साहेबगंज में गंडक का बांध टूटा, घरों में घुसा पानी

वाल्मीकिनगर बराज से छोड़े गए पानी के पहुंचते साहेबगंज में गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने लगा।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 18 Jun 2021 04:19 AM (IST) Updated:Fri, 18 Jun 2021 04:19 AM (IST)
साहेबगंज में गंडक का बांध टूटा, घरों में घुसा पानी
साहेबगंज में गंडक का बांध टूटा, घरों में घुसा पानी

मुजफ्फरपुर : वाल्मीकिनगर बराज से छोड़े गए पानी के पहुंचते साहेबगंज में गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने लगा। अब यह पानी लोगों के घरों में प्रवेश करने लगा है। लोग सुरक्षित स्थल की तलाश में घर-द्वार छोड़ कर जा रहे हैं। इस बीच, बंगरा निजामत वार्ड नंबर 6 स्थित महादलित बस्ती में देवधर चैनल का बाध टूट गया है जिससे गाव में आने-जाने का संपर्क भंग हो गया है और पानी हेलकर आने जाने को लोग मजबूर हैं। बंगरा निजामत वार्ड 6 की निवासी सुमित्रा देवी, शारदा कुमारी तथा विनय कुमार नाव के सहारे किनारे पहुंचे तो जागरण प्रतिनिधि को बताया कि गेहूं लेकर पिसवाने जा रहे हैं। आटा चक्की में पानी घुस चुका है। अब समस्या है कि भोजन का इंतजाम कैसे होगा। वहीं, वार्ड नंबर 9 भी बाढ़ के पानी से घिर चुका है। प्रशासन ने माधोपुर हजारी, बंगरा निजामत, देवसर असली, पहाड़पुर मनोरथ, रुपछपरा, हुस्सेपुर तथा हुस्सेपुरत्ती पंचायत के लोगों अलर्ट करते हुए घर छोड़कर ऊंचे स्थान पर आ जाने का आग्रह किया है। पानी बढ़ने से किसानों के समक्ष मवेशियों के चारे तथा रखरखाव की समस्या बढ़ गई है। लोग नाव के सहारे तिरहुत तटबंध पर शरण लेने पहुंच रहे हैं। पूर्व मुखिया हरेंद्र सिंह ने बताया कि पानी बढ़ने से लोग खतरे में हैं तथा उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाए। राजदेव सहनी ने सरकार से लोगों के बीच राहत कार्य प्रारंभ करने की माग की।

अगले 24 घंटे तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना, बढ़ रहा नदियों का जलस्तर

मानसून के दस्तक के साथ पिछले तीन दिन से लगातार बारिश होने के कारण उत्तर बिहार की नदियां उफान की ओर है। इस बीच गुरुवार को 22.07 मिमी बारिश हुई। आपदा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बूढ़ी गंडक का जलस्तर 48.00 मीटर पर पहुंचा है। जबकि यहां पर खतरे का निशान 52.53 मीटर है। खतरे के निशान से करीब चार मीटर नीचे बह रहा है। बागमती का जलस्तर 53.15 मीटर पर पहुंच गया है। यहा खतरे का निशान 55.23 मीटर रखा गया है।

दो दिन तक बारिश की संभावना

मौसम पूर्वानुमान में 20 जून तक मानसून सक्रिय रहेगा इसके कारण लगातार बारिश होगी। । इस दौरान 60 से 70 एमएम बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री के बीच रहेगा। जबकि न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री रहेगा। इस दौरान औसतन 15 से 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है। ठनका गिरने की भी संभावना बन रही है।

chat bot
आपका साथी