पार्टी ज्वाइन करते ही बोले कीर्ति आजाद, 'मेरे और पिता के लिए बूथ पर कब्जा करते थे कांग्रेसी'

दरभंगा के सांसद कीर्ति आजाद का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्‍वागत किया। इस अवसर पर उन्‍होंने घर वापसी की बात कही। साथ ही और क्‍या क्‍या, जानिए इस खबर में।

By Ajit KumarEdited By: Publish:Tue, 19 Feb 2019 03:19 PM (IST) Updated:Wed, 20 Feb 2019 07:19 PM (IST)
पार्टी ज्वाइन करते ही बोले कीर्ति आजाद, 'मेरे और पिता के लिए बूथ पर कब्जा करते थे कांग्रेसी'
पार्टी ज्वाइन करते ही बोले कीर्ति आजाद, 'मेरे और पिता के लिए बूथ पर कब्जा करते थे कांग्रेसी'
मुजफ्फरपुर [जेएनएन]। लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में हाशिए पर रहे दरभंगा के सांसद कीर्ति झा आजाद बूथ कब्‍जा कर चुनाव जीते थे। उनके पिता के वक्‍त भी कुछ ऐसा ही हुआ था। ऐसा हम नहीं कह रहे, बल्कि खुद कीर्ति आजाद ने कहा है। कांग्रेस में शामिल होने के बाद दरभंगा में अपनी पहली सभा को संबोधित करते हुए उन्‍होंने ये बात कही।
विदित हो कि सोमवार को कांग्रेस मुख्‍यालय (दिल्‍ली) में राहुल गांधी ने कीर्ति आजाद को पार्टीकी सदस्‍यता दिलाई। इसके अगले दिन दरभंगा में पार्टी कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने उनका स्‍वागत पार्टी कार्यालय में किया। कीर्ति इस अवसर पर उन्‍हें संबोधित कर रहे थे।
कहा: कार्यकर्ताओं ने मेरे लिए कब्‍जा किया था बूथ
सांसद कीर्ति झा आजाद ने कहा कि न तो उन्‍हें कांग्रेस पार्टी में शामिल होने में कोई परेशानी हुई और न ही कांग्रेस को उन्‍हें अपनाने में, क्योंकि वे मूल रूप से कांग्रेस परिवार से ही हैं। कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उन्होंने जोश भरते हुए कहा कि आप लोग मेरे पिताजी के लिए भी बूथ कब्जा करने का काम करते थे और वर्ष 1999 में मेरे लिए भी किया था। दरअसल, उस समय बैलेट से चुनाव होता था।

अब नहीं रही अटल-आडवाणी वाली भाजपा
कांग्रेस में शामिल होने के बाद उन्होंने कहा कि भाजपा अब अटल-आडवाणी वाली नहीं रही। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार जुमलों की है। उन्‍होंने कहा कि मनमोहन सिंह के कार्यकाल में नरेंद्र मोदी भाषण देते थे कि एक सैनिक के सिर का बदला 10 पाकिस्तानी सिर काट कर लेंगे। लेकिन पुलवामा में हुई घटना के बाद भी कुछ नहीं किया। प्रधानमंत्री सैनिकों की शहादत पर राजनीति कर रहे हैं। पुलवामा कोई पहली घटना नहीं है। इससे पूर्व पठानकोट और उरी में भी आंतकी हमला हुआ और कई जवान शहीद हुए।
भ्रष्‍टाचार उजागर करने पर मिली सजा
उन्होंने कहा कि मोदी 2014 के चुनाव में भ्रष्टाचारियों को सबक सिखाने की बात कही थी। इसी विश्वास के साथ क्रिकेट में हुए चार कारोड़ के घोटाले को जब साक्ष्य के साथ उठाया तो ईनाम में 23 दिसंबर 2015 को पार्टी से हटा दिया गया। क्षेत्र में जनता 15 लाख रुपये के विषय में पूछती है कि कब मिलेगा। न रुपया मिला और न ही देश के अंदर काला धन आया।
26 साल बाद लौटा घर
कीर्ति आजाद बोले, 1998 के पहले यहां भाजपा से न तो कोई सांसद हुआ और न ही कोई संगठन था। पार्टी को सींचने का काम किया था। अब बहुत जल्द भाजपा के कई बड़े कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल होंगे। कहा कि 26 वर्षों से उनका परिवार भटक गया था। लेकिन उनके डीएनए में कांग्रेस ही है। इसलिए फिर से अपने घर में हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्‍यक्ष ने कही ये बात
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्‍यक्ष डॉ. मदन मोहन झा ने कहा कि कीर्ति झा आजाद दरभंगा से तीन बार सांसद रहे हैं। मतलब साफ हैं उनमें कुछ खास है। जनता के दर्द को और यहां की समस्याओं को वे बखूबी समझते हैं। यही कारण है कि यहां की जनता उनसे बेहद प्यार करती है। उन्होंने कहा कि कीर्ति झा आजाद और पूर्व विधायक ऋषि मिश्रा के परिवार का पार्टी में बड़ा योगदान है। इसे झुठलाया नहीं जा सकता है।

सांसद कीर्ति झा आजाद की सभा के लिए कांग्रेस कार्यालय में जो मंच बनाया गया था, वह टूट गया। इससे सभा में कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। इसके पहले सांसद कीर्ति झा आजाद के दरभंगा आगमन पर उनका जगह-जगह स्वागत किया गया।
chat bot
आपका साथी