मुजफ्फरपुर के महापौर सुरेश कुमार के भाग्य का फैसला आज

महापौर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के लिए शनिवार को प्रात 11 बजे चाक-चौबंद सुरक्षा के बीच निगम बोर्ड की बैठक होगी। निगम के 18 पार्षदों ने महापौर सुरेश कुमार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया है। वर्तमान बोर्ड में महापौर के खिलाफ दूसरी बार अविश्वास प्रस्ताव आया है।

By Ajit KumarEdited By: Publish:Sat, 24 Jul 2021 09:24 AM (IST) Updated:Sat, 24 Jul 2021 09:24 AM (IST)
मुजफ्फरपुर के महापौर सुरेश कुमार के भाग्य का फैसला आज
उपमहापौर की एकतरफा जीत से महापौर विरोधी खेमा उत्साहित।

 मुजफ्फरपुर, जागरण संवाददाता। महापौर सुरेश कुमार की कुर्सी रहेगी या जाएगी, इसका फैसला आज होगा। महापौर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के लिए शनिवार को प्रात : 11 बजे चाक-चौबंद सुरक्षा के बीच क्लब रोड स्थित आडिटोरियम में निगम बोर्ड की विशेष बैठक होगी। निगम के 18 पार्षदों ने महापौर सुरेश कुमार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया है। वर्तमान बोर्ड में महापौर के खिलाफ दूसरी बार अविश्वास प्रस्ताव आया है। पहली बार जुलाई 2019 में महापौर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव आया था जिसमें उनकी हार हो गई थी। उसके बाद हुए महापौर पद के चुनाव में उन्होंने फिर से वार्ड तीन के पार्षद राकेश कुमार को पराजित कर अपनी खोई कुर्सी हासिल कर ली थी। इस बार उनकी कुर्सी बचती है या जाती है यह निगम के पार्षद तय करेंगे। शुक्रवार को अविश्वास प्रस्ताव पर उपमहापौर मानमर्दन शुक्ला की एकतरफा जीत से महापौर विरोधी खेमा उत्साहित है। बावजूद वे महापौर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को लेकर सतर्क हैं। देर रात तक पार्षदों के साथ-साथ किंगमेकर भी अपनी रणनीति बनाने में व्यस्त रहे। दूसरी ओर महापौर समर्थक खेमा का नेतृत्व नंद कुमार प्रसाद साह रहे हैं। वे महापौर की कुर्सी बचाने के लिए देर रात तक एक बार फिर पार्षदों को गोलबंद करने के लिए सक्रिय रहे। 

महापौर के खिलाफ प्रस्ताव लाने वाले पार्षदों में वार्ड तीन के पार्षद राकेश कुमार, वार्ड दो की पार्षद गायत्री चौधरी, वार्ड पांच की पार्षद सीमा कुमारी, वार्ड सात की पार्षद सुषमा कुमारी, वार्ड 23 के पार्षद राकेश कुमार सिन्हा, वार्ड 10 के पार्षद अभिमन्यु कुमार, वार्ड 17 के पार्षद विकास कुमार, वार्ड 28 के पार्षद राजीव कुमार पंकू, वार्ड 45 के पार्षद शिव शंकर महतो, वार्ड 48 के पार्षद मो. हसन, वार्ड 47 की पार्षद गीता देवी, वार्ड 36 की पार्षद प्रियंका शर्मा, वार्ड 31 की पार्षद रूपम कुमारी, वार्ड 30 की पार्षद सुरभि शिखा, वार्ड 25 के पार्षद संतोष महाराज, वार्ड 29 की पार्षद रंजू सिन्हा, वार्ड 38 की पार्षद शबाना परवीन एवं वार्ड नौ के पार्षद एनामुल हक शामिल हैं।

वार्ड 39 की पार्षद मंजू देवी ने दिया इस्तीफा, आधा घंटे में वापस

मुजफ्फरपुर : शुक्रवार को एक नाटकीय घटनाक्रम में वार्ड 39 की पार्षद मंजू देवी ने नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रेय को अपना इस्तीफा सौंप दिया लेकिन आधे घंटे बाद ही उन्होंने इस्तीफा वापस ले लिया। उपमहापौर मानमर्दन शुक्ला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर फैसला आने के बाद खेमेबाजी में फंसी पार्षद ने दबाव में आकर इस्तीफा दिया था। बाद में कुछ पार्षदों के मान-मनौव्वल के बाद उन्होंने अपना इस्तीफा वापस लिया। उनपर किस तरह का दबाव था, इसके बारे में कुछ भी बताने से इन्कार कर दिया। सिर्फ इतना कहां कि अब सब ठीक है।  

chat bot
आपका साथी