Muzaffarpur: सभी प्रखंडों में तैयार होगी जीविका दीदी की पौधशाला, मनरेगा आयुक्त ने डीएम और डीडीसी को दिए निर्देश
Muzaffarpur News मनरेगा और पर्यावरण वन एवं जलवायु विभाग की मदद से राज्य के लगभग सभी प्रखंडों में तैयार होगी दीदी की पौधशाला। एक पौधशाला में 24 हजार पौधे किए जाएंगे तैयार मनरेगा आयुक्त ने डीएम और डीडीसी को दिए निर्देश।
मजफ्फरपुर [प्रेम शंकर मिश्रा]। कई क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने वाली जीविका दीदियों को एक और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जा रही है। यह है पर्यावरण संरक्षण की। राज्य के सभी 534 प्रखंडों में मनरेगा और पर्यावरण, वन एवं जलवायु विभाग (ईएफसीसी) की मदद से जीविका दीदी की पौधशाला का सृजन किया जा रहा है। इन पौधशालाओं से दो करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य पूरा किया जाएगा। इस संबंध में मनरेगा आयुक्त सीपी खंडूजा ने सभी डीएम और डीडीसी को पत्र भेजा है। इस योजना से पर्यावरण संरक्षण के साथ रोजगार का भी सृजन होगा। पौधशालाओं का नाम दीदी की पौधशाला होगा। दीदियों का चुनाव जीविका करेगी। मनरेगा के कार्यक्रम पदाधिकारी जीविका दीदी के साथ एकरारनामा करेंगे। उनका रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। इसके लिए पैन नंबर या जीएसटी की जरूरत नहीं होगी। पौधशाला से सभी प्रकार के क्रय और मजदूरी के भुगतान की पूर्ण जवाबदेही होगी ।
इस तरह तैयार होंगे पौधे
प्रत्येक पौधशाला में 24 हजार पौधे तैयार होंगे। किसी तरह का अग्रिम नहीं दिया जाएगा। पौधों की प्रजाति पूर्व से निर्धारित रहेगी। तीन फीट ऊंचाई एवं दो सेमी मोटाई वाले पौधे क्रय किए जाएंगे। पौधशालाओं में तैयार 50 फीसद पौधे चालू वित्तीय वर्ष में वर्षाकालीन पौधारोपण में शामिल किया जाएगा। शेष पौधे अगले वित्तीय वर्ष में लगाए जाएंगे। पौधे की दर को लेकर अभी निर्णय नहीं लिया गया है। दर निर्धारण पर्यावरण, वन एवं जलवायु विभाग करेगा। पिछले वर्ष 11 रुपये प्रति पौधा की दर लगाई गई थी। इस कीमत के आसपास भी पौधे क्रय किए गए तो प्रत्येक प्रखंड में करीब पौने तीन लाख रुपये के पौधों की बिक्री होगी।
जिलावार पौधशाला की संख्या
जिला प्रखंड मनरेगा से ईएफसीसी से
अररिया 09 09 00
अरवल 05 05 00
औरंगाबाद 11 01 10
बांका 11 07 04
बेगूसराय 18 02 16
भागलपुर 16 09 07
भोजपुर 14 02 12
बक्सर 11 06 05
दरभंगा 18 09 09
गया 24 05 19
गोपालगंज 14 05 09
जमुई 10 04 06
जहानाबाद 07 01 06
कैमूर 11 09 02
कटिहार 16 08 08
खगडिय़ा 07 05 02
किशनगंज 07 05 02
लखीसराय 07 04 03
मधेपुरा 13 06 07
मधुबनी 21 05 16
मुंगेर 09 07 02
मुजफ्फरपुर 16 09 07
नालंदा 20 07 13
नवादा 14 06 08
प. चंपारण 18 09 09
पटना 23 06 17
पूर्वी चंपारण 27 08 19
पूर्णिया 14 08 06
रोहतास 19 11 08
सहरसा 10 08 02
समस्तीपुर 20 10 10
सारण 20 11 09
शेखपुरा 06 02 04
शिवहर 05 03 02
सीतामढ़ी 17 17 00
सिवान 19 05 14
सुपौल 11 11 00
वैशाली 16 11 05
कुल 534 251 283