टि 

सोमवार को रामनगर में 38 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। सभी को होम क्वारंटाइन कर दिया गया है। साथ ही मेडिकल किट भी उपलब्ध करा दी गई है। इनमें सात संक्रमित सुबह के समय सप्तक्रांति एक्सप्रेस से हरिनगर रेलवे स्टेशन पर उतरे। जिनके जांच में पुष्टि हुई है। 21 लोग नगर के गोला बाजार व चीनी मिल से मिले हैं। जबकि तीन लोग भावल निवासी बताए जाते हैं। वहीं अन्य संक्रमित विभिन्न क्षेत्रों के हैं। सभी को चिकित्सकीय देखरेख में रखा गया है। पीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. चंद्र भूषण ने बताया कि स्थानीय जितने भी संक्रमित मिले हैं। सभी के घरों के सदस्यों की जांच कराई जा रही है। साथ हीं कंटेनमेंट जोन में आने वालों का भी टेस्ट होगा। बता दें कि नगर व प्रखंड में लगातार पॉजिटिव केसों की संख्या में इजाफा हो रहा है। हालांकि लोगों में सावधानी बिल्कुल नहीं दिख रही है। जिसके कारण बाजार में शारीरिक दूरी का पालन नहीं हो रहा है। वहीं सख्ती के बावजूद भी कई लोग बिना मास्क के घूम रहे हैं। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने बताया कि किसी तरह की समस्या होने पर सीधे पीएचसी से संपर्क करें। साथ हीं घर के बुजुर्गों को टीका अवश्य दिलवाएं। यह सारी व्यवस्था निशुल्क है।

कोरोना होने पर क्या करें 

बगहा दो के नोडल पदाधिकारी डॉ. रणवीर सिंह ने बताया कि कोरोना का संक्रमण तेजी से फैल रहा, इसलिए यह अधिक खतरनाक है। यदि संक्रमण की पुष्टि हो सबसे पहले खुद को होम आइसोलेट कर लें। चिकित्सक के द्वारा अनुसंशित दवाओं का तय समय पर सेवन करें। तौलिया से लेकर अन्य वस्त्र तक परिवार के अन्य सदस्यों को उपयोग न करने दें। किसी भी व्यक्ति से संक्रमण की समाप्ति तक न मिलें। मास्क लगाकर ही घर में रहे।

हमने कोरोना को दी मात 

मेरा नाम अजय कुमार यादव है। मैं नगर के मलकौली मोहल्ले में रहता हूं। बीते साल मैं कोरेाना वायरस की चपेट में आया। मुझे इसका पता एंटीजन किट से जांच के दौरान हुआ। संक्रमण की पुष्टि के बाद मैंने सबसे पहले मोबाइल का प्रयोग करना बंद कर दिया। ताकि किसी भी प्रकार की निगेटिव बातों से दूर रहूं। इसके बाद चिकित्सक के द्वारा बताई गई दवा का नियमित रूप से सेवन किया। मैंने खुद को एक कमरे में आइसोलेट कर लिया। तय समय के बाद दोबारा जांच कराई तो रिपोर्ट निगेटिव आई। सौभाग्य की बात यह रही कि मेरे परिवार का कोई भी सदस्य संक्रमित नहीं हुआ, दोस्त भी सुरक्षित रहे। अनुभवों के आधार पर कह सकता हूं कि कोरोना सर्दी-खांसी से अधिक कुछ नहीं है। धैर्य बनाए रखें। निश्चित ही हम कोरोना को मात देंगे।

chat bot
आपका साथी