ब‍िहार के मधुबनी में पांच लोगों की हत्‍या ने ल‍िया राजनीत‍िक रंग, तेजस्‍वी कुछ ही देर बाद यहां पहुंचेंगे

महमदपुर हत्‍याकांड के बाद राजनीत‍ि उफान पर। सत्‍ता पक्ष और व‍िपक्ष के नेता एक-दूसरे पर लगा रहे आरोप। आज तेजस्‍वी यादव इस घटना के बहाने पर कानून व्‍यवस्‍था के सवाल पर सीएम नीतीश कुमार को घेरने की कोश‍िश करेंगे। अन्‍य दलों के नेताओं के पहुंचने का क्रम जारी।

By Ajit KumarEdited By: Publish:Tue, 06 Apr 2021 01:06 PM (IST) Updated:Tue, 06 Apr 2021 01:06 PM (IST)
ब‍िहार के मधुबनी में पांच लोगों की हत्‍या ने ल‍िया राजनीत‍िक रंग, तेजस्‍वी कुछ ही देर बाद यहां पहुंचेंगे
घटना में करीब एक दर्जन आरोपितों को पुलिस जेल भेज चुकी है।

मधुबनी, जासं। मधुबनी के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र स्थित महमदपुर गांव में होली के दिन पांच लोगों की हत्या के मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया है। नेताओं के आने का सिलसिला जारी है। बयानबाजी हो रही है। अभी तक कई नेता यहां आ चुके हैं। सोमवार को पूर्व सांसद व राजद नेता रामा किशोर सिंह, शिवहर विधायक चेतन आनंद समेत अन्य नेता पहुंचे। इससे पहले पप्पू यादव भी पहुंचे थे। मंगलवार को दोपहर दो बजे नेता प्रतिपक्ष तेजस्‍वी यादव पहुंचेंगे। घटना में करीब एक दर्जन आरोपितों को पुलिस जेल भेज चुकी है। दो मुख्य आरोपितों के घर कुर्की भी की जा चुकी है। कई आरोपितों के घर पुलिस ने इश्तेहार चस्पा किया है। शेष आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है।

नीतीश राज में अपराधियों की खैर नहीं

झंझारपुर के जदयू सांसद आरपी मंडल ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के शासन में बिहार में कानून का राज कायम है। अपराध के मुद्दे पर नीतीश सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर हमेशा से कायम है। बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के महमदमुर गांव में घटी हत्याकांड ने मानवता को शर्मसार किया है। हत्याकांड में संलिप्त अपराधियों को स्पीडी ट्रायल चलवाकर शासन-प्रशासन कठोर सजा दिलाएगी। कहा कि नीतीश कुमार के शासन में अपराधियों की खैर नहीं है, चाहे अपराधी कितना भी रसूख वाला क्यों न हो। सांसद ने मृतकों के स्वजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि उक्त हत्याकांड मधुबनी जैसे शांतप्रिय जिला के लिए कलंक के समान है। इस घटना ने मधुबनी जिला की गरिमा को रक्तरंजित किया है।

अपराधियों की नहीं होती कोई जाति-धर्म

पूर्व केंद्रीय मंत्री देवेंद्र प्रसाद यादव ने महमदपुर गांव जाकर पीडि़त परिवार से मिल सामुहिक हत्याकांड को दुखद व हृदय विदारक बताया। कहा कि अपराधियों को स्पीडी ट्रायल के माध्यम से कठोर से कठोर सजा दी जाए। कहा कि सामुहिक हत्याकांड की घटना में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। कहा कि अपराधियों की कोई जाति व धर्म नहीं होता है।

महमदपुर हत्याकांड सरकार व प्रशासन के लिए कलंक

जहानाबाद के पूर्व सांसद अरुण कुमार ने कहा कि सूबे की सरकार अपराध के बल पर सत्ता में है। महमदपुर सामूहिक हत्याकांड दर्दनाक है। सरकार के चुप्पी पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस प्रशासन पर प्रश्न खड़ा हो रहा है। घटना के आठ दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस मुख्य आरोपित को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। सत्ता के संरक्षण में अपराध की घटना हो रही है। जो भी पुलिस पदाधिकारी लापरवाह पाए गए, उनके विरूद्ध हत्या का मामला दर्ज होना चाहिए। महमदपुर का सामुहिक हत्याकांड सरकार व प्रशासन के लिए कलंक है।

राजनीतिक संरक्षण व भागीदारी की हो विशेष जांच 

राजद जांच टीम के सदस्य सह राजद विधायक चेतन आनंद ने कहा कि महमदपुर कांड में कुछ नए खुलासे सामने आए हैं। पीडि़त परिवार का स्पष्ट मानना है कि इसमे एक मंत्री औऱ विधायक की संलिप्तता है। आरोपित प्रवीण झा जिनके लिए जमीन कब्जाने का काम करता रहा है। इसके कई साक्ष्य उपलब्ध हैं। मछली, शराब, हथियार आदि के वैध-अवैध धंधों में भी उसकी संलिप्तता रही है।

अपराधी-प्रशासन की मिलीभगत का परिणाम सामूहिक हत्याकांड

पूर्व सांसद रामा स‍िंह ने कहा कि इस सामूहिक हत्याकांड में प्रशासन के पदाधिकारी पर भी हत्या का मुकदमा होनी चाहिए। राजनीतिक संरक्षण देने वाले पर भी त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए। कहा, नीतीश की सरकार गुंडे व मवालियों की सरकार है। इतनी बड़ी सामुहिक हत्या के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मौन हैं। यदि इस हत्याकांड में पीडि़तों को न्याय नहीं मिला तो बिहार में ऐसा आंदोलन खड़ा होगा, जिसकी कल्पना सरकार नहीं कर सकती है।

पुलिस तत्पर रहती तो नहीं होती इतनी बड़ी घटना

पूर्व केंद्रीय मंत्री व कांग्रेस नेता डॉ. शकील अहमद और पूर्व मंत्री कृपानाथ पाठक ने महमदपुर गांव पहुंचकर पीडि़त परिवार से मिल घटना को दुखद बताया है। डॉ. अहमद ने कहा कि पुलिस प्रशासन तत्पर रहती तो इतनी बड़ी घटना नहीं होती। सामूहिक हत्या की घटना से मिथिला की बदनामी हुई है। होली के दिन हुई गोलीबारी की घटना में पांच लोगों की मौत हो गई है। घर उजड़ गए हैं। परिवार के बच्चे अनाथ हो गए हैं। इस घटना ने समाज को कलंकित किया है। कानून अपना काम कर रही है। इस हत्याकांड में संलिप्त अपराधी को कठोर से कठोर सजा मिलना चाहिए।  

chat bot
आपका साथी