हथकड़ी निकाल पुलिस जीप से कूद कर भागा जालसाजी का आरोपित, ऐसे दिया घटना को अंजाम

ब्रह्मपुरा थाना पुलिस ने किया था गिरफ्तार। एसकेएमसीएच से इलाज करा कर लौटने के समय बैरिया के निकट घटी घटना। छपरा से चार साथियों के साथ जालसाजी करने आया था यहां।

By Ajit KumarEdited By: Publish:Tue, 11 Aug 2020 09:22 PM (IST) Updated:Tue, 11 Aug 2020 09:22 PM (IST)
हथकड़ी निकाल पुलिस जीप से कूद कर भागा जालसाजी का आरोपित, ऐसे दिया घटना को अंजाम
हथकड़ी निकाल पुलिस जीप से कूद कर भागा जालसाजी का आरोपित, ऐसे दिया घटना को अंजाम

मुजफ्फरपुर, जेएनएन। जालसाजी के आरोप में गिरफ्तार सूरज कुमार ब्रह्मपुरा थाना पुलिस को चकमा देकर हथकड़ी निकाल फरार हो गया। वह सारण जिला के भगवानपुर बाजार थाना के काशी बाजार का रहने वाला था। वह मोबाइल की चोरी के आरोप में चांदनी चौक पर भीड़ के हत्थे चढ़ गया था। भीड़ ने उसकी जमकर पिटाई की थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर घायल अवस्था में सदर अस्पताल में भर्ती कराया था। बेहतर इलाज के लिए चिकित्सकों ने उसे एसकेएमसीएच रेफर कर दिया था।

जालसाजी का आरोप लगाया

ब्रह्मपुरा थाना के जमादार रमेश शर्मा उसे लेकर एसकेएमसीएच गए थे। वहां से उसका इलाज करा कर पुलिस गाड़ी से थाना वापस ला रहे थे। बैरिया गोलंबर के समीप पहुंचते ही वह हाथ से हथकड़ी सरका लिया और पुलिस जीप से कूद फरार हो गया। पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल भी बरामद किया था। उसके खिलाफ दो प्राथमिकी दर्ज की गई है। पहली प्राथमिकी जमादार विद्यानंदन सिंह ने दर्ज कराई है। इसमें उसके खिलाफ जालसाजी का आरोप लगाया गया है। दूसरी प्राथमिकी जमादार रमेश शर्मा ने दर्ज कराई है। इसमें पुलिस अभिरक्षा से फरार होने का आरोप लगाया गया है।

चांदनी चौक पर खुल गया था भेद

पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को बताया कि वह चारपहिया वाहन से चार अन्य लोगों के साथ यहां आया था। इसमें छपरा के काशी बाजार निवासी महगू डोम, विजय डोम, गुदरी बाजार निवासी लालजी डोम, चालक अजीत सिंह शामिल है। वह और उसके साथी पेपर में पैसा लपेट कर लोगों से मोबाइल सहित अन्य सामान लेकर भाग जाता है। चांदनी चौक पर एक दिव्यांग व्यक्ति से मोबाइल ले रहा था। इस दौरान भेद खुल गया। थानाध्यक्ष विश्वनाथ राम ने बताया कि सूरज व उसके साथियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।  

chat bot
आपका साथी