मुजफ्फरपुर में शव के साथ प्रदर्शन कर रहे लोगों पर लाठीचार्ज और फायरिंग, एक गंभीर रूप से जख्मी

साहेबगंज थाना अंतर्गत बसतपुर चैनपुर में शव के साथ प्रदर्शन कर रहे आक्रोशित लोगों ने समझाने गई पुलिस टीम को ग्रामीणों ने बनाया बंधक विभिन्न थानों से पहुंची पुलिस। लाठीचार्ज में मृतक का पुत्र गंभीर रूप से जख्मी एसकेएमसीएच किया गया रेफर।

By Murari KumarEdited By: Publish:Mon, 21 Jun 2021 09:00 AM (IST) Updated:Mon, 21 Jun 2021 09:00 AM (IST)
मुजफ्फरपुर में शव के साथ प्रदर्शन कर रहे लोगों पर लाठीचार्ज और फायरिंग, एक गंभीर रूप से जख्मी
पुलिस टीम को बंधक बनाकर शव के साथ प्रदर्शन कर रहे आक्रोशित लोग।

मुजफ्फरपुर, जासं। साहेबगंज थाना अंतर्गत बसतपुर चैनपुर में पुलिस टीम को बंधक बनाकर शव के साथ प्रदर्शन कर रहे आक्रोशित लोगों पर पुलिस ने पहले लाठीचार्ज और फिर फायरिंग की। हालांकि, इसमें कोई हताहत नहीं हुआ। बताया गया कि मारपीट में घायल शिवनाथ भगत की मौत के बाद शव पहुंचने पर आक्रोशित लोग आरोपित के दरवाजे के समक्ष दाह संस्कार पर अड़ गए। सूचना पर सुदर्शन प्रसाद के नेतृत्व में पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग उग्र हो गए तथा तथा पुलिस पार्टी को बंधक बना लिया।

 घटनास्थल पर फंसे पुलिस दल ने थानाध्यक्ष को मोबाइल फोन पर इसकी सूचना दी। थानाध्यक्ष ने वस्तुस्थिति से एसडीपीओ सरैया को अवगत कराया गया। तब विभिन्न थानों से बुलाई गई पुलिस टीम वहां पहुंचीे। पहले पुलिस ने शव के साथ प्रदर्शन कर रहे लोगों पर जमकर लाठी बरसाई। इसमें मृतक का पुत्र रामभरोस भगत गंभीर रूप से घायल हो गया। पीएचसी में उपचार के बाद डाक्टरों ने रामभरोस भगत को एसकेएमसीएच रेफर कर दिया। लाठी चार्ज के बाद लोग उग्र हो गए तथा पुलिस टीम पर धावा बोल दिया। पुलिस ने लोगों को तितर- वितर करने के लिए हवाई फायरिंग की।

 लोगों के अनुसार पुलिस ने नौ राउंड फायरिंग की, जबकि पुलिस तीन राउंड फायरिंग की बात कह रही है। पुलिस की गोली से किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, जबकि पुलिस लाठी चार्ज से दर्जनभर लोग चोटिल हुए हैं। समाचार लिखे जाने तक दाह संस्कार नहीं हो पाया था। प्रशासनिक देखरेख में मृतक का दाह संस्कार कराने की तैयारी की जा रही है। जानकारी हो कि 4 जून को हुई मारपीट में शिवनाथ भगत गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनका इलाज पटना में हो रहा था। इसी दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने घटना के विरुद्ध पांच लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार किया था।

chat bot
आपका साथी