पश्‍चिम चंपारण में ट्रैक्टर से कुचलकर एक व्यक्ति की मौत, एक गंभीर रूप से घायल, छोटी से लापरवाही से अनि‍यंत्र‍ित हुआ ट्रैक्‍टर

पश्‍चिम चंपारण में गौनाहा के अमोलवा स्थित बगीचा में ताश खेलने के दौरान घटी घटना ट्रैक्टर में चाबी छोड़कर ताश का खेल देख रहा था चालक एक अन्य व्यक्ति ने चाबी ऑन किया तो स्टार्ट होकर अनियंत्रित हो गया ट्रैक्टर

By Dharmendra Kumar SinghEdited By: Publish:Thu, 15 Apr 2021 03:43 PM (IST) Updated:Thu, 15 Apr 2021 03:43 PM (IST)
पश्‍चिम चंपारण में ट्रैक्टर से कुचलकर एक व्यक्ति की मौत, एक गंभीर रूप से घायल, छोटी से लापरवाही से अनि‍यंत्र‍ित हुआ ट्रैक्‍टर
ट्रैक्टर से कुचलकर घायल व्यक्ति को एंबुलेंस पर चढ़ाते लोग।

पश्चिम चंपारण, जासं।  जिला के गौनाहा थाना क्षेत्र के अमोलवा गांव में लापरवाही के कारण ट्रैक्टर से दो लोग कुचल गए, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई है। जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है। मृत व्यक्ति की पहचान अमोलवा गांव निवासी और भाजपा के मंडल अध्य्क्ष रामस्नेही चौरसिया के अनुज बटेश्वर चौरसिया उर्फ प्रेमजी चौरसिया के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार अमोलवा गांव के दक्षिण आम के एक बागीचे में अमोलवा निवासी प्रेमजीत कुमार (45), सरपंच रमेश सिंह (48) और कुछ अन्य लोग ताश खेल रहे थे। तभी गांव के केश्वर महतो का ट्रैक्टर खेत जोत कर घर लौट रहा था। जब ट्रैक्टर बागीचे में पहुंचा तो चालक नथुनी महतो उसे समीप हीं खड़ा कर ताश का खेल देखने लगा। चालक  ट्रैक्टर बंद कर उसकी चाबी उसी में छोड़ दिया था। तभी गांव का कृष्णमोहन ठाकुर नामक व्यक्ति ट्रैक्टर पर पहुंच गया और चाबी ऑन कर दिया। इसके बाद ट्रैक्टर स्टार्ट होकर अनियंत्रित हो गया और उसके सामने पड़े प्रेमजी चौरसिया को रौंद दिया। उनके पास हीं बैठे सरपंच रमेश सिंह उसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद वहां भगदड़ मच गई। सूचना पर ग्रामीण दौड़ पड़े। तत्क्षण गंभीर रूप से घायल दोनों को ग्रामीण नरकटियागंज अनुमंडल अस्पताल ले गए, जहां प्रेमजी चौरसिया को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घायल सरपंच को बेतिया रेफर कर दिया गया है। मंझरिया मुखिया प्रतिनिधि बलिराम सिंह यादव ने बताया कि घटना घटी है। गांव के लोगों का कहना है कि ड्राइवर की लापरवाही के चलते जान गई है। अगर वह चाबी गाड़ी में नहीं छोड़ा होता तो यह घटना नहीं घटती। थानाध्य्क्ष राजीव नंदन सिन्हा ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। पदाधिकारी को भेजा गया है। शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए बेतिया भेजा गया है। मृतक के परिवार की तरफ से आवेदन नहीं मिला है। आवेदन मिलते हीं कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी