'दीदी की रसोई' से मधुबनी में मरीजों को मिल रहा मुफ्त भोजन, क्वालिटी की हो रही सराहना

दो अक्टूबर को डीएम ने अनुमंडल अस्पताल में किया था दीदी की रसोई का उद्घाटन। जीविका के माध्यम से किया जा रहा दीदी की रसोई का संचालन। मरीजों के स्वजनों को भी सस्ते दर पर मिल रहा है भोजन। अनुमंडल अस्पताल में आदर्श टीका केंद्र का किया गया उद्घघाटन।

By Dharmendra Kumar SinghEdited By: Publish:Wed, 20 Oct 2021 05:41 PM (IST) Updated:Wed, 20 Oct 2021 05:41 PM (IST)
'दीदी की रसोई' से मधुबनी में मरीजों को मिल रहा मुफ्त भोजन, क्वालिटी की हो रही सराहना
अनुमंडल अस्पताल के दीदी की रसोई में दी जा रही बेहतर खाना। जागरण

मधुबनी, जासं। मधुबनी जिले के झंझारपुर अनुमंडल अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं अन्य लोगों को स्वादिष्ट एवं स्वास्थ्यवर्धक खाना मुहैया करने के लिए सरकार एवं जीविका की संयुक्त योजना के तहत 'दीदी की रसोईÓ प्रारंभ किया गया है। बीते दो अक्टूबर को डीएम अमित कुमार ने इस रसोई का उद्घाटन किया था। इस रसोई से जहां अनुमंडल अस्पताल में भर्ती मरीजों को नाश्ता एवं भोजन निश्शुल्क मुहैया किया जा रहा है। वहीं, मरीजों के स्वजन एवं आम लोग भी यहां आकर खाना, नाश्ता एवं चाय प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें निर्धारित शुल्क देना पड़ता है। लेकिन बहुत कम दरों पर उन लोगों के लिए यहां भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। काफी सस्ती दरों पर यहां लोगों के लिए भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।

जब दीदी की रसोई के व्यवस्था की पड़ताल की गई तो कई मरीजों के स्वजन खाना खाते हुए मिले। एक तीमारदार श्रवण कुमार ने बताया कि खाना स्वादिष्ट है। उन्होंने बताया कि 50 रुपये में भरपेट खाना मिल रहा है। खाना की क्वालिटी भी काफी अच्छी है। उन्होंने कहा कि अब इधर जब भी आना होगा, वे यहीं आ कर खाना खाएंगे। रसोई में कार्य करने वाली रामदुलारी दीदी ने बताया कि खाना की क्वालिटी से कभी समझौता नहीं किया जाएगा। यहां बेहतर और सस्ता भोजन के साथ ही स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

इसके साथ ही जिले के झंझारपुर अनुमंडल अस्पताल में चल रहे स्थाई टीका केंद्र को आदर्श टीका केंद्र के रुप में अपग्रेड किया गया है। मंगलवार की शाम को अस्पताल के डीएस डा. मुकेश कुमार ने फीता काट कर इस आदर्श टीका केंद्र का उद्घाटन करते हुए बताया कि यह टीका केंद्र कई मायने में अलग होगा। इस टीका केंद्र में अवकाश के दिनों जैसे रविवार को भी टीका दिया जाएगा। साथ ही यहां नौ बजे सुबह से नौ बजे रात्रि तक टीका लगाए जाने की व्यवस्था की गई है। यह टीका केंद्र दिसंबर तक चलेगा। यहां कोविशिल्ड एवं कोवैक्सीन दोनों वायल का प्रथम एवं द्वितीय डोज दिया जाएगा। प्रयास यही रहेगा कि इस केंद्र से कोई भी लाभुक मायूस हो वापस न जाए। उद्घाटन के समय डॉ. कुणाल मिश्रा, अरुण कुमार, केयर इंडिया के ब्लॉक मैनेजर चंदन कुमार, सरफराज अहमद, सुमन सुधाकर, एएनएम आदि शामिल रहे।

chat bot
आपका साथी