मुजफ्फरपुर पंचायत, मुखिया चुनाव : कड़ी सुरक्षा में कुढ़नी की 37 पंचायतों में मतदान जारी

Muzaffarpur Panchayat Chunav सुबह नौ बजे तक लगभग नौ प्रतिशत मतदान कई बूथों पर गड़बड़ी की शिकायत के बाद बदली गई ईवीएम। प्रखंड की 324 में से 258 नक्सल प्रभावित बूथ चार हजार जिला पुलिस बल व बीएमपी की तीन कंपनियां तैनात।

By Ajit KumarEdited By: Publish:Sun, 24 Oct 2021 09:38 AM (IST) Updated:Sun, 24 Oct 2021 09:38 AM (IST)
मुजफ्फरपुर पंचायत, मुखिया चुनाव : कड़ी सुरक्षा में कुढ़नी की 37 पंचायतों में मतदान जारी
मधुबनी के भी तीन प्रखंडों में 587 बूथों पर चल रहा मतदान। फोटो- जागरण

मुजफ्फरपुर, जासं। पंचायत चुनाव के पांचवें चरण में जिले के सबसे बड़े प्रखंड कुढ़नी में कड़ी सुरक्षा में मतदान हो रहा है। प्रखंड की 37 पंचायतों में 524 बूथों पर सुबह सात बजे से मतदान जारी है। छह पदों की 1035 सीटों के लिए 4346 उम्मीदवार मैदान में हैं। 120 सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। 258 नक्सल प्रभावित एवं 104 संवेदनशील बूथ होने के कारण सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है। जिला पुलिस के चार हजार से अधिक जवान एवं बीएमपी की तीन कंपनियां लगाई गई हैं। सुबह में मतदान शुरू होने के समय कुछ ईवीएम में गड़बड़ी पाई गई। उसे तुरंत बदलकर मतदान शुरू करा दिया गया। सुबह नौ बजे तक करीब नौ प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले।

बूथों पर लंबी लाइन, मतदान की प्रक्रिया धीमी : प्रखंड के बूथों पर सुबह से मतदाताओं की लंबी-लंबी कतारें लग गई हैं। इसमें महिला मतदाताओं की संख्या अधिक है, मगर धीमी प्रक्रिया के कारण मतदान में देरी हो रही है। इससे मतदाताओं में आक्रोश है। इसकी शिकायत जिला नियंत्रण कक्ष में की गई है। बूथ संख्या 39, 40 एवं 41 पर बड़ी संख्या में मतदाताओं के कतारबद्ध होने से अफरातफरी की स्थिति है। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश की अवहेलना हो रही है। उम्मीदवार एवं उनके समर्थक खुलेआम मतदाताओं को अपने पक्ष में मतदान करने को लेकर दबाव बना रहे हैं। इसकी भी शिकायत की गई है, मगर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। बूथ संख्या 337 पर विकास मित्र द्वारा एक उम्मीदवार के पक्ष में पैसा वितरण करने की शिकायत पर लोगों ने उनकी पिटाई कर दी। इसकी शिकायत भी निर्वाची पदाधिकारी से की गई है।

पूर्वी चंपारण में मोतिहारी जिले के तीन प्रखंडों की 41 पंचायतों में रविवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान प्रारंभ कराया गया। इस दौरान आदापुर के नकरदेई स्थित बूथ संख्या 6 की चाबी गुम हो गई। इस कारण वहां ताला तोड़कर मतदान प्रारंभ कराया। वहीं इसी प्रखंड के बूथ 46 पर ईवीएम खराब की शिकायत आई। इस आलोक में उसे दुरुस्त कर थोड़ा विलंब से मतदान शुरू कराया गया। इसके अलावा पताही के जिहुली में बूथ संख्या 133 पर वार्ड सदस्य की ईबीएम में 4 की जगह मात्र तीन प्रत्याशियों के नाम रहे इस कारण वहां मतदान शुरू नहीं हो सका है। यहां बता दें कि जिले के पताही, पकड़ीदयाल व आदापुर प्रखंड के 5471 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आज इवीएम व मतपत्रों के माध्यम से किए जा रहे हैं। 41 पंचायतों के 3.22 लाख मतदाता मतदान में हिस्सा ले रहे हैं। आदापुर में 17, पकड़ीदयाल में 9 एवं पताही में 15 पंचायतें हैं। इसके लिए 591 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान कराने को लेकर कर्मियों व सुरक्षा बलों की काफी संख्या में तैनाती की गई है। मतों की गिनती 25 एवं 26 अक्टूबर को कराया जाएगा।

वहीं, मधुबनी के तीन प्रखंडों में 587 बूथों पर कड़ी सुरक्षा में मतदान चल रहा है। जिले के बासोपट्टी, लदनियां व कलुआही के 4025 उम्मीदवारों की किस्मत का होगा फैसला। बासोपट्टी के 15, लदनियां के 15 व कलुआही के 11 पंचायतों के लिए मतदान हो रहा है। बूथों की सुरक्षा के लिए स्टैटिक सेक्टर दंडाधिकारी, पीसीसीपी से लेकर जोनल दंडाधिकारी तक की तैनाती की गई है।

किस प्रखंड में कितने मतदाता

बासापट्टी प्रखंड में मतदाताओं की कुल संख्या एक लाख 24 हजार 954 है। इनमें से 59 हजार 306 महिला, 65 हजार 647 पुरुष व एक थर्ड जेंडर मतदाना हैं। लदनियां प्रखंड में एक लाख 23 हजार 586 मतदाता हैं। इनमें से 58 हजार 902 महिलाएं, 64 हजार 666 पुरुष व 18 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। जबकि, कलुआही में 89 हजार 366 मतदाता हैं। इनमें से 42 हजार 502 महिलाएं, 46 हजार 858 पुरुष एवं छह थर्ड जेंडर मतदाता हैं।

किस प्रखंड में कितने मतदान केंद्र 

बासोपट्टी में कुल 214 मतदान केंद्र हैं। इनमें 10 सहायक मतदान केंद्र हैं। लदनियां में कुल 213 मतदान केंद्र हैं। इनमें छह सहायक मतदान केंद्र एवं एक चलंत मतदान केंद्र हैं। वहीं, कलुआही में 160 मतदान केंद्रों पर मतदान हो रहा है। इनमें तीन सहायक मतदान केंद्र एवं चार चलंत मतदान केंद्र हैं।

4025 प्रत्याशियों के भाग्य का होगा फैसला

बासोपट्टी, लदनियां एवं कलुआही प्रखंडों से कुल 4025 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। बासोपट्टी में 1512, लदनियां में 1403 एवं कलुआही में 1310 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। बासोपट्टी प्रखंड क्षेत्र से जिला परिषद सदस्य पद के लिए 21 पुरुष व दो महिला समेत कुल 23 प्रत्याशी मैदान में हैं। पंचायत समिति पद के लिए 61 पुरुष व 61 महिला समेत कुल 122, मुखिया पद के लिए 62 पुरुष व 59 महिला समेत कुल 121, वार्ड सदस्य पद के लिए 423 पुरुष व 473 महिलाओं समेत कुल 896, सरपंच पद के लिए 47 पुरुष व 42 महिला समेत कुल 89 एवं वार्ड पंद पद के लिए 111 पुरुष व 150 महिला समेत कुल 261 प्रत्याशी मैदान में हें। लदनियां प्रखंड में जिला परिषद के छह पुरुष व 10 महिला समेत 16, पंचायत समिति सदस्य के लिए 61 पुरुष व 54 महिला समेत कुल 115, मुखिया पद के लिए 44 पुरुष व 52 महिला समेत कुल 96, वार्ड सदस्य के लिए 414 पुरुष व 411 महिला समेत कुल 825, सरपंच पद के लिए 39 पुरुष व 40 महिला समेत कुल 79 और वार्ड पंच पद के लिए 119 पुरुष व 153 महिला समेत कुल 272 प्रत्याशी मैदान में हैं। कलुआही प्रखंड में जिला परिषद के लिए 16 महिला प्रत्याशी, पंचायत समिति सदस्य के लिए 59 पुरुष व 49 महिला समेत 108, मुखिया पद के लिए 56 पुरुष व 33 महिला समेत 89, वार्ड सदस्य पद के लिए 321 पुरुष व 306 महिला समेत 627, सरपंच पद के लिए 42 पुरुष व 26 महिला समेत 70 एवं वार्ड पंच पद के लिए 82 पुरुष व 118 महिला समेत कुल 200 प्रत्याशी मैदान में हैं।

chat bot
आपका साथी