मधुबनी : चोरी के दौरान लोगों से घिरता देख बदमाशों ने की फायरिंग, एक युवक जख्मी

Madhubani Crime News रुद्रपुर थाना क्षेत्र के जलसैन गांव में शनिवार रात चोरी के दौरान ग्र्रामीणों से घिरता देख बदमाश फायरिंग कर भागने लगे। इसमे एक युवक जख्मी लोगों ने एक बदमाश को पकड़ा और उसे जमकर पीटा।

By Murari KumarEdited By: Publish:Sun, 16 May 2021 10:38 PM (IST) Updated:Sun, 16 May 2021 10:38 PM (IST)
मधुबनी : चोरी के दौरान लोगों से घिरता देख बदमाशों ने की फायरिंग, एक युवक जख्मी
सड़क जाम कर रहे लोगों को समझाती पुलिस

अंधराठाढ़ी (मधुबनी), जासं। रुद्रपुर थाना क्षेत्र के जलसैन गांव में शनिवार रात चोरी के दौरान ग्र्रामीणों से घिरता देख बदमाश फायरिंग कर भागने लगे। बदमाशों की गोली से गांव का युवक रमेश कुमार घायल हो गया। इस बीच इसमें लोगों ने एक बदमाश को हथियार के साथ पकड़ा और जमकर पिटाई की। बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। 

उधर, पिछले दो दिनों में छह घरों में हुई चोरी से आक्रोशित लोगों ने रुद्रपुर थाने को घेर लिया। साथ ही अंधराठाढ़ी-अररिया मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। टायर जलाकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। वे थाना प्रभारी अशोक कुमार को निलंबित करने की मांग पर अड़े थे। सूचना पर पहुंचे डीएसपी आशीष आनंद ने स्थिति को नियंत्रित किया। उन्होंने जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी और थानाध्यक्ष अशोक कुमार के तबादले का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम हटा। बताया कि गिरफ्तार अपराधी फुलपरास थाना क्षेत्र के बेलमोहन गांव का अमरेंद्र पासवान है।   उसके पास से एक पिस्टल मिली। उसे डीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। वह चोरी और लूट की कई घटनाओं में शामिल रहा है। उसके साथियों की तलाश जारी है। 

मौके पर पहुंच डीएसपी ने संभाली स्थिति : 

सूचना मिलते ही डीएसपी आशीष आनंद और सर्किल इंस्पेक्टर महफू•ा आलम दल-बल के साथ मौका-ए-वारदात पर पहुंचे और लोगों को समझा स्थिति को नियंत्रित किया। डीएसपी आशीष आनंद ने लोगों को पुलिस पर भरोसा रखने का आग्रह किया। कहा कि पुलिस इस बाबत जल्द ही कुछ ठोस कार्रवाई करेगी। बाद में मौके पर एसडीओ शैलेश कुमार चौधरी, बीडीओ राजेश्वर राम और अंचलाधिकारी प्रवीण वत्स भी पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता की। डीएसपी ने जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी, सअनि अशोक कुमार को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर और थानाध्यक्ष अशोक कुमार का जल्द ही तबादला करने का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद लोगों ने सड़क जाम खत्म किया।

पकड़ा गया अपराधी पुराना हिस्ट्रीशीटर :

 पकड़े गए अपराधी की पहचान अमरेंद्र पासवान गांव बेलमोहन थाना फुलपरास के रूप में हुई है। डीएसपी आशीष आनंद ने बताया कि फरार बदमाशों की तलाश के लिए टीम का गठन किया गया है। पुलिस पकड़े गए बदमाश से पूछताछ में जुटी है। उनके पास से प्रतिबंधित पिस्टल भी बरामद हुई है। घायल बदमाश को डीएमसीएच में भर्ती कराया गया। डीएसपी ने बताया कि अमरेंद्र पासवान अपने साथी के साथ अब तक दर्जनों चोरी एवं लूट की घटना को अंजाम दे चुका है। उन्होंने बताया कि अन्य साथी को भी चिह्नित कर लिया गया है। एफआइआर दर्ज कर छापेमारी की जा रही है।

 
chat bot
आपका साथी