प्रतिमा पर माल्यार्पण करने पहुंचे कांग्रेसी तो बंद मिला पार्क, हंगामा

मुजफ्फरपुर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की मंगलवार को जयंती थी।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 20 Nov 2019 02:06 AM (IST) Updated:Wed, 20 Nov 2019 06:13 AM (IST)
प्रतिमा पर माल्यार्पण करने पहुंचे कांग्रेसी तो बंद मिला पार्क, हंगामा
प्रतिमा पर माल्यार्पण करने पहुंचे कांग्रेसी तो बंद मिला पार्क, हंगामा

मुजफ्फरपुर : पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की मंगलवार को जयंती थी। जिले के कांग्रेसी दोपहर 12.30 बजे कंपनीबाग प्रियदर्शनी पार्क स्थित उनकी प्रतिमा पर जब माल्यार्पण को पहुंचे तो वह बंद मिला। पार्क के मुख्य द्वार पर ताला लगा था। इसे देख कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता भड़क गए और जमकर हंगामा किया। उपेक्षा के लिए निगम को जिम्मेदार ठहराते हुए अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार मुकुल ने कहा कि जयंती पर भी इंदिरा गांधी की प्रतिमा प्रियदर्शनी पार्क में कैद रही। निगम प्रशासन ने न पार्क खोलना जरूरी समझा और न ही वहां की साफ-सफाई कराना। काफी हंगामे के बाद पार्क पर लगा ताला खुला तब जाकर कांग्रेसियों ने प्रतिमा स्थल की साफ-सफाई की और प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

-----------------------

कांग्रेस कार्यालय में जयंती समारोह

जिला कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का जयंती समारोह तिलक मैदान स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित किया। पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने इंदिरा गांधी की तस्वीर पर माल्यार्पण किया। जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार मुकुल ने कहा कि इंदिरा गांधी आयरन लेडी थीं। देश के लिए उन्होंने अपना बलिदान दिया है। देश के नवनिर्माण में उनकी भूमिका अहम रही है। मौके पर उमा शंकर सिंह, राम प्रताप नीरज, डॉ. नूर आलम, जितेंद्र मंडल, मनौवर आजम, वेद प्रकाश, केदार पटेल, कौशल किशोर चौधरी आदि थे।

विभिन्न संस्थाओं ने भी दी श्रद्धांजलि

भारतीय संविधान जागृति मोर्चा द्वारा भगवानपुर यादव नगर में इंदिरा गांधी जयंती समारोह हुआ। मनोज कुमार यादव की अध्यक्षता में नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि दी। अखिल भारतीय अनुसूचित जाति परिषद के अध्यक्ष एवं कांग्रेस नेता उमेश कुमार राम के नेतृत्व में भी जयंती समारोह आयोजित किया गया।

chat bot
आपका साथी