सीतामढ़ी में कार सवार लुटेरों ने महिला को अगवा कर लूटी रकम, एक को पुलिस ने दबोचा

Sitamarhi Crime News जिले के मेजरगंज प्रखंड में लुटेरों ने महिला को अगवा कर लूट की घटना को अंजाम दिया। बैंक ऑफ बड़ौदा मेजरगंज शाखा से 25 हजार रुपए निकासी कर लौट रही थी महिला। रीगा थानाध्यक्ष ने लुटरों को सुप्पी थाने तक पीछा किया एक बदमाश कार समेत पकड़ाया।

By Murari KumarEdited By: Publish:Wed, 25 Nov 2020 06:46 PM (IST) Updated:Wed, 25 Nov 2020 06:46 PM (IST)
सीतामढ़ी में कार सवार लुटेरों ने महिला को अगवा कर लूटी रकम, एक को पुलिस ने दबोचा
सीतामढ़ी के मेजरगंज में गिरफ्तार चालक व जब्त कार।

सीतामढ़ी, जेएनएन। जिले के मेजरगंज प्रखंड मुख्यालय में बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा से पैसा निकासी कर निकली महिला को कार सवार बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में अगवा कर लिया। महिला को मारपीट कर उसके पैसे छीन लिए और रास्ते में गाड़ी से फेंक से फेंक दिया। बसबिट्टा वार्ड 2 निवासी सुरेश साह की पत्नी बिंदु देवी के पास महज 25 हजार रुपये थे। पुलिस ने लुटेरों का पीछा किया और एक को गाड़ी समेत दबोच लिया। दो अन्य फरार हो गए।

 रीगा थानाध्यक्ष सुभाष मुखिया ने बताया कि गिरफ्तार शख्स हरेंद्र कुमार कार चला रहा था। उसके पास से 81 सौ रुपए बरामद हुए। वह सिवान जिले के बसंतपुर थाने का रहने वाला है। उसके दो अन्य साथी रास्ते में ही उतर गए थे। उनकी पहचान चकिया थाने के मोहम्मदपुर के चुनचुन यादव एवं दिनेश सहनी के रूप में हुई है। चूंकि मामला मेजरगंज थाने का है इसलिए अग्रेतर कार्रवाई के लिए केस वहां ट्रांसफर कर दिया गया है। महिला ने पुलिस को बताया कि वह अपनी बचत खाते से 25 हजार रुपए निकालकर घर जाने वाली थी।

 प्रखंड मुख्यालय स्थित चौक पर एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार(बीआर-06सीएच/5756) उसके सामने आकर रुकी और उसको अपनी कार में खींच लिया। शोर मचाना चाही तो उसका मुंह बंद कर मारपीट की। उसके रुपए छीन लिए और गाड़ी की रफ्तार तेज कर दी। सहियारा थाना क्षेत्र में महादेव पुल के समीप सुनसान स्थान पर उसको गाड़ी से धक्का देकर उतार दिया। एक राहगीर ने महिला को सड़क से उठाया। महिला की आपबीती सुनकर मोबाइल फोन से रीगा थानाध्यक्ष सुभाष मुखिया को घटना की जानकारी दी।

 थानाध्यक्ष ने सुप्पी थाने तक पीछा किया। नन्हकार सिमरदह गांव के पास गाड़ी को घेर लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि गाड़ी में तीन बदमाश थे। जिनमें से दो रास्ते में उतर गए थे। महिला ने बताया कि वह महादेव पुल के समीप सड़क के किनारे पड़ी थी। राहगीर ने मदद कर मौदह चौक तक पहुंचाया। वहां सहियारा थाना पुलिस पेट्रोलिंग कर रही थी। परंतु पुलिस ने क्षेत्राधिकार का मामला बताकर मेजरगंज पुलिस के पास जाने की नसीहत देकर अपना पल्ला झाड़ लिया।

chat bot
आपका साथी