मधुबनी के ग्राम पंचायतों में किया जाएगा मॉडल नागरिक चार्टर का निर्माण

मेरी पंचायत मेरा अधिकार-जन सेवाएं आपके द्वार अभियान के तहत होगा निर्माण सभी ग्राम पंचायतों में 15 अगस्त तक कर लिया जाना है मॉडल नागरिक चार्टर का निर्माण जिला स्तर पर डीपीआरओ एवं प्रखंड स्तर पर बीपीआरओ बनाए गए नोडल पदाधिकारी

By Dharmendra Kumar SinghEdited By: Publish:Mon, 02 Aug 2021 04:58 PM (IST) Updated:Mon, 02 Aug 2021 04:58 PM (IST)
मधुबनी के ग्राम पंचायतों में किया जाएगा मॉडल नागरिक चार्टर का निर्माण
ग्राम पंचायतों के माध्यम से मॉडल नागरिक चार्टर का निर्माण किया जाएगा। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

मधुबनी, जासं। मेरी पंचायत, मेरा अधिकार-जन सेवाएं आपके द्वार अभियान के तहत ग्राम पंचायतों के माध्यम से मॉडल नागरिक चार्टर का निर्माण किया जाएगा। यह कार्य 15 अगस्त तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। ग्राम पंचायतों से प्रदान की जाने वाली सेवाओं में पारदर्शिता लाने, दक्षता बढ़ाने, पंचायतों में नवीन प्रवृत्तियों का संचार करने एवं एकीकृत रूप से सेवाओं को पंचायत स्तर पर उपलब्ध कराने के लिए मॉडल नागरिक चार्टर बनाया जाएगा। ग्राम पंचायत मॉडल नागरिक चार्टर एक दस्तावेज होगा। यह चार्टर सेवा वितरण के मानक, गुणवत्ता, समय सीमा, शिकायत निवारण तंत्र, पारदर्शिता और जवाबदेही के प्रति पंचायतों की प्रतिबद्धता व्यक्त करेगा। केंद्रीय पंचायती राज मंत्रालय ने मॉडल नागरिक चार्टर के क्रियान्वयन के लिए मेरी पंचायत, मेरा अधिकार-जन सेवाएं आपके द्वार अभियान को प्रारंभ किया है। इस अभियान का मुख्य लक्ष्य प्रत्येक ग्राम पंचायतों में प्रदान की जाने वाली नागरिक सेवाओं की प्रकृति के अनुसार ग्राम पंचायत मॉडल नागरिक चार्टर निर्मित करना है।

विशेष ग्राम सभा से कराना होगा अनुमोदन :

समयबद्ध अभियान के तहत निर्मित मॉडल नागरिक चार्टर को 15 अगस्त से पूर्व विशेष ग्राम सभा आयोजित कर अनुमोदित करा लेना है। विशेष ग्राम सभा आयोजित करने का दायित्व संबंधित ग्राम पंचायत को सौंपा गया है। ग्राम पंचायत मॉडल नागरिक चार्टर तैयार करने के लिए नागरिक सेवा प्रदान करने वाले संबंधित लाइन विभागों के फ्रंट लाइन कर्मियों की नियुक्ति करेगी। इस अभियान के क्रियान्वयन एवं सफल संचालन के लिए राज्य स्तर पर पंचायत संसाधन केंद्र, पटना के व्याख्याता नौशाद अहमद खां को नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है। जबकि, जिला स्तर पर जिला पंचायत राज पदाधिकारी एवं प्रखंड स्तर पर प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी को नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है। नोडल पदाधिकारी को इस अभियान की पूरी प्रक्रिया का समन्वयन एवं निगरानी सुनिश्चित करने की जवाबदेही सौंपी गई है।

ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम पंचायत स्तरीय कार्यपालक सहायक समन्वयक एवं सुविधा प्रदाता के रूप में कार्य करेंगे। जिन पंचायतों में कार्यपालक सहायक कार्यरत नहीं होगा, उन पंचायतों के पंचायत सचिव सुविधा प्रदाता होंगे और संबंधित लेखापाल सह आइटी सहायक उनके कार्य में सहयोग करेंगे।

मंत्रालय ने विकसित किया विशेष अभियान वेब पोर्टल :

इस अभियान के क्रियान्वयन के लिए केंद्रीय पंचायती राज मंत्रालय ने विशेष अभियान वेब पोर्टल विकसित किया है। इस पोर्टल पर अभियान से संबंधित आंकड़ों, नोडल अधिकारी एवं फैसिलेटेटर का रजिस्ट्रेशन, विशेष ग्राम सभा का कैलेंडर अपलोड करना, ग्राम सभा की बैठक के उपरांत ग्राम सभा का संकल्प अपलोड करना एवं अभियान से संबंधित अन्य आंकड़ों की प्रविष्टि की जाएगी।

जिला एवं प्रखंड स्तर पर गठित नियंत्रण कक्ष सह पीएम यूनिट इस अभियान के ससमय कार्यान्वयन एवं अनुश्रवण कार्य में नोडल पदाधिकारी को सहयोग करेंगे। पंचायती राज विभाग के निदेशक हरेन्द्र नाथ दूबे ने केंद्रीय पंचायती राज मंत्रालय के पत्र एवं मॉडल नागरिक चार्टर का प्रपत्र जिला पदाधिकारी, डीडीसी सह जिला परिषद के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी एवं जिला पंचायत राज पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए भेजा है। पंचायती राज विभाग के निदेशक ने 15 अगस्त तक की निर्धारित अवधि में इस अभियान को क्रियान्वित करने, विशेष ग्राम सभा का आयोजन करने एवं मॉडल नागरिक चार्टर निर्मित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। वहीं, इस निदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए जिला पंचायत राज पदाधिकारी ने जिले के सभी प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारियों एवं बीडीओ को निदेशित किया है।

chat bot
आपका साथी