Muzaffarpur: डेडलाइन समाप्त, जिले के आधे बाढ़ पीडि़तों की सूची ही हो सकी अपडेट

जिले में 56 फीसद प्रभावित परिवारों की सूची ही अपलोड पूर्वी अनुमंडल के अंचलों की स्थिति काफी खराब। 75 फीसद से कम डाटा अपलोड करने वाले अंचलाधिकारियों से मांगा स्पष्टीकरण। डीएम ने 31 मई तक आपदा प्रबंधन विभाग के संपूर्ति पोर्टल पर डाटा अपलोड करने की तय की समय सीमा।

By Ajit KumarEdited By: Publish:Mon, 14 Jun 2021 11:44 AM (IST) Updated:Mon, 14 Jun 2021 11:44 AM (IST)
Muzaffarpur: डेडलाइन समाप्त, जिले के आधे बाढ़ पीडि़तों की सूची ही हो सकी अपडेट
डाटा अपडेट होने से बार-बार पीडि़त परिवारों का सर्वे भी नहीं करना पड़ेगा। फाइल फोटो

मुजफ्फरपुर, जासं। डीएम प्रणव कुमार के निर्देश के बाद भी जिले में बाढ़ प्रभावित परिवारों की सूची अपडेट करने में कई अंचलों की लापरवाही सामने आई है। इस कारण 31 मई की दी गई डेडलाइन समाप्त होने के दो सप्ताह बाद भी जिले में महज 56 फीसद परिवारों की सूची ही अपडेट हो सकी है। पूर्वी अनुमंडल के अंचलों की स्थिति बेहद खराब है। कई अंचलों में यह 50 फीसद से भी कम है। डीएम ने इसपर नाराजगी जताई है। उन्होंने 75 फीसद से कम डाटा अपडेट करने वाले 10 अंचलों के सीओ से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया है।

मालूम हो कि आपदा प्रबंधन विभाग के आपदा संपूर्ति पोर्टल पर आपदा प्रभावित परिवारों की सूची में आधार संख्या, मोबाइल नंबर, राशन कार्ड, जन्म तिथि वर्ष, आधार संख्या के नाम से सूची का मिलान कर उसे अपलोड करना है। बाढ़ आने पर इसी सूची के आधार पर पीडि़त परिवारों के खाते में राहत की राशि सीधे भेजी जाएगी। जो डाटा अपडेट नहीं होगा उस परिवार को राहत राशि नहीं भेजी जाएगी। वहीं डाटा अपडेट होने से बार-बार पीडि़त परिवारों का सर्वे भी नहीं करना पड़ेगा। इसके लिए डीएम ने 31 मई तक डाटा अपडेट कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया था। शनिवार तक पश्चिमी अनुमंडल क्षेत्र के अंचलों में 80 फीसद से अधिक डाटा अपलोड कर दिया गया। मोतीपुर में सबसे अधिक 94.38 फीसद डाटा अपलोड कर दिया गया। वहीं कांटी, साहेबगंज और सरैया में 80 फीसद से अधिक परिवारों की सूची अपलोड कर दी गई। इस अनुमंडल क्षेत्र के पारू और कुढऩी अंचल में कार्य बेहतर नहीं हो पाया है। पूर्वी अनुमंडल क्षेत्र में सिर्फ सकरा अंचल में 80 फीसद परिवारों की सूची अपडेट हो सकी है। औराई, बंदरा, बोचहां, मुरौल, मुशहरी, कटरा में स्थिति बेहद खराब है। जबकि बाढ़ से अधिक प्रभावित क्षेत्र इन्हीं अंचलों में आते हैं। सर्वाधिक बाढ़ प्रभावित कटरा में सबसे कम 41.80 फीसद डाटा ही अपलोड हो सका है।

इन अंचलों के सीओ से स्पष्टीकरण

औराई, बंदरा, बोचहां, मुरौल, गायघाट, कटरा, कुढऩी, मीनापुर, मुशहरी और पारू।

जिले में बाढ़ प्रभावित परिवारों के डाटा अपलोड की स्थिति

अंचल पीडि़त परिवार डाटा अपडेट प्रतिशत

औराई 88255 50628 57.37

बंदरा 39896 16870 42.28

मोतीपुर 8447 7972 94.38

बोचहां 85079 40888 48.06

मुरौल 27468 17867 65.05

गायघाट 81565 36407 44.64

कांटी 11331 9923 87.57

कटरा 78601 32858 41.80

कुढऩी 47942 29991 62.56

मीनापुर 79807 43385 54.36

मुशहरी 51922 31558 60.78

पारू 50595 26837 53.04

साहेबगंज 26550 22239 83.76

सकरा 55204 44710 80.99

सरैया 9493 7617 80.24

कुल 742155 419750 56.56  

chat bot
आपका साथी