शिवहर में पार्षद पुत्र की हत्या, घटना के विरोध में सड़क जाम

हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोगों ने किया प्रदर्शन। जगह-जगह टायर जला आगजनी कर जगह-जगह किया प्रदर्शन। एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस की टीमें पहुंची मौके पर जांच जारी। तीन माह पूर्व हुई थी राजा की शादी बेलसंड विधायक की एलपीजी एजेंसी में काम करता था राजा।

By Ajit KumarEdited By: Publish:Fri, 10 Sep 2021 09:42 AM (IST) Updated:Fri, 10 Sep 2021 09:42 AM (IST)
शिवहर में पार्षद पुत्र की हत्या, घटना के विरोध में सड़क जाम
घटना के बाद भड़का आक्रोश, सड़क पर उतरे लोग। फोटो- जागरण

शिवहर, जासं। शिवहर शहर में पीट-पीटकर युवक की हत्या कर दी गई। वहीं शव को पिपराही-शिवहर मुख्यपथ में नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत हक मार्केट के पास सड़क के किनारे शव फेंक दिया गया। शुक्रवार की अलसुबह शव मिलते ही सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान शिवहर शहर के वार्ड नौ के पार्षद रामनाथ पटेल के पुत्र राजा कुमार (27) के रूप में हुई। इसके बाद स्वजनों में कोहराम मच गया। वहीं स्थानीय लोगों का आक्रोश भड़क गया। लोगों ने शिवहर-पिपराही मुख्यपथ व शिवहर जीरोमाइल समेत कई स्थानों पर सड़क जाम कर उग्र प्रदर्शन किया। साथ ही मुआवजे और कार्रवाई को लेकर आक्रोश जताया। लोगों ने जगह-जगह टायर जलाकर आक्रोश जताया। उधर, सूचना मिलते ही शहर के विभिन्न वार्ड के पार्षद व बेलसंड विधायक संजय गुप्ता समेत बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे। जबकि, एसडीपीओ संजय कुमार पांडेय व नगर थानाध्यक्ष रघुनाथ प्रसाद के नेतृत्व में मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं उसकी बाइक जब्त कर ली। पुलिस की टीम मामले की जांच कर रही है। स्थानीय लोग मामले को हत्या बता रहे है। जबकि, पुलिस हादसे में मौत बता रही है। 

नगर थानाध्यक्ष ने बताया कि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सच्चाई सामने आएगी। उन्होंने कहा कि, मामले की जांच जारी है। उधर, लोगों का सड़क जाम और प्रदर्शन जारी हैं। बताया गया हैं कि, पार्षद पुत्र राजा कुमार की तीन माह पूर्व ही शादी हुई थी। वह बेलसंड विधायक संजय गुप्ता के बेलसंड स्थित भारत गैस के एलपीजी एजेंसी में काम करता था। गुरुवार की रात वह घर नहीं पहुंचा। शुक्रवार की सुबह उसका शव हक मार्केट के पास सड़क के किनारे मिला। सिर पूरी तरह फटा और शरीर खून से सना था। जबकि, बाइक सही सलामत स्थिति में है। लिहाजा, लोग मौत की वजह हत्या बता रहे है। 

chat bot
आपका साथी