मुजफ्फरपुर जिला जदयू से जल्द ही बाहर होंगे केवल बैनर बोर्ड लगाकर घूमने वाले

जनता दल यू में कांग्रेस छोड़कर आए अशोक चौधरी के साथ वाले कार्यकर्ता हाल के दिनों में पूर्व केंद्रीय मंत्री जदयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के साथ आए और समता पार्टी की स्थापना काल से जुड़े कार्यकर्ताओं को जवाबदेही मिलेगी।

By Ajit KumarEdited By: Publish:Sat, 25 Sep 2021 08:15 AM (IST) Updated:Sat, 25 Sep 2021 08:15 AM (IST)
मुजफ्फरपुर जिला जदयू से जल्द ही बाहर होंगे केवल बैनर बोर्ड लगाकर घूमने वाले
समता पार्टी काल के नेता, अशोक चौधरी व उपेंद्र कुशवाहा के साथ आए लोगों की होगी एंट्री। फोटो- जदयू मीडिया

मुजफ्फरपुर, [अमरेंद्र तिवारी]। जनता दल (यू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष‌ सांसद राजीव कुमार उर्फ ‌ ललन सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा को मुजफ्फरपुर जिला संगठन की रूपरेखा तय करने का टास्क दिया है। राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश के मुताबिक जिला संगठन को संशोधित करने की कवायद तेज हो गई है। दो दिन पहले पटना में हुई बैठक से वापस आने के बाद जिला संगठन प्रभारी पूर्व मंत्री रंजू गीता, पूर्व विधायक प्रदीप सिंह, जिला अध्यक्ष मनोज कुमार किसान के साथ समता पार्टी कार्यकाल से जुड़े व चिंतन शिविर की टोली बैठकर एक पैनल तय करेगी। उसके बाद इस पर अंतिम मुहर राष्ट्रीय अध्यक्ष की लगेगी। इस संबंध में चिंतन शिविर के संयोजक प्रदेश सचिव व दरभंगा के संगठन प्रभारी रंजीत सहनी ने बताया कि जदयू की ताकत बढ़ाने व हर टोला तक पहुंचने की रणनीति बनी है। 

कहा कि जदयू के पुराने कार्यकर्ता हैं गांव में रहते हैं। वे यदि निष्क्रिय हैं तो उनको सक्रिय किया जाएगा। जो बुजुर्ग नेता हैं उन्हें संरक्षक मंडल में डालकर फिर 10 लोगों की नई कमेटी बनाई जाएगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष व प्रदेश अध्यक्ष के मार्गदर्शन व दिशा निर्देश के तहत जिले में संगठन को और मजबूत बनाया जा रहा है। सहनी की मानें तो दो दिनों के अंदर जिले के संगठन प्रभारी के साथ समता पार्टी कार्यकाल से जुड़े पुराने नेताओं मुख्य रूप से प्रोफेसर शब्बीर अहमद, नरेंद्र पटेल, रामाशंकर सिंह, अमरनाथ चंद्रवंशी, सौरभ कुमार साहब, शैलेश कुमार शैलू, अम्बरीश सिन्हा, ठाकुर हरकिशोर सिंह व पार्टी के विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी रहे लोगों के साथ एक बैठक होगी। उसमें जिला कमेटी पर चर्चा होगी। सबकी सहमति से नामों पर चर्चा होनी है। खासकर इस बात का ध्यान रखा जाएगा कि जनता दल यू में कांग्रेस छोड़कर आए अशोक चौधरी के साथ वाले कार्यकर्ता, हाल के दिनों में पूर्व केंद्रीय मंत्री जदयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के साथ आए और समता पार्टी की स्थापना काल से जुड़े कार्यकर्ताओं को जवाबदेही मिले।

उन्होंने कहा कि कई ऐसे कार्यकर्ता हैं जो विभिन्न प्रकोष्ठ के अध्यक्ष बने हुए हैं, लेकिन उनका पार्टी से कोई वास्ता नहीं है। बैनर-बैज लगाकर घूम रहे हैं। ‌वैसे लोगों की पहचान कर समिति से बाहर किया जाएगा। कांटी विधानसभा के नेता सौरभ कुमार साहब ने बताया कि संगठन को और धारदार बनाया जाएगा। जिससे आने वाले चुनाव में इसका शत प्रतिशत लाभ पार्टी को मिले। साहब ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष सांसद राजीव कुमार उर्फ ललन सिंह व प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा भी चाहते हैं कि मुजफ्फरपुर में संगठन मजबूत हो। मुजफ्फरपुर उत्तर बिहार की राजधानी है और यहां संगठन मजबूत होना ही चाहिए। सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए वृहद स्तर पर जनसंपर्क व जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत है। यह तभी संभव होगा जब समर्पित लोगों को संगठन से जोड़ा जाएगा। संगठन ऐसा होगा जो जिले की समस्या को सीधे नेतृत्व तक पहुंचाकर उसका निदान करा सकेगा। इससे कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगों का पार्टी के प्रति विश्वास मजबूत होगा। 

chat bot
आपका साथी