कमरे में फंदे से लटका मिला सेवानिवृत्त दारोगा के पुत्र का शव, हत्या की आशंका

अहियापुर थाना क्षेत्र के दादर जयराम नगर मोहल्ला में सौरभ कुमार (17) का शव उसके कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 14 Jul 2020 03:02 AM (IST) Updated:Tue, 14 Jul 2020 03:02 AM (IST)
कमरे में फंदे से लटका मिला सेवानिवृत्त दारोगा के पुत्र का शव, हत्या की आशंका
कमरे में फंदे से लटका मिला सेवानिवृत्त दारोगा के पुत्र का शव, हत्या की आशंका

मुजफ्फरपुर। अहियापुर थाना क्षेत्र के दादर जयराम नगर मोहल्ला में सौरभ कुमार (17) का शव उसके कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला। उसके दोनों हाथ पीछे बंधे थे। वह घर में अकेला था। उसके पिता अमरीश पांडेय सेवानिवृत्त दारोगा हैं। उन्होंने स्मैक के धंधेबाजों पर पुत्र की हत्या करने का आरोप लगाया है। एक माह पहले पुलिस की मुखबिरी का आरोप लगाते हुए स्मैक के धंधेबाजों ने उनके घर के आगे हंगामा किया था। उन्होंने हत्या के बाद आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को लटकाने का आरोप लगाया। अहियापुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

सौरभ के भाई राहुल कुमार ने बताया कि उसका परिवार इन दिनों गांव में था। इंटर की कोचिग के कारण सौरभ गांव नहीं गया था। 11 जुलाई की रात उससे बात हुई थी। उसके बाद उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। इससे कई तरह की आशंका होने लगी। सही जानकारी के लिए 12 जुलाई को पड़ोस के एक युवक को घर पर भेजा। उसे मकान का मेनगेट बंद मिला। उसने कई बार पुकारा तो जवाब नहीं मिला। इसके बाद वह वापस चला गया। इससे पूरे परिवार की चिंता बढ़ गई। रविवार की रात किराये की गाड़ी से यहां पहुंचे। मेनगेट से घर के अंदर घुसने पर दोनों दरवाजे खुले मिले। कमरे में सौरभ का शव फंदे से लटका मिला।

प्रभारी थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। हत्या और आत्महत्या दोनों बिदुओं पर जांच की जा रही है। सिकंदरपुर से लापता छात्रा का पांच दिन बाद भी नहीं मिला सुराग नगर थाना के सिकंदरपुर प्रभात जर्दा फैक्टरी रोड से लापता 12 वर्षीय छात्रा का पांच दिन बाद भी सुराग नहीं मिला है। स्वजनों को किसी अनहोनी की आशंका होने लगी है। सोमवार को उसकी मां एसएसपी ऑफिस पहुंची और अपनी पुत्री को बरामद कराने की गुहार लगाई। एसएसपी ऑफिस को एक आवेदन देकर मामले की जांच को लेकर नगर थाना पुलिस पर उदासीनता बरतने का आरोप लगाई। बताया कि आठ जुलाई को दिन के दस बजे से उसकी नाबालिग पुत्री गायब है। उसी दिन से उसका पड़ोसी युवक निरंजन भारद्वाज उर्फ राजू भी गायब है। आशंका है कि उसी पड़ोसी ने उनकी बेटी का गलत नीयत से अपहरण किया है।

chat bot
आपका साथी