जानिए कहां हथकड़ी में ही शादी करने पहुंच गया दूल्हा, दुल्हन ने दिया ऐसा Reaction

न्यायालय के आदेश पर पुलिस अभिरक्षा में शादी करने पहुंचा था युवक। बाइक चोरी का आरोपित दूल्हे को दो दिन पहले पुलिस ने किया था गिरफ्तार।

By Ajit KumarEdited By: Publish:Mon, 17 Feb 2020 12:10 PM (IST) Updated:Mon, 17 Feb 2020 12:10 PM (IST)
जानिए कहां हथकड़ी में ही शादी करने पहुंच गया दूल्हा, दुल्हन ने दिया ऐसा Reaction
जानिए कहां हथकड़ी में ही शादी करने पहुंच गया दूल्हा, दुल्हन ने दिया ऐसा Reaction

पश्चिम चंपारण, जेएनएन। बनावट के वसूल बहुत देर तक नहीं टिकते। रोचक यह कि जब सच्चाई सामने आती है तो स्थिति बहुत हास्यास्पद हो जाती है। जिले के जगदीश पुर थाना अंतर्गत झखरा गांव में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। बीती रात वहां एक बरात पहुंची। उसे देखकर सभी दंग रह गए। दरअसल, दूल्हा हथकड़ी पहने हुए था। बरात में दूल्हे के स्वजनों के अतिरिक्त सभी पुलिस वाले थे। लड़कीवालों को माजरा समझते देर नहीं लगी। धीरे-धीरे आसपास के लोग भी दूल्हे को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं करने लगे। 

 यह बरात जब दुल्हन के दरवाजे पर पहुंची तो हथकड़ी में दूल्हे को देख दुल्हन का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया। उसने शादी से इंकार कर दिया। हालांकि उसे समझाने की बहुत कोशिश की गई, लेकिन वह अपने निर्णय पर अडिग रही। आखिरकार, देर रात बरात वापस लौट गई और दूल्हा जेल पहुंच गया। चार वैन पुलिस के साथ बरात गई थी।

दरअसल , मनुआपुल थाने के ओझाटोला गांव निवासी कुंदन पटेल की शादी झखरा गांव में तय हुई थी। शादी की तैयारी लड़की पक्ष की ओर से की गई थी। इस बीच बाइक चोरी के मामले में पुलिस ने दो दिन पूर्व आरोपित कुंदन पटेल को गिरफ्तार कर लिया। लंबे समय से आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही थी। लेकिन, हर बार वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो जाता था।

बताया जाता है कि रिश्ते तय करते वक्त लड़की के परिजन को सही जानकारी नहीं दी गई।  उसे बताया गया था कि दूल्हा राज्य के बाहर किसी ट्रक का ड्राइवर है।  इस बीच पुलिस को सूचना मिली कि बाइक चोरी का आरोपित गांव आया हुआ है। टीम ने उसे अपने घेरे में लिया और अंतत: गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। इसके बाद जेल भेज दिया गया। हालांकि कोर्ट ने शादी के लिए पैरोल मंजूर कर लिया। इसके बाद वह शादी करने आया। 

chat bot
आपका साथी