भाजपा का लालू के राजद पर प्रहार, पार्टी 'राजकुमारों' को संभाले, चुनाव उसके बस का नहीं

भाजपा पिछड़ा मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सांसद अजय निषाद का दावा बिहार विधानसभा उपचुनाव 2021 की दोनों सीटों पर राजद कहीं भी मुकाबले में नहीं। वहां पर एनडीए के प्रत्याशी पहले भी जीते थे इस बार भी जीत‌ रहे हैं।

By Ajit KumarEdited By: Publish:Mon, 11 Oct 2021 12:42 PM (IST) Updated:Mon, 11 Oct 2021 12:48 PM (IST)
भाजपा का लालू के राजद पर प्रहार, पार्टी 'राजकुमारों' को संभाले, चुनाव उसके बस का नहीं
अजय न‍िषाद ने कहा, एनडीए के प्रत्याशी पहले भी जीते थे और इस बार भी जीत‌ रहे हैं। फाइल फोटो

मुजफ्फरपुर, [अमरेंद्र तिवारी]। बिहार विधानसभा उपचुनाव 2021 की सुगबुगाहट के बीच राजनीतिकों पर वार-प्रतिवार का दौर शुरू हो गया है। इसी क्रम में भाजपा ने राजद पर करारा प्रहार किया है। पार्टी के पिछड़ा मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सांसद अजय निषाद ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल के लोग पहले लालू के लाल को संभालें फिर अपनी पार्टी के उम्मीदवार की चिंता करेंगे। बिहार में तारापुर और कुश्वेश्वरस्थान में होने जा उपचुनाव में राजद दूर-दूर तक जनता के बीच में नहीं है। वहां पर एनडीए के प्रत्याशी पहले भी जीते थे और इस बार भी जीत‌ रहे हैं। सांसद निषाद ने उपचुनाव पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राष्ट्रीय जनता दल का महागठबंधन खंड- खंड में बट गया है। यह सब जनता देख रही है। कहीं का ईंट और कहीं का कहीं का चूना, भानुमति ने कुनबा जोड़ा वाला हाल है। किसी तरह से जोड़ कर महागठबंधन बना था। यह बिखरने के कगार पर है। सांसद ने सवाल किया कि राष्ट्रीय जनता दल में लालू प्रसाद यादव के पुत्र आपस में वर्चस्व को लेकर लड़ रहे हैं। इसके कारण पार्टी की क्या हालत होगी, यह किसी से छिपी नहीं है। कांग्रेस पार्टी का भी बुरा हाल है।

कांग्रेस पार्टी का भी बुरा हाल

कहा कि कांग्रेस पार्टी के भी नेता दो भाग में बंटे हैं। राष्ट्रीय स्तर पर जी 23 बना है। वहां भी नेताओं का क्या हाल है, सब देख रहे हैं।कन्हैया जैसे लोगों को पार्टी में बुलाकर उनका सम्मान करना पड़ रहा है। एक तरह से कांग्रेस टुकड़े टुकड़े गैंग के साथ मिलकर आगे की राजनीति करने वाली है। जनता यह भी देख रही है। जनता को मूर्ख नहीं बनाया जा सकता और इस चुनाव में जनता दोनों को जवाब देने के लिए तैयार है। सांसद ने कहा कि पहले कांग्रेस अपने गिरेबां में देखे। देश को बर्बाद करते-करते खुद ही बर्बाद हो गई। कहीं पर कोई उसका नाम लेने वाला नहीं। जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास कर रहा है। दुनिया में भारत का नाम रोशन हो रहा है। बिहार की बात करें तो बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हर वर्ग, हर समाज, हर जाति के लोगों को साथ लेकर चल रहे हैं। हर क्षेत्र का विकास हो रहा है। इसलिए उपचुनाव में जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के काम पर अपना मतदान करेगी। 

बिहार में कहीं नहीं लालू फैक्टर 

सांसद ने कहा कि बिहार में लालू फैक्टर काम नहीं करने वाला है। अगर राजद वाले कह रहे हैं कि लालू यादव आ रहे हैं तो आने दीजिए। कोई नया थोड़ी आने वाले हैं। वह लगातार प्रचार करते रहे हैं और जनता उनके काम व उनके प्रचार को देख चुकी है। इससे भाजपा गठबंधन को कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। लालू यादव तो बीस साल से प्रचार कर रहे हैं। फिर भी बिहार में नीतीश कुमार मुख्यमंत्री हैं। सरकार चल रही है। लालू यादव का करिश्मा समाप्त है। उसी तरह से उनकी पार्टी भी आने वाले दिनों में समाप्त हो जाएगी। इस उपचुनाव में एक तरह से एनडीए के पक्ष में लहर है। दोनों सीट पर भारी मतों से जीत होगी। 

chat bot
आपका साथी