मुजफ्फरपुर में सांस की डोर मजबूत कर रहे ऑक्सीजन बाबा

मुजफ्फरपुर के अविनाश ने कोरोना काल में शुरू किया ऑक्सीजन बैंक। 506 गंभीर मरीजों को निशुल्क सिलेंडर उपलब्ध करा बचाई जान। टीम बनाने के साथ हेल्पलाइन नंबर जारी किया। फोन आने पर टीम के सदस्य मौके पर पहुंचते हैं। डॉक्टर की पर्ची देख ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध कराते हैं।

By Ajit kumarEdited By: Publish:Wed, 27 Jan 2021 09:05 AM (IST) Updated:Wed, 27 Jan 2021 09:05 AM (IST)
मुजफ्फरपुर में सांस की डोर मजबूत कर रहे ऑक्सीजन बाबा
डॉक्टर की पर्ची देख ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध कराया जाता है।

मुजफ्फरपुर, [अंकित कुमार]। कोरोना काल में जहां लोग एक दूसरे से दूरी बना रहे थे। अस्पताल कर्मी तक मरीज के पास जाने से कतरा रहे थे। उस विकट परिस्थिति में बिहार के मुजफ्फरपुर में एक युवा ने कदम बढ़ाया। ऑक्सीजन की कमी से किसी मरीज की सांस थम न जाए, इसके लिए निशुल्क ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध कराना शुरू किया। उनके प्रयास से एक-दो नहीं 506 गंभीर मरीजों की जान बचाई गई। अब तो लोग उन्हेंं 'ऑक्सीजन बाबा' कहते हैं।

मोतीपुर प्रखंड के बोअरिया गांव निवासी 40 वर्षीय अविनाश स्नातक के बाद वर्ष 2000 से समाजसेवा से जुड़े हैं। पिता सेना में हवलदार थे। अप्रैल के बाद जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढऩे लगी। अविनाश एक दिन परिचित बीमार का हाल जानने श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, मुजफ्फरपुर गए। वहां देखा कि एक कोरोना संक्रमित के स्वजन ऑक्सीजन सिलेंडर के लिए परेशान हैं। डॉक्टर ऑक्सीजन उपलब्ध नहीं होने की बात बता रहे थे। बाहर में बिचौलिये मौके का फायदा उठाकर 20 हजार में सिलेंडर दे रहे थे। उसी समय उन्होंने ऐसे मरीजों के लिए निशुल्क ऑक्सीजन उपलब्ध कराने का संकल्प लिया। 36 हजार खर्च कर पांच ऑक्सीजन सिलेंडर खरीदे। एक टीम बनाने के साथ हेल्पलाइन नंबर जारी किया। फोन आने पर टीम के सदस्य मौके पर पहुंचते हैं। डॉक्टर की पर्ची देख ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध कराते हैं। उनका काम देख अन्य लोग भी आगे आए। उनकी मदद से 39 और ऑक्सीजन सिलेंडर खरीदे गए।

मोतीपुर निवासी हाजी सैयद अनवर आलम की पत्नी कोरोना के चलते गंभीर हो गई थीं। ऑक्सीजन की जरूरत थी। उन्होंने हेल्पलाइन नंबर पर फोन किया। शहर से दूर होने के बाद भी उन्हेंं तुरंत ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध कराया गया। अविनाश का कहना है कि कोरोना समाप्त होने के बाद भी ऑक्सीजन बैंक से गरीब मरीजों को यह सेवा निशुल्क दी जाएगी। सिविल सर्जन डॉ. एसपी सिंह कहते हैं कि कोरोना मरीजों के लिए ऑक्सीजन संजीवनी है। इस काम से अन्य को प्रेरणा लेनी चाहिए।

chat bot
आपका साथी