मुजफ्फरपुर में आज कोरोना टीकाकरण महाभियान में 561 केंद्रों पर दी जाएगी वैक्सीन
कोरोना टीकाकरण अभियान को गति देने के लिए सोमवार को महाभियान चलाया जाएगा। एक साथ सभी प्रखंडों में अभियान चलाया जाएगा। 16 प्रखंड व शहरी क्षेत्र मिलाकर 561 केंद्र बनाए गए हैं।
मुजफ्फरपुर। कोरोना टीकाकरण अभियान को गति देने के लिए सोमवार को महाभियान चलाया जाएगा। एक साथ सभी प्रखंडों में अभियान चलाया जाएगा। 16 प्रखंड व शहरी क्षेत्र मिलाकर 561 केंद्र बनाए गए हैं। जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डा.अजय कुमार पांडेय ने बताया कि जिले में 65 फीसद लोगों का टीकाकरण हो चुका है। 35 फीसद लोग टीकाकरण से वंचित हैं। टीकाकरण की रफ्तार को तेज करने के लिए 16 प्रखंडों व शहरी क्षेत्र में 18 व 27 अक्टूबर और 7 नवंबर को अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत सौ फीसद लोगों के टीकाकरण का निर्णय लिया गया है।
महाभियान की सफलता के लिए मास्टर प्लान तैयार किया गया हैं। सिविल सर्जन डा. विनय कुमार शर्मा बताया कि अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की तरफ से केंद्रों पर कोवैक्सीन व कोविशील्ड का टीका लगाया जाएगा। कोवैक्सीन की दूसरी व कोविशील्ड की पहली व दूसरी डोज दी जाएगी। हर पंचायत व शहरी क्षेत्र में अधिक से अधिक केंद्र बनाए गए हैं। टीका की कहीं भी कमी नहीं होगी।
पूजा पंडाल टीकाकरण अभियान में मुजफ्फरपुर पहले स्थान पर : पूजा पंडाल वाली टीका अभियान में मुजफ्फरपुर पूरे राज्य में पहले स्थान पर आया है। केयर इंडिया के जिला समन्वयक सौरभ तिवारी ने बताया कि 12 से 15 अक्टूबर तक शहर से लेकर गांव तक पूजा पंडालों में टीकाकरण अभियान चलाया गया था। पंडालों में टीकाकरण में पूर्वी चंपारण दूसरे स्थान पर है, यहां 9055 लोगों को टीका दिया गया है। मुजफ्फरपुर के पंडालों में 9,321 लोगों को वैक्सीन दी गई। तिवारी ने बताया कि पंडाल वाली टीका की रैंकिग राज्य स्वास्थ्य समिति ने की है।