Bihar Flood: उत्तर बिहार में बाढ़ का कहर गहराया, तीन तटबंध टूटे, बगहा में बहकर आया मगरमच्छ

Bihar Flood उत्तर बिहार में नदियां उफान पर हैं। पानी के दबाव से तटबंध टूट व रिस रहे हैं। बाढ़ के कारण लोगों में भय व्‍याप्‍त है। पूरी जानकारी के लिए पढ़ें खबर।

By Amit AlokEdited By: Publish:Mon, 13 Jul 2020 10:04 PM (IST) Updated:Tue, 14 Jul 2020 10:49 PM (IST)
Bihar Flood: उत्तर बिहार में बाढ़ का कहर गहराया, तीन तटबंध टूटे, बगहा में बहकर आया मगरमच्छ
Bihar Flood: उत्तर बिहार में बाढ़ का कहर गहराया, तीन तटबंध टूटे, बगहा में बहकर आया मगरमच्छ

मुजफ्फरपुर, जागरण टीम। उत्तर बिहार में सोमवार को भी बारिश और बाढ़ का कहर जारी रहा। नदियां उफान पर रहीं। मधुबनी जिले में एक और पूर्वी चंपारण में दो तटबंध टूट गए। जबकि, दरभंगा में नए पुल का एक हिस्सा कमला नदी में बह गया। वहीं समस्तीपुर में बारिश के दौरान घर गिरने से एक महिला की मौत हो गई। सीतामढ़ी में बाढ़ के पानी में डूबने से दो लोगों की मौत की खबर है। मधुबनी में एक वृद्ध पानी में बह गया। बगहा शहर में एक मगरमच्छ बहकर आ गया। इससे घंटों अफरातफरी मची रही।

पश्चिम चंपारण के दो दर्जन गांव जलमग्‍न

पश्चिम चंपारण जिले के मधुबनी, भितहां, पिपरासी और ठकराहां प्रखंड के दो दर्जन गांव जलमग्न हो गए हैं। लोग ऊंचे स्थानों पर रह रहे हैं। नौतन और योगापट्टी प्रखंड के दियारे में गंडक की तबाही जारी रही। धारमहुई में मसान नदी का तेज कटाव जारी रहा। गंडक का जलस्तर 2.73 लाख क्यूसेक पर पहुंच गया है। गंडक बराज के सभी फाटक पूरी तरह उठा दिए गए हैं। अभियंताओं की टीम कैंप कर रही है।

बगहा में बहकर आया मगरमच्‍छ, अफरातफरी

गंडक नदी की बाढ़ में बहकर एक मगरमच्छ बगहा शहर के शास्त्रीनगर में पहुंच गया। उसने दो मेमनों का शिकार किया। बचाने गए दो लोग भी घायल हो गए। कड़ी मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम साथ ले गई।

पूर्वी चंपारण के अरेराज में तटवर्ती इलाकों में पानी

पूर्वी चंपारण के अरेराज में गंडक नदी के तटवर्ती इलाकों में पानी फैल गया है। आदापुर प्रखंड के कई गांवों में पानी फैल गया है। सोनरा टोला के सामने बंगरी नदी पर बना बांध टूट गया। इससे सोनरा टोला, महादलित बस्ती व चैनपुर गांव में पानी फैल गया है। कोरैया एसएसबी कैंप पसाह और मरधर नदी के पानी से घिर गया है। सड़क संपर्क भंग हो गया है। हजारों एकड़ में लगी धान, अरहर व मकई की फसल डूब गई है। छौड़ादानो के नरकटिया गांव के सामने दुधौरा नदी का तटबंध टूट गया है। दुधौरा और पसाह का पानी बंजारी, भगड़ी गांव में प्रवेश कर गया है। बंजारी गांव के सामने सड़क पर तीन फीट पानी बह रहा है।

मधुबनी में कमला बलान खतरे के निशान से ऊपर

मधुबनी के झंझारपुर में कमला बलान खतरे के निशान से 2.60 मीटर ऊपर है। भुतही बलान भी नदी खतरे के निशान की ओर है। लौकही प्रखंड के नरहिया चतरा पट्टी के पास बिहुल नदी का बांध टूट गया है। कई जगह सड़क भी ध्वस्त हो गई। बाबूबरही प्रखंड के मुरहदी पैक्स अध्यक्ष के पिता मोतीलाल दास कमला नदी की तेज धारा में बह गए। उनकी तलाश जारी थी।

समस्तीपुर में बूढ़ी गंडक व गंगा के जलस्तर में वृद्धि

समस्तीपुर में बूढ़ी गंडक और गंगा नदी के जलस्तर में वृद्धि जारी रही। कल्याणपुर में बागमती नदी तेजी से बढ़ रही है। भारी बारिश के दौरान घर गिरने से सिंघिया थाना क्षेत्र के जीवाडेली गांव में एक महिला की मौत हो गई।

सीतामढ़ी के नए इलाकों में घुसने लगा पानी

सीतामढ़ी जिले के नए इलाकों में पानी घुसने लगा है। बाढ़ के पानी डूबने से दो की मौत हो गई। सोनबरसा, सुरसंड, भिट्ठा मोड़ और रुन्नीसैदपुर में पानी तेजी से फैल रहा है। बागमती नदी खतरे के निशान से ऊपर है। लखनदेई नदी में बाढ़ से सीतामढ़ी शहर पर भी खतरा बढऩे लगा है।

दरभंगा में कमला नदी के पश्चिमी तटबंध में रिसाव

दरभंगा जिले में ठेगहा गांव के पास नवनिर्मित ह्यूमपाइप पुल का एक हिस्सा कमला नदी की तेज धारा में बह गया है। तराडीह के देवना के पास कमला नदी के पश्चिमी तटबंध में रिसाव हो रहा है।

मुजफ्फरपुर के 12 सौ घरों में घुसा बागमती का पानी

मुजफ्फरपुर में बागमती, लखनदेई, गंडक, बूढ़ी गंडक समेत अन्य नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बागमती का पानी औराई के 12 सौ घरों में घुस गया है।

chat bot
आपका साथी