कृषि विधेयक पर बोले BJP के प्रदेश प्रवक्ता- यह किसानों के लिए मील का पत्थर, विधेयक पर कांग्रेस का चरित्र दोहरा

Agriculture Bill भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रो. अजफर शम्सी ने कहा है कि विधेयक किसानों के लिए मील का पत्थर है इससे बढ़ेगी आय मिलेगा आधुनिक तकनीक का लाभ। विधेयक को लेकर कांग्रेस का दोहरा चरित्र सामने आ गया है।

By Murari KumarEdited By: Publish:Thu, 24 Sep 2020 08:26 PM (IST) Updated:Thu, 24 Sep 2020 08:26 PM (IST)
कृषि विधेयक पर बोले BJP के प्रदेश  प्रवक्ता- यह किसानों के लिए मील का पत्थर, विधेयक पर कांग्रेस का चरित्र दोहरा
द होटल पार्क में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रोफेसर अफजर शम्मी

मुजफ्फरपुर, जेएनएन। भाजपा के प्रदेश  प्रवक्ता प्रो. अजफर शम्सी ने कहा है कि कृषि विधेयक किसानों के हित में है। यह उनके लिए मील का पत्थर साबित होगा। इससे न सिर्फ उनकी आय बढ़ेगी बल्कि आधुनिक तकनीक का लाभ मिलेगा। विधेयक को लेकर कांग्रेस का दोहरा चरित्र सामने आ गया है। यूपीए सरकार के काल में कांग्रेस ने जिस विधेयक को लागू करने का प्रयास किया, लोकसभा चुनाव 2019 के अपने घोषणा पत्र में शामिल किया, आज उसे मोदी सरकार ने लागू कर दिया तो कांग्रेस विरोध कर रही है। किसानों को बरगला रही है। उनको भ्रमित कर आंदोलन को उकसा रही है। प्रो. शम्सी गुरुवार को मिठनपुरा स्थित एक होटल में मीडिया से मुखातिब थे।

 कहा कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में कभी किसानों को हित नहीं किया। जब प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी किसान एवं मजदूरों को इस विधायक के माध्यम से सबल एवं समृद्ध बना रहे हैं तो कांग्रेस को नहीं  पच रहा है। वह किसानों को न्यूनतम खरीद मूल्य एवं सरकारी खरीद खत्म हो जाने बात कर बरगला रही है। जबकि विधेयक में ऐसा कुछ नहीं है। प्रधानमंत्री स्वयं बता चुके हैं कि न्यूनतम खरीद मूल्य एवं सरकारी खरीद पहले की तरह ही जारी रहेगा।

 कांग्रेस ने 55 साल के शासन में केवल एक बार किसानों का कर्ज माफ किया। उसमें भी भारी घोटाला हुआ। 2009-10 में कांग्रेस सरकार का  कृषि बजट 12 हजार करोड़ था। जबकि मोदी की सरकार का कृषि बजट एक लाख 34 हजार करोड़  रुपये है। आत्मनिर्भर भारत के तहत एक लाख करोड़ का पैकेज किसानों के लिए है। प्रधानमंत्री किसान मान योजना के तहत 60 वर्ष से अधिक आयु के किसानों के लिए न्यूनतम तीन हजार रुपये प्रतिमाह का प्रावधान लाया गया है। 

chat bot
आपका साथी