Bihar: टीकाकरण अभियान में प्रदेश मेें दूसरे स्थान पर मुजफ्फरपुर, 247 केंद्रों पर 38000 लोगों ने लिया टीका

कोरोना वैक्सीन लगाने को लेकर बुधवार को चलाए गए विशेष अभियान में जिले के 247 टीकाकरण केंद्रों पर करीब 38000 लोगों ने कोरोना वैक्सीन की डोज ली। आज शहर के पांच केंद्रों पर कोवैक्सीन की मिलेगी दूसरी खुराक तैयारी पूरी।

By Murari KumarEdited By: Publish:Thu, 17 Jun 2021 09:23 AM (IST) Updated:Thu, 17 Jun 2021 09:23 AM (IST)
Bihar: टीकाकरण अभियान में प्रदेश मेें दूसरे स्थान पर मुजफ्फरपुर, 247 केंद्रों पर 38000 लोगों ने लिया टीका
बिहार में टीकाकरण अभियान में दूसरे स्थान पर रहा मुज़फ़्फ़रपुर।

मुजफ्फरपुर, जागरण संवाददाता। कोरोना वैक्सीन लगाने को लेकर बुधवार को चलाए गए विशेष अभियान में जिले के 247 टीकाकरण केंद्रों पर करीब 38000 लोगों ने कोरोना वैक्सीन की डोज ली। इस विशेष अभियान में राज्य में मुजफ्फरपुर को दूसरा स्थान मिला है। जबकि मोतिहारी को पहला स्थान मिला। सिविल सर्जन डा एसके चौधरी ने कहा कि टीका की कोई कमी नहीं है। अफवाह में नहीं आएं और अपने नजदीक के केंद्र पर जाकर टीका जरूर लें। उन्होंने कहा कि गांव और शहरों में अब टीका एक्सप्रेस भी चलाया जा रहा है। ऐसे में सभी लोगों टीका जरूर लें। जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डा.एके पांडेय ने कहा कि यह अभियान नियमित चलेगा।

डाटा इंट्री आपरेटर का लैपटाप छीनने का प्रयास

सिकंदरपुर के राधा देवी बालिका उच्च विद्यालय में टीका लेने के लिए लोगों की भीड उमड़ी। इस दौरान अफरातफरी मच गई। कई लोगों ने आपस में उलझने के साथ-साथ टीका कार्य में लगे स्वास्थ्य कर्मियों के साथ भी बदसलूकी करते हुए हंगामा किया। कई ने डाटा एंट्री आपरेटर से लैपटाप छीनने का प्रयास किया। हालात बिगडऩे पर टीकाकरण केंद्र प्रभारी ने सिकंदरपुर ओपी को हंगामे की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इस दौरान तकरीबन दो घंटे टीकाकरण अभियान प्रभावित रहा। इधर,बीबी कॉलेजिएट, जिला स्कूल में भी अफरा तफरी का माहौल बना रहा।

 बुधवार को मेगा कैंप में सबसे अधिक युवाओं ने की भागीदारी रही। स्वास्थ्य विभाग ने 37800 लोगों को टीकाकरण करने का लक्ष्य निर्धारित किया। पूरे जिलेे में 37546 लोगों ने टीका लिया। इसमें भी युवा वर्ग ने 34030 टीका लिया। वही 382 ने दूसरा डोज लिया। जबकि हेल्थ वर्कर्स पहला डोज 4 व दूसरा डोज 63 ने लिया। फ्रंटलाइन वर्कर्स पहला डोज 7 व दूसरा ने लिया। 45 से 59 वर्ग के पहला डोज 2277 व दूसरा 229ने ली। 60 साल वाले 412 ने पहला व 139 ने दूसरा डोज लिया।

आज शहर के पांच केंद्रों पर वैक्सीन की मिलेगी दूसरी खुराक

गुरुवार को कोवैक्सीन के दूसरे डोज लेने वालों के लिए विशेष अभियान चलेगा। शहर के एमएसकेबी, जिला स्कूल, तिरहुत एकेडमी, रेडक्रास व सदर अस्पताल में 18 प्लस उम्र के युवाओं को वैक्सीन की दूसरी डोज दी जाएगी। शहरी टीकाकरण के नोडल अधिकारी डा. शंभू कुमार ने बताया कि कोवैक्सीन की दूसरी डोज के लिए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। बताया कि बुधवार को शहरी क्षेत्र के 30 केंद्रों पर 5000 टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया था जिसके मुकाबले 5122 लोगों को टीका दिया गया।

वार्ड 20 में सर्वाधिक टीकाकरण

वार्ड पार्षद संजय केजरीवाल के समन्वय से वार्ड 20 के 420 लोगों को टीका दिया गया। शहरी टीकाकरण प्रभारी डा.शंभू कुमार ने सबको बधाई दी। अभियान में ऋषि अग्रवाल , बिट्टू खेतान, अंकित कुमार ने सहयोग किया।

chat bot
आपका साथी