East Champaran News: डीएम ने आन द स्पाट पताही के कृषि पदाधिकारी को किया बर्खास्त, जानिए मामला

East Champaran News जनशिकायत पर दिया चयनमुक्ति का आदेश प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी का हटाने का दिया निर्देश। डीएम ने कहा-किसान हमारे लिए भगवान का रूप इनको कष्ट देना बड़ा पाप। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं का त्वरित निष्पादन के लिए निर्देश दिया।

By Murari KumarEdited By: Publish:Mon, 30 Nov 2020 05:10 PM (IST) Updated:Mon, 30 Nov 2020 05:10 PM (IST)
East Champaran News: डीएम ने आन द स्पाट पताही के कृषि पदाधिकारी को किया बर्खास्त, जानिए मामला
पूर्वी चंपारण के पताही के कृषि पदाधिकारी को डीएम ने किया बर्खास्त

पूर्वी चंपारण, जेएनएन। जिले के पताही प्रखंड के बोकाने कलां पैक्स गोदाम में सोमवार को गैसीफायर राइस मिल सह ड्रायर का उद्घाटन जिलाधिकारी, शीर्षत कपिल अशोक ने फीता काटकर किया। इस मौके पर मिश्र टोला में आयोजित ज़िला कृषि टास्क फोर्स सह किसान गोष्ठी में उन्होंने किसानों की शिकायत पर आन द स्पाट पताही के कृषि पदाधिकारी को बर्खास्त करने का आदेश दिया। वहीं लापरवाही के आरोप में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को भी पताही से हटाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसान हमारे लिए भगवान का रूप होते हैं। इनको कष्ट देना बड़ा पाप के समान है।

 इस दौरान किसानों ने समय पर खाद बीज की अनुपलब्धता, सरकारी नलकूप की बदहाली, सड़कों व एप्रोच रोड की जर्जर स्थिति, खाद बीज खरीदगी का रसीद नहीं देने, राशन वितरण में अनियमितता तथा समर्थन मूल्य पर धान की खरीदारी नहीं किए जाने सहित कई ज्वलंत मुद्दों को उठाया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं का त्वरित निष्पादन के लिए निर्देश दिया।

 डीएम ने  कहा कि यहां के किसानों को पिपराकोठी कृषि अनुसंधान केंद्र में आधुनिक तरीके से खेती करने की विधि की जानकारी के लिए प्रशिक्षण लेने की जरुरत है। किसान अपने- अपने धान क्रय केंद्र में सामान्य धान प्रति क्विंटल 1868 तथा ए ग्रेड धान 1888 में बेचें। पताही प्रखंड में व्याप्त अनियमितता को लेकर डीएम श्री अशोक ने जिला कृषि पदाधिकारी चंद्रदेव प्रसाद  को पताही प्रखंड कृषि पदाधिकारी प्रकाश कुमार को चयनमुक्त करने तथा प्रखंड  आपूर्ति पदाधिकारी का स्थानांतरण करने का निर्देश दिया।

 मौके पर जिला पदाधिकारी ने बोकाने पैक्स को धान खरीददारी हेतु संबंधित अधिकारी को 40 प्रतिशत सीसी  बिना विलंब किए देने का निर्देश दिया। साथ ही देहाती क्षेत्र में पैक्स अध्यक्ष आलोक कुमार के गोदाम व मिलिंग की व्यवस्था की प्रशंसा की। किसान केदारनाथ मिश्र के खेतों में जाकर निरीक्षण करते हुए कहा कि किसान जैविक खेती पर जोर दें एवं अपने अपने क्षेत्रों में ही नकदी फसल यथा आलू, लहसुन, हल्दी, ओल व सब्जी की खेती कर खुशहाल हो।

 कार्यक्रम में डीएसपी सुनील कुमार सिंह, पकडीदयाल लोक सूचना अधिकारी बिंदा लाल प्रसाद , प्रसिद्ध गांधीवादी नारायण मुनि, पैक्स अध्यक्ष आलोक कुमार सिंह, प्रबंधक रजनीश कुमार, सदस्य नितेश मिश्रा, डॉ हरिशंकर सिंह रवि प्रकाश कश्यप चंदन कुमार नितेश कुमार, सुमन मिश्र, कृष्ण नंदन सिंह, मुखिया पति कौशल किशोर साह, पंडित केदारनाथ मिश्र ,रमेशचंद्र मिश्र, पैक्स अध्यक्ष अरविंद कुमार, शुभम शर्मा, बैजू दास, किसान संघ के अध्यक्ष, सतीश कुमार सिंह, नवल सिंह, रामविश्वास यादव, विनोद प्रसाद श्रीवास्तव, पीआरएस, निर्दोष कुमार सिंह, सहित कई किसानों ने अपने अपने विचार रखे।

chat bot
आपका साथी