ब‍िहार में बोले ग‍िर‍िराज स‍िंह- देश में कुछ लोगों का कोई काम नहीं, सिवाए आबादी बढ़ाने के

केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री गिरिराज सिंह ने भाजपा किसान मोर्चा की प्रदेश कार्य समिति की बैठक में पीएम मोदी की तुलना की राजा जनक से बोले- पीएम मोदी भी राजा विदेह कहा-किसानों के लिए जितने ऋण माफी की बात कर रही कांग्रेस उससे ज्यादा पीएम मोदी ने खाते में दिया।

By Dharmendra Kumar SinghEdited By: Publish:Sun, 12 Sep 2021 09:23 PM (IST) Updated:Sun, 12 Sep 2021 09:24 PM (IST)
ब‍िहार में बोले ग‍िर‍िराज स‍िंह- देश में कुछ लोगों का कोई काम नहीं, सिवाए आबादी बढ़ाने के
केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री गिरिराज सिंह व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय एक दूसरे का स्वागत करते हुए। जागरण

दरभंगा, जासं। साठ के दशक में देश में खाने को अन्न नहीं था। देश में ग्रामीण अर्थव्यवस्था होती तो दूसरी की ओर नहीं देखना पड़ता। लाल बहादुर शास्त्री के बाद लोगों के दिलों को जीतना वाला यदि देश को कोई प्रधानमंत्री हुआ तो वह नरेंद्र मोदी है। उपरोक्त बातें केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री सह बेगूसराय के सांसद गिरिराज सिंह ने कही। वे रविवार को ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय स्थित जुबली हाल में भाजपा किसान मोर्चा के दो दिवसीय प्रदेश कार्य समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। कहा- देश में कुछ लोगों ने कसम खा लिया है, कुछ करना हैं या नहीं करना है, आबादी बढ़ाना है।

यह भी पढ़ें: अपनी बेटी की इज्जत को बैंक मैनेजर तीन साल से कर रहा तार-तार, जांच में जुटी मुजफ्फरपुर पुलिस

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का जिक्र करते गिरिराज सिंह ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री कहते थे कि देश के संसाधन पर पहला अधिकारी अल्पसंख्यकों का है। मनमोहन सिंह की तरह मोदी सरकार यह नहीं कह रही है। मोदी की सरकार हर सेक्टर में सभी के लिए कार्य कर रही है। औसतन देश में प्रतिदिन दो नए कॉलेज खुल रहे है। बिहार में तेजी से नली-गली की व्यवस्था की जा रही है। कहा कि देश के अंदर एक ऐसी सरकार है जो सभी की चिंता कर रही है। गिरिराज ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में मनरेगा भष्ट्राचार का पर्यायवाची बन गया था।

कहा- कुछ लोग पीएम मोदी को बदनाम करने में लगे हुए है। भारत सरकार की ओर से खाद की कोई दिक्कत नहीं है। लोग केंद्र सरकार की ओर से किसानों के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं। आधी आबादी को सबल बनाने की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की योजनाओं को घर-घर पहुंचाने की अपील की। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जनक की यह धरती विदेह है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी राजा विदेह है। गिरिराज ने कहा कि खेती के साथ-साथ पशुपालन भी करें। आज जिन किसानों के पास पशु है, उन्होंने कभी आत्महत्या नहीं की। उन्होंने किसान मोर्चा के सदस्यों को केंद्रीय योजनाओं का लाभ उठाकर अपने साथ-साथ दूसरे का जीवन संवारने का मंत्र दिया।

पीएम के हाथों देश सुरक्षित, सड़कों पर उतरने लगे जहाज : नित्यानंद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के हाथों देश की सीमा सुरक्षित है। दुश्मन आंख दिखाने की हिम्मत नहीं कर सकते। हमारी सरकार ना केवल हवाई पट्टी पर हवाई जहाज उतार सकती है, बल्कि अब हम सड़क पर भी हवाई जहाज उतारने की क्षमता रखते है। यह भारतीय फौज ने कर दिखाया है। यह बातें केंद्रीय गृह राज्यमंत्री सह उजियारपुर के सांसद नित्यानंद राय ने कही। भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश कार्य समिति की दो दिवसीय सम्मेलन के अंतिम दिन बतौर मुख्य अतिथि वे सभा को संबोधित कर रहे थे। कहा- देश की सुरक्षा में सीमा पर तैनात जवानों को अब गोली चलाने के लिए दिल्ली से परमिशन नहीं लेना पड़ता। वे सीधे ''भारत माता की जय'' कह गोली चलाते हैं।

कांग्रेस पर निशाना साधते नित्यानंद राय ने कहा कि किसानों को ऋण माफी की जितनी रकम की बात कांग्रेस पार्टी करती है, उससे कहीं ज्यादा रकम डीबीटी के माध्यम से मोदी सरकार किसानों के खाते में डाल चुकी है। कृषि कानून पर चर्चा करते उन्होंने कहा कि केंद्रीय कृषि मंत्री विपक्ष को यह कहते-कहते थक गए कि कृषि कानून की खामियों को बताएं, लेकिन कोई सामने नहीं आया। उन्होंने कहा कि डीजल की बढ़ती कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार से तय होती है। इसपर वश नहीं है। नरेंद्र मोदी की सरकार में किसानों की आमदनी बढ़ी है। आज सरकार खेतों में सिंचाई की व्यवस्था को लेकर फीडर लगा रही है। हम किसानों के खेत में सीधे बिजली पहुंचा रहे है। बिजली मिलने से खेती सस्ती दर पर होगी। इससे किसानों को दस गुणा फायदा पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि न्यूनतम समर्थन मूल्य के बारे में किसानों को जागरूक करें। उन्होंने कहा कि सात वर्षों में किसानों की जितनी चिंता मोदी सरकार ने की है, आज से पहले किसी सरकार ने नहीं की।

कार्यकर्ताओं से कहा कि किसानों को वर्षों तक गुलाम रखने वाले वैसे राजनीतिक पार्टियों से सवाल पूछे जो उन्हें गुमराह कर रहे है। सभा को सूबे के श्रम संसाधन मंत्री जीवेश कुमार सहित जगन्नाथ ठाकुर, मनसुख भाई आदि ने संबोधित किया। मौके पर सांसद गोपालजी ठाकुर, मधुबनी के सांसद डा. अशोक कुमार यादव, नगर विधायक संजय सरावगी, बिस्फी विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल, हायाघाट विधायक रामचंद्र प्रसाद, केवटी विधायक डा. मुरारी मोहन झा, विधान पार्षद अर्जुन सहनी, पूर्व विधायक सुनील चौधरी, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सरोज रंजन पटेल आदि मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी