मुजफ्फरपुर में नगर निगम ने शुरू किया एंटी लार्वा दवा का छिड़काव व फागिंग

शहर में डेंगू के खतरे को देखते हुए नगर निगम द्वारा मच्छरों को मारने का अभियान शुरू कर दिया गया है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 19 Sep 2021 05:30 AM (IST) Updated:Sun, 19 Sep 2021 05:30 AM (IST)
मुजफ्फरपुर में नगर निगम ने शुरू किया एंटी लार्वा दवा का छिड़काव व फागिंग
मुजफ्फरपुर में नगर निगम ने शुरू किया एंटी लार्वा दवा का छिड़काव व फागिंग

मुजफ्फरपुर। शहर में डेंगू के खतरे को देखते हुए नगर निगम द्वारा मच्छरों को मारने का अभियान शुरू कर दिया गया है। शनिवार को शहर के सभी वार्डो के नालियों एवं जलजमाव वाले इलाके में एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कराया गया। वहीं शहर के आधा दर्जन वार्डो में फागिंग कराया गया। दो दिन पूर्व प्रभारी महापौर मानमर्दन शुक्ला ने सफाई की समीक्षा के दौरान एंटी लार्वा दवा के छिड़काव का निर्देश दिया था। निर्देश के आलोक में एक या दो वार्डो को छोड़ सभी में दवा छिड़काव का काम आरंभ कर दिया गया है जो आगे भी जारी रहेगा।

गलियों से कचरा लेने को निगम ने खरीदा 200 ठेला : शहर की गलियों से कचरा उठाव के लिए नगर निगम द्वारा दो सौ ठेला की खरीद की गई है। ठेला शहर के सभी वार्डो को दी जाएगी। नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रेय ने कहा कि अभी ठेला की जांच का काम चल रहा है। उसके बाद उसे वार्डो में भेजी जाएगी।

अवकाश के बाद भी रविवार को होगी सफाई : आठ दिनों तक चली हड़ताल के कारण शहर में जमा हुए कचरे का अभी पूरी तरह से निष्पादन नहीं हुआ है। कई गली-मोहल्लों एवं मुख्य सड़क पर अभी भी कचरे का अंबार लगा है। इसको देखते हुए अवकाश के बाद भी रविवार को शहर की साफ-सफाई का कार्य होगा। नगर आयुक्त ने कहा कि रविवार को सामान्य दिनों तक तरह की काम होगा ताकि हड़ताल के कारण पटरी से उतरी शहर की सफाई व्यवस्था को दुरूस्त रखने के लिए रविवार को भी पूरी ताकत के साथ सफाई होगी।

जलजमाव में गिरने से पार्षद पति का पैर टूटा : वार्ड 29 की पार्षद रंजू सिन्हा का घर पिछले दो माह से बारिश के पानी में डूबा हुआ है। उनका मकान गन्नीपुर के धुनिया टोला में है जहां अभी भी पानी लगा हुआ है। जलजमाव से होकर आने के कारण में वार्ड पार्षद के पति एवं अधिवक्ता संजय कुमार सिन्हा के पैर की हड्डी टूट गई है। उनका पैर पानी के कारण जमा काई में फिसल गया। जानकारी मिलने के बाद प्रभारी महापौर मानमर्दन शुक्ला पानी के बीच से होकर उनके आवास पहुंचे और उनकी हालचाल से अवगत हुए। एसी हालत शहर के कई अन्य इलाकों में है जहां बारिश का पानी जमा रहने के कारण सड़क पर काई लग गया है।

अपर नगर आयुक्त को मिला काम का जिम्मा : नगर निगम में जिलाधिकारी द्वारा पदस्थापित वरीय उप समाहर्ता विवेक कुमार को नगर आयुक्त विवेक रंजन को जिम्मेवारी सौंप दी है। उनको जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र, आडिटोरियम एवं पार्क, सामान्य शाखा, एसबीएम शाखा, नगर भवन पुस्तकालय, पेशकार शाखा, अभिलेखागार, लोक शिकायत, लोक सूचना एवं लोक निवारण शाखा, विद्युत शाखा एवं राजस्व शाखा के के कार्यो के निष्पादन का जिम्मा सौंपा गया है। इसके अलावा स्थापना शाखा, बहलखाना, विधि शाखा, विकास शाखा, जलकार्य शाखा, एनयूएलएम शाखा एवं एचएफए शाखा की फाइलल अब अपर नगर आयुक्त के माध्यम से आगे बढ़ेगी।

chat bot
आपका साथी