मुजफ्फरपुर में जानकारी और जागरूकता की कमी से महिलाएं हो रहीं बीमारियों की शिकार

आरडीएस कॉलेज में मंगलवार को नारी स्वास्थ्य और स्वच्छता विषय पर सेमिनार का आयोजन किया गया।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 10 Mar 2021 06:15 AM (IST) Updated:Wed, 10 Mar 2021 06:15 AM (IST)
मुजफ्फरपुर में जानकारी और जागरूकता की कमी से महिलाएं हो रहीं बीमारियों की शिकार
मुजफ्फरपुर में जानकारी और जागरूकता की कमी से महिलाएं हो रहीं बीमारियों की शिकार

मुजफ्फरपुर। आरडीएस कॉलेज में मंगलवार को नारी स्वास्थ्य और स्वच्छता विषय पर सेमिनार का आयोजन किया गया। यह आयोजन अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर स्नातकोत्तर दर्शनशास्त्र विभाग व वनस्पति विज्ञान विभाग के सौजन्य से हुआ। इसकी शुरुआत दीप प्रज्वलन व गणेश वंदना से हुई। मुख्य वक्ता स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ.कुलदीप कौर ने कहा कि स्वस्थ नारी ही स्वस्थ समाज का निर्माण कर सकती है। सबल और स्वस्थ नारी देश को खुशहाल रख सकती है। 21वीं सदी में नारी जागरूक तो हुई है लेकिन वर्तमान में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का अभाव है। विशेषकर ग्रामीण महिलाएं स्वास्थ्य के प्रति लापरवाह रहती हैं। जानकारी के अभाव में कई बीमारियों की शिकार हो जाती हैं। नारियों में सर्वाइकल कैंसर, पेट दर्द, सिर दर्द, यूट्रस की समस्याएं, कुपोषण आदि आम बीमारियां हैं। इसे जागरूकता एवं स्वच्छता के माध्यम से ही दूर किया जा सकता है। समय-समय पर मेडिकल चेकअप अनिवार्य है। एमएसकेबी महाविद्यालय के गृह विज्ञान की विभागाध्यक्ष डॉ.अंजली चंद्रा ने महिला को विकास की आधारशिला बताया। कहा कि कृषि कार्य में 70 फीसद महिलाएं कार्यरत हैं लेकिन वे स्वास्थ्य के प्रति जागरूक नहीं हैं। स्वच्छता एवं जागरूकता के अभाव में कई बीमारियों की शिकार हो रही हैं। ऐसे में जरूरी है कि कार्य के साथ-साथ स्वास्थ्य पर भी ध्यान दें। अध्यक्षता प्राचार्य डॉ.अमिता शर्मा ने की। कहा कि आज नारी अपनी प्रतिभा से दुनिया में परचम लहरा रही हैं। नारियों में शैक्षिक जागृति अनिवार्य है। बेटे की तरह बेटियों को भी रोजगार एवं शिक्षा का अवसर मिलना चाहिए। कार्यक्रम की समाप्ति पर एक सौ से अधिक छात्राओं एवं महिलाओं के बीच हेल्थ किट बांटे गए। कार्यक्रम में डॉ.अनीता सिंह, डॉ.अनीता घोष, डॉ.नीलिमा झा, डॉ.इंद्रा कुमारी, डॉ.राजीव कुमार, डॉ.सुमन लता, डॉ.रामकुमार, डॉ.रजनीश कुमार गुप्ता, डॉ.रमेश प्रसाद गुप्ता, डॉ.ऋतुराज वर्मा, डॉ.गणेश कुमार, डॉ.ललित किशोर आदि मौजूद रहे। विषय प्रवेश डॉ.एलके साह, मंच संचालन डॉ.पयोली व धन्यवाद ज्ञापन डॉ.रंजना कुमारी ने किया।

पोस्टर मेकिग में ऋतिक रोशन अव्वल : दूसरे सत्र में आज के दौर में नारी विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें 50 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रथम स्थान ऋतिक रोशन, द्वितीय स्थान पर वर्षा कुमारी, तृतीय स्थान पर अतीश आलम, चतुर्थ स्थान पर मोना झा रहीं। निर्णायक की भूमिका में डॉ.रजनीश कुमार गुप्ता, डॉ.एमएन रिजवी, डॉ.एस के पौल, डॉ.रामकुमार, डॉ.राजीव कुमार एवं डॉ.सौरव राज मौजूद रहे। सभी प्रतिभागियों को हेल्थ किट व सांत्वना पुरस्कार दिया गया।

chat bot
आपका साथी