महज दो धूर जमीन के विवाद में चली गई युवक की जान

महज दो धूर जमीन के विवाद में साहेबगंज थाना के वासुदेवपुर सराय गाव में जीतेंद्र साह उर्फ जीतू की जान चली गई।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 06 Jun 2021 01:13 AM (IST) Updated:Sun, 06 Jun 2021 01:13 AM (IST)
महज दो धूर जमीन के विवाद में चली गई युवक की जान
महज दो धूर जमीन के विवाद में चली गई युवक की जान

मुजफ्फरपुर : महज दो धूर जमीन के विवाद में साहेबगंज थाना के वासुदेवपुर सराय गाव में जीतेंद्र साह उर्फ जीतू की जान चली गई। इधर, शनिवार को पोस्टमार्टम से शव गाव पहुंचने पर वहां कोहराम मच गया। स्वजनों का रो- रोकर बुरा हाल होने लगा। इस संबंध में मृतक के चचेरे भाई विवेक कुमार ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। इस बीच पुलिस ने मुख्य आरोपित अजय साह व उसकी मां मीना देवी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, तीन अन्य लोगों को हिरासत में लिया है। जीतेंद्र मजदूरी कर परिवार की परवरिश करता था। पहले से उसके पास कुछ जमीन थी जो खानदानी थी। उस जमीन में उसके पट्टीदारों का भी हिस्सा है। सभी लोगों का घर अपने हिस्से में बना है। बावजूद एक- दो धूर जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया गया कि जीतेंद्र ने अपने घर में भरने के लिए एक ट्रेलर मिट्टी मंगवाई थी। इसी को लेकर पट्टीदार अजय साह से विवाद हो गया। तब अजय व उसके स्वजनों ने लाठी व कुदाल से पहले उसकी जमकर पिटाई कर दी, फिर चाकू घोंप हत्या कर दी। चाकू जीतेंद्र के सीने में लगी थी जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपित अजय साह तथा उसकी मा मीना देवी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। लोगों के अनुसार विवादित जमीन को लेकर दर्जनों बार गाव में पंचायत हो चुकी है। घटना के दिन जीतेंद्र अपने घर के अंदर मिट्टी भरने जा रहा था जहां कोई विवाद नहीं था, फिर भी हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्राथमिकी के आधार पर मुख्य आरोपित व उसकी मां को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी शीघ्र की जाएगी।

chat bot
आपका साथी