Bihar Chunav 2020: धर्मेंद्र प्रधान ने कहा- बिहार की जनता को विकास चाहिए, जंगलराज नहीं

बिहार चुनाव में रोमांच काफी बढ़ गया है। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री ने नेता प्रतिपक्ष पर कसा तंज - जिनके माता-पिता ने बिहार को बर्बाद किया वे नौकरी का झांसा दे कर रहे लोगों को गुमराह कर चुनाव जीतना चाह रहे हैं।

By Prateek KumarEdited By: Publish:Thu, 29 Oct 2020 06:47 PM (IST) Updated:Thu, 29 Oct 2020 08:23 PM (IST)
Bihar Chunav 2020: धर्मेंद्र प्रधान ने कहा- बिहार की जनता को विकास चाहिए, जंगलराज नहीं
यूपी के सांसद व अभिनेता रवि किशन बोले, जनता पूछे कि कोरोना काल में कहां थे जंगलराज के युवराज।

बेनीपट्टी (मधुबनी), संवाद सहयोगी। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि बिहार की जनता को विकास चाहिए, जंगलराज नहीं। चुनाव में जंगलराज के युवराज घूम रहे हैं। बिहार के विकास के लिए एनडीए की सरकार जरूरी है। वे बेनीपट्टी विधानसभा के एनडीए प्रत्याशी पीएचईडी मंत्री विनोद नारायण झा के समर्थन में लोहा उच्च विद्यालय मैदान में आयोजित चुनावी सभा में बोल रहे थे। उन्‍होंने आगे कहा कि अब लालटेन युग समाप्त हो गया है। हर घर में बिजली पहुंच गई है। जिसके माता-पिता ने बिहार को बर्बाद किया, आज वे नौकरी देने की बातें कर लोगों को गुमराह कर रहे हैं।

पीएम ने देश को बढ़ाया आगे

पीएम नरेंद्र मोदी ने देश को मोबाईल, कंप्यूटर व अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ाने का काम किया है। गरीब एवं असहाय लोगों को हर प्रकार की सुविधाएं दी जा रही है। 11 करोड़ किसानों को हर वर्ष छह हजार दिया जा रहा है। इनमें 72 लाख बिहार के किसान शामिल हैं। बिहार का बेहतर भविष्य एनडीए की सरकार के हाथ में है।

कोरोना काल में कहां थे जंगलराज के युवराज : रवि किशन

गोरखपुर के सांसद व फिल्म अभिनेता रवि किशन ने कहा कि लाेगों को पूछना चाहिए कि जंगलराज के युवराज कोरोना काल में कहां थे। देश के पीएम नरेंद्र मोदी ने कोरोना काल में गरीबों को मुफ्त अनाज एवं शौचालय दिया है। गरीब महिलाओं को खाना बनने के लिए गैस दिया है। इलाज के लिए आयुष्मान भारत योजना से पांच लाख रुपये देने का काम किया है। कहा कि जंगलराज के युवराज के माता-पिता के पंद्रह साल के जंगलराज को अभी तक बिहार की जनता भूल नहीं पाई हैं। महाराष्ट्र में कांग्रेस की सरकार है। सुशांत सिंह राजपूत के मौत के बाद एफआईआर दर्ज नहीं की।

डबल इंजन की सरकार का काम बेमिसाल : विनोद

पीएचईडी मंत्री व भाजपा प्रत्याशी विनोद नारायण झा ने कहा कि बिहार का बेहतर भविष्य एनडीए की सरकार के हाथ में है। डबल इंजन की सरकार ने बिहार में जो विकास किया है वह अपने आप में बेमिसाल है। राजद के 15 साल के शासन में बिहार अपहरण व अपराध के नाम से जाना जाता था, लेकिन एनडीए की सरकार में बिहार में शांति व कानून का राज स्थापित है। इस अवसर पर यूपी के विधायक पल्टू राम, भाजपा के जिलाध्यक्ष शंकर झा, जदयू के वरिष्ठ नेता डॉ. अमरनाथ झा, भाजपा महिला मोर्चा के जिलाध्यक्ष खुश्बू कुमारी, जदयू नेता शशिभूषण सिंह, जिला उपाध्यक्ष गुलाब साह, जदयू नेता कमलेश कुमार झा, भाजपा नेता वरुण सिंह, मंडल अध्यक्ष संतोष भगत, विमल झा, शिवशंकर पांडेय सहित अन्य लोगों ने भी सभा को संबोधित किया।

chat bot
आपका साथी