महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज बना रणक्षेत्र, एमआइटीयंस और स्थानीय लोगों झड़प, जानिए पूरा मामला... Muzaffarpur News

मुजफ्फरपुर के बेला स्थित महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज में हुई घटना परीक्षा दे निकल रहे थे विद्यार्थी। पत्थरबाजी में सिपाही गार्ड समेत दर्जनों विद्यार्थी हुए जख्मी 10 हिरासत में।

By Murari KumarEdited By: Publish:Tue, 10 Dec 2019 09:18 PM (IST) Updated:Tue, 10 Dec 2019 09:18 PM (IST)
महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज बना रणक्षेत्र, एमआइटीयंस और स्थानीय लोगों झड़प, जानिए पूरा मामला... Muzaffarpur News
महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज बना रणक्षेत्र, एमआइटीयंस और स्थानीय लोगों झड़प, जानिए पूरा मामला... Muzaffarpur News

मुजफ्फरपुर, जेएनएन। बेला स्थित महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज मंगलवार को एक घंटे से अधिक समय तक रणक्षेत्र बना रहा। परीक्षा देने पहुंचे एमआइटीयंस और स्थानीय लोगों में झड़प हुई। कॉलेज गेट के बाहर से पत्थरबाजी की गई। इसमें दर्जनों विद्यार्थी जख्मी हो गए। वहीं एक सिपाही और गार्ड भी घायल हो गया। उपद्रवियों द्वारा दस राउंड से अधिक फायरिंग की बात बताई जा रही है। स्थिति अनियंत्रित होने की सूचना पर एसएसपी जयंत कांत, एसडीओ पूर्वी डॉ. कुंदन कुमार, क्यूआरटी प्रभारी सुनील रजक समेत सैंकड़ों की संख्या में पुलिस पहुंची।

 उपद्रवियों को समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वे नहीं माने। स्थिति बिगड़ती देख उपद्रवियों को खदेडऩे के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करनी पड़ी। तब सभी भागे। इस दौरान 10 उपद्रवियों को हिरासत में लिया गया है। हालांकि पुलिस ने हवाई फायरिंग की घटना से इन्कार किया है। तनाव को देखते हुए पुलिस वहां कैंप कर रही है। घायलों को बैरिया स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले में प्राथमिकी की कवायद की जा रही है। 

यह हुई थी घटना

स्थानीय लोगों ने बताया कि महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज में एमआइटी के छात्रों का परीक्षा केंद्र था। मंगलवार को प्रथम पाली की परीक्षा समाप्त होने के बाद वे गेट से बाहर निकल रहे थे। कुछ छात्र आगे निकल चुके थे। इसी दौरान बाइक से दो स्थानीय युवक जा रहे थे। बाइक से हल्की ठोकर एक छात्र को लग गई। इसके बाद विवाद होने लगे। छात्रों ने दोनों युवकों की जमकर पिटाई कर दी। इससे आक्रोशित होकर दोनों ने अपने दर्जनों साथियों को बुला लिया। पहुंचने के साथ ही उनलोगों ने गेट के बाहर से कॉलेज में पत्थरबाजी शुरू कर दी। उस समय भी बाहर निकलने वाले छात्रों की संख्या अधिक थी। पत्थरबाजी शुरू होते सभी छात्र कॉलेज की तरफ भागे और छुपकर जान बचाने लगे। बवाल के कारण दूसरी पाली की परीक्षा आधा घंटा देरी से शुरू हुई। 

एक छात्रा की टूटी कलाई

पत्थरबाजी और भगदड़ में एक छात्रा की कलाई टूट गई। वहीं एक छात्र को भी गंभीर चोटें आई हैं। दूसरे पक्ष से दर्जनों लोगों के जख्मी होने की बात सामने आई है। पुलिस उनके नाम व पते का सत्यापन कर रही है। साथ ही किस अस्पताल में भर्ती हैं, इसका भी पता किया जा रहा है। 

छेड़खानी की बात भी आ रही सामने

दूसरे पक्ष की मानें तो स्थानीय युवकों ने परीक्षा देकर निकल रही एक छात्रा के साथ छेड़खानी की थी। इसी को लेकर वे लोग विरोध जता रहे थे। इससे उग्र होकर स्थानीय युवकों ने हमला कर दिया। पुलिस दोनों बिंदुओं पर जांच कर कार्रवाई कर रही है। 

 इस घटना के संबंध में एसएसपी जयंत कांत ने कहा कि महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज में एमआइटी की परीक्षा चल रही थी। इसी दौरान परीक्षार्थियों और स्थानीय लोगों के बीच मारपीट हुई है। दस आरोपितों को हिरासत में लिया गया है। कॉलेज में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। दोषियों को चिह्नित कर कार्रवाई की जा रही है।

chat bot
आपका साथी