मधुबनी में फिर चली गोलियां, फुलपरास में भूमि विवाद में हुई गोलीबारी में एक की मौत, तीन जख्मी

Madhubani Crime News फुलपरास थाना क्षेत्र के बहुअरबा गांव में विवादित जमीन पर मिट्टी भराई के दौरान हुई घटना। गोली लगने से वृद्ध की मौत दो महिला समेत तीन घायल डीएमसीएच रेफर। घटना का मुख्य आरोपित गिरफ्तार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए हो रही छापेमारी।

By Murari KumarEdited By: Publish:Sat, 08 May 2021 05:36 PM (IST) Updated:Sat, 08 May 2021 05:36 PM (IST)
मधुबनी में फिर चली गोलियां, फुलपरास में भूमि विवाद में हुई गोलीबारी में एक की मौत, तीन जख्मी
फुलपरास में भूमि विवाद में हुई गोलीबारी में एक की मौत, तीन जख्मी। सांकेतिक तस्वीर

मधुबनी, जागरण संवाददाता। फुलपरास थाना क्षेत्र के बहुअरबा गांव में जमीनी विवाद को लेकर हुई गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई। दो महिला समेत तीन लोग घायल हो गए हैं। गंभीर रूप से घायलों को डीएमसीएच रेफर कर दिया गया है। मृतक की पहचान बहुअरबा गांव निवासी शिवू यादव (60) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार फुलपरास थाना क्षेत्र के बहुअरबा गांव में शिबू यादव और देबन यादव के बीच भूमि विवाद चला आ रहा था। शनिवार को विवादित भूमि पर देबन यादव के द्वारा मिट्टी भराने का कार्य कराया जा रहा था, जिसको लेकर शिवू यादव और देवन यादव के बीच में विवाद हुआ और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गोली चलने लगी। 

इस गोलीबारी में दो महिला समेत चर लोगों को गोली लगी। सभी घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया। जहां पर दो गोली के शिकार हुए शिबू यादव ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि एक ही परिवार के अरहुलिया देवी, मीरा देवी एवं संतोष कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों के गंभीर हालत को देखते हुए अनुमंडलीय अस्पताल के चिकित्सक डॉ. आफताब आलम ने प्राथमिक उपचार करने के बाद बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर कर दिया। 

इधर, गोलीबारी की जानकारी मिलने पर थाना पुलिस ने अनुमंडलीय अस्पताल पहुंच कर गंभीर रूप से घायल लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने मृतक शिवू यादव के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मधुबनी भेज दिया। इधर, मृतक के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने घटना में शामिल देवन यादव को गिरफ्तार कर लिया है। एसडीपीओ प्रभात कुमार शर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पुराना भूमि विवाद है। विवादित भूमि पर मिट्टी भराई को लेकर मारपीट हुई, जिसमें कई राउंड फायरिंग की गई। घटना में शामिल लोगों की तलाश में पुलिस की टीम विभिन्न जगहों पर छापेमारी कर रही है। कहा कि प्राथमिकी दर्ज करने की प्रकिया की जा रही है।

chat bot
आपका साथी