मानसून पूर्व नालियों की होगी उड़ाही, खराब चापाकलों की मरम्मत

इस साल शहरवासियों को जलजमाव की पीड़ा नहीं झेलनी पड़े इसके लिए मानसून पूर्व शहर की सभी छोटी-बड़ी नालियों की उड़ाही होगी।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 13 Apr 2021 01:02 AM (IST) Updated:Tue, 13 Apr 2021 01:02 AM (IST)
मानसून पूर्व नालियों की होगी उड़ाही, खराब चापाकलों की मरम्मत
मानसून पूर्व नालियों की होगी उड़ाही, खराब चापाकलों की मरम्मत

मुजफ्फरपुर : इस साल शहरवासियों को जलजमाव की पीड़ा नहीं झेलनी पड़े इसके लिए मानसून पूर्व शहर की सभी छोटी-बड़ी नालियों की उड़ाही होगी। साथ ही सभी इनको अतिक्रमणमुक्त किया जाएगा। वहीं गर्मी में पेयजल की उपलब्धता बनी रहे इसके लिए शहरी क्षेत्र में लगे सभी खराब चापाकलों की मरम्मत की जाएगी। समय पर सात निश्चय योजनाओं को पूरा नहीं करने वाले संवेदक काली सूची में डाले जाएंगे और उनकी जमानत राशि जब्त की जाएगी। सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए नागरिक स्वच्छता मद की राशि से सात बॉबकट मशीनों की खरीदारी की जाएगी।

शहरी क्षेत्र स्थित निगम के सभी सार्वजनिक शौचालयों को डीलक्स के रूप में विकसित किया जाएगा। इस आशय का फैसला सोमवार को नगर निगम कार्यालय सभागार में महापौर सुरेश कुमार की अध्यक्षता में सशक्त स्थायी समिति की बैठक में लिया गया। इसमें नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रेय, समिति सदस्य एवं वार्ड पार्षद अर्चना पंडित, हरि ओम कुमार, जावेद अख्तर गुड्डू, पवन कुमार, प्रमिला देवी आदि थी। उपमहापौर मानमर्दन शुक्ला व नंद कुमार प्रसाद साह बैठक में उपस्थित नहीं रहे। इस दौरान दर्जनभर प्रस्ताव पारित किए गए।

पारित किए गए अन्य प्रस्ताव

- शहर के सभी 10 अंचल कार्यालयों व नगर निगम ऑडिटोरियम में कोरोना टीकाकरण शिविर लगाया जाएगा।

- निगम के सभी खराब ठेला की मरम्मत की जाएगी।

- जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत शहर के सभी कुओं का जीर्णोद्धार किया जाएगा। इसके लिए एजेंसी का चयन किया गया है। उसे शीघ्र कार्य शुरू करने को कहा गया है।

- अब सभी वार्डो में दो दिनों तक लगातार फॉगिंग कराई जाएगी ताकि वार्ड का कोई मोहल्ला इससे छूटे नहीं। फॉगिंग अभियान की निगरानी वार्ड पार्षद स्वयं करेंगे।

- सभी पार्षदों को अपने-अपने वार्ड में वितरण के लिए 500-500 मास्क उपलब्ध कराए जाएंगे।

- बहलखाना समेत निगम की सभी जमीन की घेरेबंदी की जाएगी।

- सात निश्चय योजना का जहां भी काम होगा वहां संवेदक को साइट बुक रखनी होगी। निगम के अभियंता एवं अधिकार निरीक्षण के दौरान उसपर अपनी टिप्पणी लिखेंगे।

- पार्षदों के घर पर दोनों पालियों में सफाईकर्मी अपनी हाजिरी बनाएंगे।

chat bot
आपका साथी