मधुबनी में संदिग्ध हालत में रस्सी से लटका मिला महिला का शव

दो दिन पहले ही अपने घर आई थी महिला एक सप्ताह से थी घर से बाहर। शरीर पर चोट के कोई अन्य निशान नहीं मिले हैं। अब तक स्वजनों ने नहीं की लिखित शिकायत पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम में भेजा।

By Ajit KumarEdited By: Publish:Mon, 26 Oct 2020 11:45 AM (IST) Updated:Mon, 26 Oct 2020 11:45 AM (IST)
मधुबनी में संदिग्ध हालत में रस्सी से लटका मिला महिला का शव
शव की स्थिति देखने के बाद प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है।

मधुबनी, जेएनएन। जिला अंतर्गत बासोपट्टी थाना क्षेत्र के हत्थापुर परसा पंचायत अंतर्गत मानापट्टी गांव में रविवार को संदेहास्पद स्थिति में एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान मानापट्टी गांव निवासी रामा शंकर यादव की 26 वर्षीय पत्नी और पंचरतन गांव निवासी राजदेव यादव की पुत्री सोनी देवी के रूप में हुई है। पुलिस को मृतका का शव घर के अंदर रस्सी के फंदे से लटका हुआ मिला। शव की स्थिति देखने के बाद प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। शरीर पर चोट के कोई अन्य निशान नहीं मिले हैं। 

घटना की खबर मिलते ही बासोपट्टी पुलिस दल-बल के साथ घटना स्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर पहुंचते ही छानबीन शुरू कर दी। थानाध्यक्ष इंदल यादव ने मामले की जांच करते हुए शव को फंदे से नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मधुबनी भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतका विवाहिता है और उसका शव घर में रस्सी से लटकी हालत में बरामद हुई है। मृतका सोनी देवी की करीब पांच वर्ष की एक लड़की भी है। मृतका का मायका पंचायत के ही पंचरतन गांव में है। मृतका का पति रामा शंकर यादव रोजी-रोटी के लिए कमाने के लिए बाहर गया हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार करीब एक सप्ताह से मृतका अपने घर पर नहीं थी। अचानक दो दिन पहले आई और इस तरह की घटना हुई है। थानाध्यक्ष के अनुसार अब तक स्वजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामला आत्महत्या का लग रहा है। पोस्टमार्टक के बाद शव स्वजनों को सुपूर्द कर दिया जाएगा। 

chat bot
आपका साथी