विजेंद्र चौधरी ने निगम को बनाया अपने स्वार्थ सिद्धि का माध्यम
महापौर चुनाव के एक सप्ताह बाद वार्ड 46 के पार्षद एवं महापौर पद के उम्मीदवार नंद कुमार प्रसाद साह ने अपना मुंह खोला।
मुजफ्फरपुर : महापौर चुनाव के एक सप्ताह बाद वार्ड 46 के पार्षद एवं महापौर पद के उम्मीदवार नंद कुमार प्रसाद साह ने अपना मुंह खोला। एक दर्जन पार्षदों के साथ तिलक मैदान रोड स्थित एक सभागार में संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर उन्होंने नगर विधायक विजेंद्र चौधरी पर जमकर हमला बोला। नंद कुमार प्रसाद साह ने कहा कि विजेंद्र चौधरी ने नगर निगम को अपने स्वार्थ सिद्धि का माध्यम बना लिया है और पार्षदों को खिलौना। वे अपने आपको नगर निगम को किंग मेकर समझते हैं लेकिन सच्चाई यह है कि नगर विधायक नहीं उप महापौर मानमर्दन शुक्ला किंग मेकर है। महापौर राकेश कुमार एवं उपमहापौर मानमर्दन शुक्ला निगम परिवार के सदस्य हैं। उनके विकास कार्य में हम साथ हैं। उन्होंने कहा कि विजेंद्र चौधरी आरोप लगा रहे कि पूर्व महापौर सुरेश कुमार के कार्यकाल में विकास का कोई काम नहीं हुआ। हम विधायक को चुनौती देते है कि किसी भी खुले मंच में जनता के बीच बहस कर ले। पता चल जाएगा कि विकास हुआ या नहीं हुआ। निगम ने चाढ़े चार साल में जितना काम किया उतना पहले कभी नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 एवं 2019 में पूर्व महापौर सुरेश कुमार को कुर्सी पर बैठाया। लेकिन जब सुरेश कुमार ने उनका खिलौना बनने से इंकार कर दिया तो उनको निकाल फेंका। उनको खुश करने में पूर्व महापौर का 60 कठ्ठा जमीन बिक गया। विधायक ने अपने विधायक कोष से निगम के एक फुट कौड़ी नहीं दी लेकिन वर्ष 2002 से अब तक निगम को अपने चंगुल में फंसा रखा है। निगम एवं पार्षदों को अपने स्वार्थ सिद्धि का माध्यम बना लिया है। जब वह एमआरडीए का चेयरमैन बने थे तब उसे अपने लूट का मंच बना लिया था। बाद में उसका खामियाजा एमआरडीए को भुगतना पड़े। संवाददाता सम्मेलन में शामिल वार्ड 20 के पार्षद संजय कुमार केजरीवाल ने कहा कि चुनाव मे वे 12 से 22 कैसे हो गए तो यह दिल का मामला है। पार्षदों ने अपने अंदर की आवाज पर नंद किशोर प्रसाद साह का समर्थन दिया। मौके पर वार्ड 20 के पार्षद संजय कुमार केजरीवाल, वार्ड 27 के पार्षद अजय ओझा, छह के पार्षद जावेद अख्तर, वार्ड 41 की पार्षद सीमा झा, वार्ड 12 की पार्षद शाहनाज खातून, वार्ड 49 की पार्षद नीलम गुप्ता, वार्ड 15 के पार्षद प्रतिनिधि रामू सहनी, पूर्व पार्षद विजय कुमार आदि मौजूद रहें।