मधुबनी के दामोदरपुर गांव में दो दिनों में दो महिलाओं की मौत से मातमी सन्नाटा, थम नहीं रहे आंसू

अब तक जख्मी दो महिलाओं की मौत। पीएमसीएच में इलाज के दौरान हुई मौत। आधा दर्जन लोगों की हालत नाजुक। दामोदरपुर गैस सिलेंडर विस्फोट कांड में मृत महिला के पति व पुत्री की हालत गंभीर। इलाज के लिए ये दोनों अस्पताल में भर्ती।

By Ajit KumarEdited By: Publish:Wed, 08 Dec 2021 10:58 AM (IST) Updated:Wed, 08 Dec 2021 10:58 AM (IST)
मधुबनी के दामोदरपुर गांव में दो दिनों में दो महिलाओं की मौत से मातमी सन्नाटा, थम नहीं रहे आंसू
घटना के बाद से गांव में कोहराम मचा हुआ है।

बेनीपट्टी (मधुबनी), जासं। बेनीपट्टी प्रखंड के दामोदरपुर गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। दो दिनों में सिलेंडर विस्फोट से जख्मी दो महिलाओं की मौत पीएमसीएच में इलाज के दौरान हो चुकी है। वहीं, करीब आधा दर्जन लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है। मंगलवार की सुबह घायल 75 वर्षीय कौशल्या देवी के मौत की खबर पहुंचते ही गांव में कोहराम मच गया। मृतका के पति डॉ. महेश ठाकुर व पुत्री रेणु देवी भी घायल हैं और उनका इलाज भी पीएमसीएच में चल रहा है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। इससे पूर्व सोमवार की शाम गैस सिलेंडर बिस्फोट में जख्मी निवर्तमान वार्ड सदस्या रिंकू देवी की मौत हो चुकी है। उनकी मौत होने से उनके तीन बच्चों के सिर से मां का साया उठ चुका है। सोमवार की रात ग्रामीण उनका दाह-संस्कार कर लौटे ही थे कि मंगलवार की सुबह कौशल्या देवी के मौत की खबर ने ग्रामीणों को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों के अनुसार आधा दर्जन लोगों की हालत चिंताजनक बनी हुई है। लोग ईश्वर से प्रार्थना करने लगे हैं कि अब किसी घायल की मौत की खबर उन्हें ना मिले। गैस सिलेंडर विस्फोट के बाद गांव के करीब एक दर्जन परिवार के लोग इस त्रासदी से जूझ रहे हैं। बच्चे व महिलाओं का चित्कार रूकने का नाम नहीं ले रहा। उनकी चित्कार सुन सांत्वना देने पहुंचने वाले लोगों की आंखें भी नम हो रही है। गांव में दो दिनों में दो अर्थियां उठ चुकी हैं। घटना के बाद से गांव में कोहराम मचा हुआ है। गांव की सड़कें सुनसान नजर आ रही हैं।

सिलेंडर विस्फोट के लिए इंडियन ऑयल पूरी तरह जिम्मेवार : विधायक

भाजपा विधायक व पूर्व मंत्री विनोद नारायण झा ने मंगलवार को दामोदरपुर गांव पहुंचकर गैस सिलेंडर विस्फोट में घायल एवं मृतकों के स्वजनों से मिलकर घटना की जानकारी ली। विधायक ने कहा कि इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन इस घटना के लिए पूरी तरह जिम्मेवार है। बिहार सरकार आपदा राहत कोष से मुआवजा देगी। कहा कि मानक अनुसार गैस सिलेंडर नहीं होने के कारण यह घटना घटी। इस हृदय विदारक घटना में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है, 10 जख्मी हैं। इंडियन ऑयल नौकरी व आर्थिक मदद के लिए आगे आकर अपने भूमिका का निर्वाहन करें। कोताही बरतने पर हम चुप नहीं बैठेंगे।

सरकार व प्रशासन को जो करना है वह करेगी, लेकिन इंडियन ऑयल पीड़ित लोगों को सहायता व नौकरी उपलब्ध कराएं। इंडियन ऑयल के कोड में मदद का प्रावधान है। दामोदरपुर की यह घटना दुखद है। कहा कि मुख्यमत्री नीतीश कुमार एवं जिलाधिकारी से बातें कर आपदा राहत कोष से सहायता दिलाने का प्रयास करूंगा। इंडियन ऑयल के पदाधिकारी से बातें कर जल्द से जल्द पीड़ितों को आर्थिक मदद व नौकरी के लिए बात की जाएगी। इस अवसर पर दामोदरपुर पंचायत के मुखिया विनय कुमार झा, पंचायत समिति सदस्य अशुतोष कुमार झा, पंचायत समिति सुधीर कुमार मिश्र, भाजपा के मंडल अध्यक्ष विमल कुमार झा, जयसुन्दर मिश्र, प्रो. मदन कुमार कर्ण, ब्रह्मपुरा पंचायत के मुखिया डॉ. शैलेन्द्र झा, शिवम कुमार, फूलकांत झा, राजीव कुमार झा सहित अन्य लोग मौजूद थे। 

chat bot
आपका साथी